West Bengal Voter List: पश्चिम बंगाल के मतदाताओं के लिए जरूरी खबर, 23 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
यह प्रक्रिया विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत की जाएगी और इसके लिए एक जनवरी, 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है, जिसके तहत इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोग मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकेंगे।

पश्चिम बंगाल के मतदाताओं के लिए जरूरी खबर, 23 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
23 नवंबर को प्रकाशित होगी पश्चिम बंगाल की मसौदा मतदाता सूची, 16 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट
निर्वाचन आयोग 23 नवंबर को पश्चिम बंगाल की मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित करेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 16 जनवरी, 2027 को जारी की जाएगी। शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, यह प्रक्रिया विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत की जाएगी और इसके लिए एक जनवरी, 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है, जिसके तहत इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोग मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता 23 नवंबर से 22 दिसंबर के बीच दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आवेदनों का निपटारा आठ जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।
बयान में कहा गया कि लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर के निर्धारित मतदान केंद्रों पर 28 और 29 नवंबर तथा पांच, छह, 12, 13, 19 और 20 दिसंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
इन दिनों में बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को नए पंजीकरण, विवरण में सुधार तथा दावे और आपत्तियां दर्ज कराने में मदद करेंगे।मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) से भी इस प्रक्रिया में भाग लेने को कहा गया है।
सीईओ कार्यालय ने पात्र नागरिकों, विशेष रूप से एक जनवरी, 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाताओं से मसौदा मतदाता सूची में अपना विवरण जांचने और निर्धारित अवधि के भीतर पंजीकरण या सुधार के लिए आवेदन करने की अपील की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
