'चीन को क्लीन चिट देना बंद कीजिए़', अरुणाचल बॉर्डर पर तनाव के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी से पूछे 3 सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था कि कांग्रेस को सशस्त्र बलों पर पूरा भरोसा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘विपक्ष पर हमला करने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी को संसद और देश को विश्वास में लेना चाहिए।’’

'चीन को क्लीन चिट देना बंद कीजिए़', अरुणाचल बॉर्डर पर तनाव के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी से पूछे 3 सवाल
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार के विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उन्होंने भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर पर हुए टकराव को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है। मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार केंद्र सलाह देते हुए कहा कि चीन को क्लीन चिट देना बंद कर देना चाहिए। खड़गे ने पीएम मोदी से देश को सच बताने की भी अपील की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मामले को लेकर मोदी सरकार से तीन सवाल भी किए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा की बात की है।

खड़गे का पीएम मोदी से सवाल

खड़गे ने एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी पर तंज कसते हुए लिखा, 'चीन को क्लीन चिट देना बंद कीजिए। प्रधानमंत्री मोदी को देश के सामने सच सामने लाना चाहिए। उन्हें तीन सवालों के जवाब देने चाहिए।' कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और राजनयिक जवाबदेही से जुड़े सवाल किए हैं।

उन्होंने आईटीबीपी के महानिदेशक द्वारा अरुणाचल प्रदेश में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के साथ टकराव संबंधी टिप्पणी का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या डोकलाम और गलवान के बाद एक और गंभीर टकराव की स्थिति पैदा हो रही है?

खड़गे ने कहा कि अगस्त में ताकसिंग के निकट चीनी घुसपैठ की खबरें सामने आई थीं और वाचा-दमाई में कोर कमांडर स्तर की बातचीत के 47 दिन बाद भी कथित टकराव जारी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत की गश्त की पहुंच प्रभावित हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। देश को इस बारे में अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है?’’


खड़गे ने इकोनॉमिक सिक्योरिटी को लेकर क्या कहा

उन्होंने आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि वित्त वर्ष 2020-21 के बाद चीन से आयात में 102 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और व्यापार घाटा बढ़कर 112.16 अरब डॉलर हो गया है।

खड़गे का कहना था कि कांग्रेस को सशस्त्र बलों पर पूरा भरोसा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘विपक्ष पर हमला करने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी को संसद और देश को विश्वास में लेना चाहिए।’’

पवन खेड़ा ने सरकार पर साधा निशाना 

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सीमा प्रबंधन में भी समर्पण कर दिया है।

खेड़ा ने कपूर के बयान का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ये दिखाता है कि मोदी सरकार की क्या हालत है? जब प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया को मैसेज देने का मंच मिलता है तो वहां 'लाल आंख' दिखाने के बजाय विपक्ष को बुरा-भला कहते हैं।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘आखिर नरेन्द्र मोदी को किस बात का डर है? चीन के पास मोदी का ऐसा कौन सा राज है, जो ये बिछ जाते हैं? मोदी की चीन के साथ कई मुलाकातें हुई, इसके बावजूद उन्होंने लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश जैसे संवेदनशील मुद्दों को क्यों नहीं उठाया?’’

खेड़ा ने कहा कि देश अब प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांग रहा है।


गौरतलब है कि आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने हाल ही में बयान दिया कि भारत और चीन के बीच काफी वक्त से टकराव चल रहा है। भारत-चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर फेसऑफ भी हुआ। उनके इस बयान के बाद सियासी बवाल मच गया है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए