
कोरोना वायरस के दौरान परेशान लोगों के लिए फिल्म एक्टर्स जो कुछ भी कर रहे हैं वो काफी समय तक याद किया जाएगा। साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत भी लगातार लोगों की मदद के लिए सामने आ रहे हैं। जब से ये लॉकडाउन वाला मामला हुआ है वो लगातार मदद कर रहे हैं। सुपरस्टार रजनीकांत को जैसे ही किसी तरह की खबर मिलती है वो मदद के लिए आगे आ जाते हैं। पहले भी उन्होने फिल्म एम्प्लॉयज फेडरेशन ऑफ साउथ इंडिया में 50 लाख रुपये दान करने के बाद अब रजनीकांत नदीगर संगम के एक्टर्स की मदद के लिए भी आगे आए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक खबर की माने तों रजनीकांत ने नदीगर संगम के करीब 1000 अभिनेताओं को ग्रोसरी का सामान उपलब्ध कराने का वादा किया है।
मशहूर रंगकर्मी और कलाकार ऊषा गांगुली का निधन हो गया है। वो काफी समय से बीमार चल रहीं थीँ। कला और रंग के क्षेत्र के अलावा उन्होने नाटक के क्षेत्र में भी काफी नाम कमाया है। उषा गांगुली 75 साल की थीं और मिली खबर के मुताबिक वो काफी समय से रीढ़ की हड्डी में समस्या होने के चलते दिक्कत का सामना कर रही थीं। उनका इलाज भी लगातार चल रहा था। लेकिन दिल का दौरा पड़ने से घर पर ही उनका निधन हो गया। ऊषा गांगुली उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं लेकिन उनका जन्म राजस्थान में हुआ था और उनकी सारी पढ़ाई लिखाई कोलकाता में हुई थी।
साल 2018 में आई अजय देवगन की फिल्म रेड ने अपने कंटेंट को लेकर बहुत तारीफ बटोरी थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही थी। रिपोर्ट्स की मानें तो अब इस फिल्म की सीक्वल की जोर शोर से तैयारी चल रही है। निर्माता भूषण कुमार ने कंफर्म किया है कि यह एक फ्रैंचाइजी होगी, जिसके तले उन रियल लाइफ हीरोज को दिखाया जाएगा, जो वर्दी नहीं पहनते हैं। भूषण कुमार ने इसके सीक्वल को कंफर्म करते हुए बताया- सीक्वल की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा, यह बिग मल्टी-फिल्म फ्रैंचाइज़ी होगी। अजय और मैं, कुमार मंगत जी के साथ, रेड को आगे ले जाना चाहते हैं। रेड 2 की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है।
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास भारत में कोविड-19 से लड़ रहे स्वास्थ्यसेवा कार्यकर्ताओं को 10,000 जोड़ी जूते दान करेंगी। अभिनेत्री, क्रोक्स के साथ मिलकर केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में सार्वजनिक और सरकारी अस्पतालों को जूते देगी। ग्लोबल यूनिसेफ की राजदूत प्रियंका ने कहा, देश भर में कोविड-19 के खिलाफ जुटे हेल्थकेयर पेशेवर हमारे सच्चे सुपरहीरो हैं। हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वे हर रोज काम कर रहे हैं और हमारे लिए लड़ रहे हैं। उनके साहस, प्रतिबद्धता और बलिदान से इस वैश्विक महामारी में असंख्य जीवन बच रहे हैं। जबकि हम कल्पना भी नहीं कर सकते कि उनकी स्थिति इस समय क्या होगी। इस दौरान हम कम से कम उन्हें इन हालात में सहज होने में मदद कर सकते हैं। उनके काम की प्रकृति ऐसी है कि उनके लिए अपने कपडे और जूते साफ रखना आसान नहीं है। हम खुश हैं कि ऐसा महान काम करने वालों के लिए कुछ कर सकें। आशा है कि यह इस वायरस के खिलाफ लड़ाई में इन देखभाल करने वालों की मदद करेगा।
एक्टर मनोज बाजपेयी आज अपना 51वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। फिलहाल लॉकडाउन के चलते वह उत्तराखंड में फंसे हुए हैं। वह एक वेब सीरीज की शूटिंग के साथ को स्टार दीपक डोबरियाल संग उत्तराखंड में ही हैं। इस बीच कोरोना के खतरे को देखते हुए डॉक्टर की टीम ने मनोज बाजपेयी का स्वास्थ्य चेकअप किया।
एहतियात के तौर पर मनोज बाजपेयी की टीम का ये टेस्ट करवाया गया है। खबर के मुताबिक नैनीताल के रामगढ़ में मनोज बाजपेयी व टीम का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मनोज बाजपेयी पिछले एक महीने से यही फंस हुए हैं। यही वह अपना जन्मदिन भी सेलिब्रेट कर रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर मनोज बाजपेयी लगातार एक्टिव हैं और फैंस व सितारों को रिप्लाई कर रहे हैं।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए