World Cup के बीच नेपाल फुटबॉल एसोसिएशन पर गिरी गाज! FIFA ने किया निलंबित, जानें किस गलती की मिली सजा
यह निर्णय नेपाल में फुटबॉल के संचालन और प्रशासन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद लिया गया है।

FIFA ने बाहरी हस्तक्षेप से संबंधित अपने नियमों के उल्लंघन के कारण All Nepal Football Association को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय नेपाल में फुटबॉल के संचालन और प्रशासन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद लिया गया है। इससे पहले National Sports Council ने एएनएफए को तीन माह के लिए निलंबित किया था, हालांकि बाद में उस निर्णय को वापस ले लिया गया था। फीफा ने अपने बयान में कहा कि उसकी परिषद के कार्यकारी समूह ने नियमावली के अनुच्छेद 14 की उपधारा 1(आई) और उपधारा 3 के उल्लंघन के आधार पर यह कार्रवाई की है।
फीफा ने क्या कहा?
फीफा द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, काउंसिल के ब्यूरो ने 24 जून 2026 को बैठक के बाद यह कड़ा कदम उठाया है और नेपाल पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। फीफा के इस निलंबन के बाद अब नेपाल की कोई भी टीम या वहां के स्थानीय क्लब, फीफा और एशियाई फुटबॉल परिसंघ (AFC) द्वारा आयोजित किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा, इस प्रतिबंध का असर नेपाल में जमीनी स्तर पर होने वाले फुटबॉल के विकास पर भी पड़ेगा। अब एंफा, उसके सदस्यों और अधिकारियों को फीफा या एएफसी की तरफ से मिलने वाले डेवलपमेंट प्रोग्राम, ट्रेनिंग सेशन और शैक्षणिक कोर्स का कोई लाभ नहीं मिल पाएगा।
फीफा की नियमावली के अनुच्छेद 14 के अनुसार, प्रत्येक सदस्य संस्था को स्वतंत्र रूप से कार्य करना होता है और उस पर किसी बाहरी पक्ष का प्रभाव नहीं होना चाहिए। यदि कोई सदस्य संस्था अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने में विफल रहती है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही संस्था अपने सदस्यों द्वारा की गई गंभीर लापरवाही अथवा जानबूझकर किए गए अनुचित कार्यों के लिए भी उत्तरदायी मानी जाती है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल नेपाली फुटबॉल के मैनेजमेंट में लंबे समय से विवाद चल रहा है। जिसकी वजह से इससे पहले भी नेपाल की नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ने ANFA को तीन महीने के लिए सस्पेंड किया था, हालांकि बाद में उस फैसले को वापस ले लिया था। नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ने ANFA के प्रस्तावित चुनाव को भी मान्यता देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद ये विवाद और ज्यादा बढ़ गया। अब फीफा ने इस पूरे मामले में तीसरे पक्ष के दखल का हवाला देते हुए ऑल नेपाल फुटबॉल एसोसिएशन (ANFA) को ही सस्पेंड कर दिया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
