FIFA: मेसी को पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंचे एम्बाप्पे, गोल्डन बूट की रेस में और कौन कौन?

फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे छह गोल और दो असिस्ट के साथ गोल्डन बूट की रेस में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। मेसी भी छह गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर नॉर्वे के स्ट्राइकर एरलिंग हालांड हैं, जिन्होंने अब तक पांच गोल किए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

स्वीडन के खिलाफ 2 गोल करने के बाद फ्रांस के कप्तान एम्बाप्पे ने फीफा पुरुष विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट (सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी) की दौड़ को बेहद रोमांचक बना दिया है। फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने स्वीडन के खिलाफ 2 गोल कर इस विश्वकप में 6 गोल अपने नाम कर लिए हैं। इसके साथ ही वो गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। दूसरे नंबर पर 6 गोल के साथ ही मेसी हैं।

2022 विश्व कप के गोल्डन बूट विजेता एम्बाप्पे ने राउंड ऑफ 32 में स्वीडन के खिलाफ दो गोल किए और अब वह मेसी के रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। हालांकि गोल्डन बूट की लिस्ट में वो पहले नंबर पर पहुंच चुके हैं।

मेसी दूसरे, हालांड तीसरे नंबर पर

उधर, अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी ने ग्रुप जे में ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो और जॉर्डन के खिलाफ एक गोल दागकर फीफा पुरुष विश्व कप इतिहास में अपने कुल 19 गोल पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही वह विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, अपने छठे विश्व कप में खेल रहे मेसी अब तक एक भी बार गोल्डन बूट जीतने में सफल नहीं हुए हैं।

नई पीढ़ी के खिलाड़ियों में नॉर्वे के एरलिंग हालांड ने अपने पहले ही विश्व कप में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अब तक पांच गोल किए हैं, जिनमें राउंड ऑफ 32 में कोट डी आइवर के खिलाफ किया गया गोल भी शामिल है। इसके साथ ही वो तीसरे नंबर पर फिलहाल खड़े हैं।

रोनाल्डो-हैरी केन को भी माना जा रहा दावेदार

गोल्डन बूट की दौड़ में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के हैरी केन भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हैरी केन हाल ही में यूरोपीय क्लब फुटबॉल में शानदार गोल स्कोरिंग फॉर्म के साथ विश्व कप में उतरे हैं। विंगर खिलाड़ियों में बैलन डी'ओर विजेता उस्मान डेम्बेले, ब्राजील के विनीसियस जूनियर और युवा स्टार लामिन यामाल भी गोल्डन बूट की दौड़ में शामिल हैं।

गोल्डन बूट की रेस में टॉप 5 पर ये नाम

फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे छह गोल और दो असिस्ट के साथ गोल्डन बूट की रेस में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्य दावेदारों पर बढ़त बना ली है। अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी भी छह गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि गोलों की संख्या बराबर होने के बावजूद असिस्ट कम होने के कारण वह एम्बाप्पे से पीछे हैं।

तीसरे स्थान पर नॉर्वे के स्ट्राइकर एरलिंग हालांड हैं, जिन्होंने अब तक पांच गोल किए हैं और अपनी पहली विश्व कप में ही शानदार छाप छोड़ी है। फ्रांस के विंगर उस्मान डेम्बेले चार गोल और दो असिस्ट के साथ चौथे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर चार गोल और एक असिस्ट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

गोल्डन बूट देने का नियम

फीफा के नियमों के अनुसार, प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को यह सम्मान दिया जाता है। यदि दो या अधिक खिलाड़ी समान गोल करते हैं, तो अधिक असिस्ट करने वाले खिलाड़ी को वरीयता मिलेगी। यदि असिस्ट भी बराबर हों, तो कम मिनट खेलने वाले खिलाड़ी को बेहतर गोल-प्रति-मिनट औसत के आधार पर विजेता घोषित किया जाएगा।

गोल्डन बूट रैंकिंग (टॉप 5 स्कोरर)

  • किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 6 गोल, 2 असिस्ट

  • लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) – 6 गोल, 0 असिस्ट

  • एरलिंग हालांड (नॉर्वे) – 5 गोल, 0 असिस्ट

  • उस्मान डेम्बेले (फ्रांस) – 4 गोल, 2 असिस्ट

  • विनीसियस जूनियर (ब्राज़ील) – 4 गोल, 1 असिस्ट

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए