FIFA: ओपनिंग मैच में नहीं दिखा रोनाल्डो का दम, मेसी के रिकॉर्ड की बराबरी करके भी हुए फ्लॉप
41 वर्षीय रोनाल्डो पूरे मैच के दौरान उस लय और आक्रामकता में नजर नहीं आए, जिसके लिए वे दुनिया भर में मशहूर हैं। उन्हें गोल करने का एक सुनहरा अवसर भी मिला, लेकिन वह उसे भुनाने में असफल रहे।

फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। करियर का छठा विश्व कप खेल रहे रोनाल्डो जब मैदान पर उतरे तो स्टेडियम उनके नाम के नारों से गूंज उठा, लेकिन कांगो के खिलाफ मुकाबले में वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। नतीजतन, पुर्तगाल को 1-1 के ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
कई मौके मिले लेकिन भुना नहीं पाए रोनाल्डो
41 वर्षीय रोनाल्डो पूरे मैच के दौरान उस लय और आक्रामकता में नजर नहीं आए, जिसके लिए वे दुनिया भर में मशहूर हैं। उन्हें गोल करने का एक सुनहरा अवसर भी मिला, लेकिन वह उसे भुनाने में असफल रहे। रोनाल्डो भले ही गोल नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। यह उनके करियर का छठा फीफा विश्व कप है, जिससे उन्होंने अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली। दोनों खिलाड़ी अब विश्व कप के छह संस्करण खेलने वाले चुनिंदा फुटबॉलरों में शामिल हैं।
मेसी ने लगाई थी हैट्रिक
दूसरी ओर, मेसी ने अपने छठे विश्व कप की शुरुआत शानदार अंदाज में की। उन्होंने अपने पहले मैच में हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को जीत दिलाई और एक बार फिर अपनी क्लास साबित की। इसके विपरीत, रोनाल्डो का प्रदर्शन उनके स्वर्णिम दिनों की केवल एक झलक भर नजर आया।
डिएगो जोटा को दी गई श्रद्धांजलि
मैच से पहले भावुक माहौल भी देखने को मिला। पुर्तगाल और कांगो के बीच मुकाबले के दौरान दिवंगत फुटबॉलर डिएगो जोटा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रगान के समापन पर स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर जोटा की तस्वीर प्रदर्शित की गई। इसके बाद कैमरे स्टैंड में मौजूद उनके माता-पिता की ओर गए, जो पिछले वर्ष एक सड़क दुर्घटना में डिएगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा को खोने के दुख से अब भी उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
