FIFA: सदियों तक याद रखने वाला मैच, बेल्जियम ने हार के मुंह से ऐसे छीनी जीत, वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे लेट गोल दागा
इंजरी टाइम के पांचवें मिनट यानी 125वें मिनट में यूरी टिलेमैन्स ने पेनाल्टी को गोल में बदलते हुए बेल्जियम को 3-2 की अविश्वसनीय जीत दिला दी। यह फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे देर से किए गए गोलों में दर्ज हो गया।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में बेल्जियम और सेनेगल के बीच खेला गया मुकाबला लंबे समय तक याद रखे जाने वाला मैच रहा। वो इसलिए क्योंकि एक समय था जब दो गोल से पिछड़ रही बेल्जियम की टीम ने आखिरी पलों में शानदार वापसी करते हुए मैच को एक्स्ट्रा टाइम तक पहुंचाया और फिर अंतिम सेकंडों में निर्णायक गोल दागकर 3-2 से जीत दर्ज की। इस रोमांचक जीत के साथ बेल्जियम ने राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली।
शुरुआत में सेनेगल ने बनाया दबदबा
मैच के शुरुआती दौर में सेनेगल पूरी तरह हावी रहा। 24वें मिनट में हबीब दियारा ने पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 51वें मिनट में इस्माइला सार ने शानदार व्यक्तिगत कौशल का प्रदर्शन करते हुए खूबसूरत गोल दागा। उन्होंने मूसा नियाखते की लंबी पास को बेहतरीन तरीके से नियंत्रित किया और गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ को छकाते हुए गेंद को जाल में पहुंचा दिया। इस गोल के बाद सेनेगल 2-0 से आगे हो गया।
इसी दौरान बेल्जियम के कोच ने 56वें मिनट में बड़ा फैसला लेते हुए केविन डी ब्रुइन और जेरेमी डोकू को मैदान से बाहर बुला लिया। हालांकि, इसके बाद कोर्टुआ ने लगातार तीन शानदार बचाव किए, जिससे सेनेगल अपनी बढ़त नहीं बढ़ा सका और बेल्जियम मुकाबले में बना रहा।
लुकाकू और टिलेमैन्स ने बदली मैच की तस्वीर
जब ऐसा लग रहा था कि बेल्जियम की हार तय है, तभी स्थानापन्न खिलाड़ी रोमेलु लुकाकू ने 86वें मिनट में गोल कर उम्मीदें जगा दीं। इसके सिर्फ तीन मिनट बाद यूरी टिलेमैन्स ने बराबरी का गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके साथ ही मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया।
125वें मिनट में रचा इतिहास
एक्स्ट्रा टाइम के अंतिम क्षणों में बेल्जियम के एक खिलाड़ी को पेनाल्टी बॉक्स के अंदर फाउल किया गया। वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की समीक्षा के बाद रेफरी ने बेल्जियम को पेनाल्टी दे दी। सेनेगल के खिलाड़ियों ने इस फैसले का विरोध किया, लेकिन निर्णय नहीं बदला।
इंजरी टाइम के पांचवें मिनट यानी 125वें मिनट में यूरी टिलेमैन्स ने पेनाल्टी को गोल में बदलते हुए बेल्जियम को 3-2 की अविश्वसनीय जीत दिला दी। यह फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे देर से किए गए गोलों में दर्ज हो गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
