FIFA: 'गोल्डन बूट' की रेस हुई दिलचस्प, हैट्रिक लगाकर कनाडा के स्टार स्ट्राइकर डेविड ने की मेसी की बराबरी
कनाडा के स्टार स्ट्राइकर जोनाथन डेविड ने कतर के खिलाफ शानदार हैट्रिक लगाकर गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी की बराबरी कर ली है।

फीफा विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट की रेस अब बेहद दिलचस्प होती जा रही है। अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक जमाकर शीर्ष पर पहुंचे अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को अब कनाडा के स्टार स्ट्राइकर जोनाथन डेविड कड़ी टक्कर दे रहे हैं। डेविड ने भी कतर के खिलाफ शानदार हैट्रिक लगाकर गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी की बराबरी कर ली है।
हैट्रिक कर जोनाथन डेविड ने की मेसी की बराबरी
मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ 3-0 की जीत में तीन गोल दागे थे और गोल्डन बूट की सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए थे। इसके बाद कनाडा और कतर के मुकाबले में जोनाथन डेविड ने भी अपना दम दिखाया। उन्होंने तीन गोल कर कनाडा की 6-0 की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई और तीन गोल के साथ मेसी के बराबर पहुंच गए।
अब दोनों खिलाड़ियों के खाते में तीन-तीन गोल हैं और गोल्डन बूट की रेस में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों ने हैट्रिक की बदौलत ही यह मुकाम हासिल किया है।
दूसरे नंबर पर कई खिलाड़ी
वहीं इस दौड़ में कई दिग्गज खिलाड़ी भी पीछे नहीं हैं। इंग्लैंड के हैरी केन, फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और नॉर्वे के एरलिंग हालांड समेत कई खिलाड़ी दो-दो गोल के साथ शीर्ष दावेदारों का पीछा कर रहे हैं।
गोल्डन बूट दौड़ में शीर्ष खिलाड़ी
तीन गोल
लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)
जोनाथन डेविड (कनाडा)
दो गोल
जोहान मंजाम्बी (स्विट्जरलैंड)
फोलारिन बालोगुन (अमेरिका)
काई हैवर्ट्ज़ (जर्मनी)
यासिन अयारी (स्वीडन)
एलिजाह जस्ट (न्यूजीलैंड)
हैरी केन (इंग्लैंड)
एरलिंग हालांड (नॉर्वे)
किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस)
साइल लारिन (कनाडा)
क्या है गोल्डन बूट देने का नियम ?
नियमों के अनुसार, प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को यह सम्मान दिया जाता है। यदि दो या अधिक खिलाड़ियों के गोल बराबर रहते हैं, तो गोल कराने में उनकी मदद की संख्या देखी जाती है। इसके बाद भी बराबरी होने पर कम समय मैदान में खेलने वाले खिलाड़ी को वरीयता दी जाती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
