समय से पहले गर्मी का एहसास! देश के इन हिस्सों में बढ़ रहा तापमान, हरियाणा-पंजाब में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और मेघालय समेत कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। वहीं दिल्ली सहित कई राज्यों में हल्की हवाएं चल रही हैं।

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। अधिकांश राज्यों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। हिमाचल प्रदेश और मेघालय समेत कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। वहीं दिल्ली सहित कई राज्यों में हल्की हवाएं चल रही हैं।
कई राज्यों में बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
14 और 15 फरवरी के दौरान कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों, गोवा और महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में गर्मी का असर अधिक रहने की संभावना है।
तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
इसी तरह महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है, जिसके बाद तीन दिनों तक हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। साफ है कि अब ठंड का असर कम होता जा रहा है और दिन में गर्मी महसूस होने लगी है।
देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस सीकर में दर्ज किया गया।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 16 फरवरी 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
14 और 15 फरवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा 17 फरवरी को उत्तरी राजस्थान और 16-17 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी गरज और बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक रहने की संभावना है। राजधानी में अब रात के समय भी हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia