26 नवंबर: लहुलुहान लोकतंत्र और संविधान पर कुठाराघात की पीड़ा का दिवस बना

नागरिकों के मन में अपने संविधान के प्रति आस्था और आभार के साथ ही इस बार आशंकाएं भी जुड़ी हैं। क्योंकि, मौजूदा सरकार का संवैधानिक संस्थाओं के साथ जैसा रवैया है, उसने बहुत से सवाल खड़े कर दिए हैं।

Getty Images
i

26 नवंबर को हमारे देश ने संविधान दिवस मनाया, क्योंकि संविधान ने ही भारत को लोकतांत्रिक गणराज्य बनाया। प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार देकर, उसे सत्ता का नियंता होने की गरिमा से मंडित किया। इसी संविधान की रचना के लिए स्वाधीनता के बाद एक निर्वाचित संविधान सभा का गठन हुआ था। पहली बार संविधान सभा की मांग 1895 में बाल गंगाधर तिलक ने उठाई थी और पांचवी तथा अंतिम बार 1938 में जवाहरलाल नेहरू ने न केवल मांग को दोहराया था, बल्कि संविधान सभा बनाने का निर्णय भी लिया था।

इसके सदस्य चुनने के लिए जुलाई 1946 में चुनाव सम्पन्न हुआ और संविधान सभा के सदस्य वयस्क मताधिकार के आधार पर अप्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित हुए थे। बंटवारे के बाद कुल 389 सदस्यों में से भारत में 299 सदस्य ही रह गए थे। इनमे 229 चुने हुए और 70 मनोनीत सदस्य थे। कुल महिला सदस्यों की संख्या 15, अनुसचित जाति के 26 और अनुसूचित जनजाति के 33 सदस्य थे।

स्ंविधान सभा के निर्माण का एक ऐतिहासिक पक्ष भी है। द्वितीय विश्वयुद्ध की समाप्ति के बाद जुलाई 1945 में ब्रिटेन में जेम्स एटली के नेतृत्व में नई सरकार बनी थी। इस सरकार ने भारत सम्बन्धी अपनी नई नीति की घोषणा की तथा एक संविधान निर्माण करने वाली समिति बनाने का निर्णय लिया। भारत की स्वतन्त्रता के प्रश्न का हल निकालने के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कैबिनेट के तीन मंत्रियों लॉरेन्स, क्रिप्स तथा एलेक्जेन्डर के दल को कैबिनेट मिशन के नाम से भारत भेजा था।

 संविधान सभा ने अपना कार्य 1 दिसम्बर, 1946 से शुरु किया। जवाहरलाल नेहरू, डॉ राजेन्द्र प्रसाद, भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे स्वाधीनता सेनानी इसके प्रमुख सदस्यों में से थे। सच्चिदानन्द सिन्हा इस सभा के प्रथम सभापति हुए किन्तु बाद में डॉ राजेन्द्र प्रसाद को सभापति निर्वाचित किया गया और भीमराव आंबेडकर को निर्मात्री समिति का अध्यक्ष चुना गया था। संविधान सभा ने 2 वर्ष, 11 माह, 18 दिन में कुल 114 दिन बैठक की थी। इसकी बैठकों में प्रेस और जनता को भाग लेने की पूरी स्वतन्त्रता प्रदान की गई थी। संविधान सभा के सदस्य ही भारत की प्रथम संसद के सदस्य बने।

भारत को गणराज्य बनाने वाले महान संविधान के प्रति आस्था और आभार प्रकट करने के लिए ही संविधान दिवस मनाया जाता है। पर इस बार नागरिकों के मन में अपने संविधान के प्रति आस्था और आभार के साथ आशंकाएं भी जुड़ी रहीं। संवैधानिक संस्थाओं के साथ मौजूदा सरकार का जैसा रवैया है, उसने बहुत से सवाल खड़े कर दिए हैं। लोकतंत्र में जनता के द्वारा चुने गए सांसद ही बहुमत के आधार पर सरकार बनाते हैं।


स्वतंत्र और निष्पक्ष विधि से चुनाव कराने के लिए संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना 25 जनवरी 1950 की गई थी। यह एक स्वायत्त एवं अर्ध-न्यायिक संस्थान है। आरंभ में 15 अक्टूबर, 1989 तक केवल मुख्य निर्वाचन आयुक्त सहित यह एक एकल-सदस्यीय निकाय ही था लेकिन चुनाव आयुक्त संशोधन अधिनियम 1989 के बाद इसे एक बहु-सदस्यीय निकाय बना दिया गया।

16 अक्टूबर, 1989 से 1 जनवरी, 1990 तक यह तीन सदस्यीय आयोग रहा। इसके बाद 2 जनवरी, 1990 से 30 सितम्बर, 1993 तक यह फिर से एक-सदस्यीय आयोग हुआ और 1 अक्टूबर, 1993 से पुनः तीन-सदस्यीय आयोग बना दिया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति भारत के राष्ट्रपति के द्वारा की जाती है। उनका सम्मान और वेतन भारत के सर्वोच्च न्यायलय के न्यायधीश के बराबर होता है और मुख्य चुनाव आयुक्त को संसद द्वारा महाभियोग के जरिए ही हटाया जा सकता है।

मोदी सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त तथा अन्य आयुक्तों के चयन के लिए 2023 में ‘द चीफ इलेक्शन कमिश्नर एंड अदर इलेक्शन कमिश्नर एक्ट’ लेकर आई थी। चयन करने वाले पैनल में प्रधानमंत्री अध्यक्ष थे, जबकि इसके एक सदस्य गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे सदस्य नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी थे। इस तरह इस पैनल में सरकार का बहुमत था और वह अपनी मर्जी का मुख्य चुनाव आयुक्त चुन सकती थी।

पहले की व्यवस्था के मुताबिक पैनल में किसी मंत्री के बजाय सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हुआ करते थे, परंतु नए नियम के तहत उन्हें हटा दिया गया था। राहुल गांधी ने ऐसे पैनल पर ही अपनी आपत्ति दर्ज करा दी थी, परंतु उसे नजरअंदाज करते हुए ज्ञानेश कुमार को वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त बनाने का फैसला आधी रात को किया गया था, जबकि नए अधिनियम के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई विचाराधीन थी।

भारतीय संविधान को चोट पहुंचाने का यह कोई पहला और अंतिम मामला नहीं है। इसके बाद तो जैसे संविधान और संवैधानिक संसथाओं को नष्ट करने का खेल ही आरंभ हो गया। सत्तारूढ़ों के द्वारा चुनावी प्रक्रिया को नष्ट किया जा रहा है, अपने हितों के लिए नियमों को तोडा़-मरोड़ा जा रहा है। इसके लिए फर्जी मतदाता सूचियां बनाई गईं, करोड़ों मतदाताओं को वोटर लिस्ट से बाहर निकाल कर उनकी नागरिकता को ही संशय में डाला गया। ईवीएम जलाने और उनका दुरुपयोग किए जाने की खबरें आईं।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां सत्ता का लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण हमारे गांवों तक है। हमारे देश में बहुदलीय प्रणाली है और पंचायती राज व्यवस्था के चलते ग्रामों, विकासखंडों, जिलों तथा नगरों की अपनी चयनित शासन व्यवस्थाएं हैं। लोकतंत्र तभी जीवंत और दीर्घजीवी हो सकता है, जब उसमें पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही की सर्वोच्च आकांक्षा भी हो।


आज हमारे संविधान और लोकतंत्र का दुनिया भर में मजाक उड़ाया जा रहा है। अमेरिका स्थित फ्रीडम हाउस ने 2021 में प्रकाशित अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र होने का दर्जा गवां चुका है। स्वीडन की गोथेनबर्ग यूनिवर्सिटी के संस्थान, वैरायटीज ऑफ डेमोक्रेसी (वी-डेम) ने भारत को उन देशों की सूची में रखा है जो निरंतर गिर रही अधिनायकवादी व्यवस्था बन गए हैं। उसका कहना है कि भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया देश को ‘चुनावी निरंकुशता’ में बदल डालने की खातिर ‘तेज गिरावट की राह’ पर है। इस रिपोर्ट में पाकिस्तान की बगल में भारत को रखते हुए कहा गया है कि, ‘भारत अब उतना ही निरंकुश है, जितना कि पाकिस्तान। भारत की दशा  उसके पड़ोसियों नेपाल और बंगलादेश से भी बदतर है। सामान्य तौर पर भारत में सरकार ने आलोचकों को चुप कराने के लिए राजद्रोह, मानहानि और आतंकवाद विरोधी कानूनों का इस्तेमाल किया है।’

स्टीवन लेवित्स्की और डैनियल जिब्लैट ने अपनी किताब ‘हाउ डेमोक्रेसीज डाई’ में बताया है कि ‘चुने हुए अधिनायकवादी उन्हीं लोकतांत्रिक संस्थानों को कैसे चूर-चूर करते हैं, जिन्हें मर्यादित रखने की जिम्मेदारी उन्हीं की होती है। कुछ राजनेता तो इसे एक झटके में कर देते हैं, परंतु ज्यादातर लोकतंत्र पर हमला धीरे-घीरे क्रमिक रूप से होता है। अक्सर अपने आरंभिक चरणों में तो वह दिखाई ही नहीं देता। चुनाव होते रहते हैं। विपक्षी राजनेता संसदों में बैठते हैं। समाचार पत्र प्रसारित होते हैं। हर कदम मामूली ही लगता है और लोकतंत्र को नष्ट करने वाले सरकारी कदम वैधता का नकाब ओढ़े रहते हैं।’

जरा सोचकर देखिए कि क्या हमारे देश में यही नहीं हो रहा है। संविधान को क्रमशः व्यर्थ बनाया जा रहा है। ऐसे प्रयत्न जारी हैं, जो उसे निर्मूल्य ही बना दें। खास तौर पर संविधान के भाग तीन यानी मौलिक अधिकार और भाग चार यानी राज्य नीति के निर्देशक सिद्धांत जो भारत को एक कल्याणकारी राज्य होने की गरिमा प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय चुनाव आयुक्तों की बैठक बुलाने की धृष्टता करता है और चुनाव आयुक्त संवैधानिक सर्वोच्चता को ताक पर रखते हुए अपने सिर नवा कर हाजिरी देने की तत्परता दिखाते हैं। अपने स्वार्थों की पूर्ति और हितों के संरक्षण के लिए सैन्य-ग्रेड स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करते हुए पकड़े जाने पर सरकार बेशर्मी से झूठ बोलने में भी गुरेज नहीं करती। 

भारत के बारे में ऐसी अंतरराष्ट्रीय राय बन चुकी है के भारत तेजी के साथ एक ‘जातीय लोकतत्र’ में तब्दील होता जा रहा है, जहां पर बहुसंख्यक समुदाय की पहचान राष्ट्र के साथ जोड़कर की जाती है और धार्मिक अल्पसंख्यकों को उनकी नागरिक हैसियत से हटा देने के प्रयास किए जाते हैं। उन्हें निगरानी समूहों के माध्यम से परेशान किया जाता है। वोटर लिस्ट से बड़ी तादाद में मतदाताओं को हटाने जैसे कृत्यों के साथ ईवीएम के माध्यम से होने वाले चुनाव संदेह के दायरे में हैं। इसमें तकनीकी तरीकों से छेड़छाड़ किए जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकत

इस बार का संविधान दिवस केवल एक अमूर्त स्मृति मात्र नहीं रहा, उसके आयोजन के साथ पिछले कई सालों से देश में घट रही ऐसी घटनाओं से वह आरक्त भी रहा, जिन्होंने हमारे संविधान को लहुलुहान किया है। उसकी मर्यादा और सर्वोच्चता को धूल में मिलाने के सचेत अपराधिक कृत्य किये हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए