
लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर बॉलीवुड प्रोड्यूसर प्रीतिश नंदी ने ट्वीट किया है। उन्होंने मतदाताओं को प्रेरित करते हुए ट्वीट कर कहा कि डरना बंद करें। उन्होंने आगे लिखा कि अपने वोट का सही इस्तेमाल करके डराने वालों को सजा दें। इस ट्वीट को बीजेपी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने इशारों-इशारों में बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि डराने वाली सरकार के खिलाफ वोट देने का समय आ गया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होने हैं और पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को है।
इससे पहले कई बॉलीवुड के लोगों ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा था कि लोग लोकसभा चुनाव में बीजेपी को वोट न दें। 100 से भी ज्यादा फिल्मकारों ने देश के लोगों से अपील की है। इन फिल्मकारों के अनुसार बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद धार्मिक धुव्रीकरण किया है और देश में नफरत की राजनीति को बढ़ाया है।
हाल ही में कई फिल्मकारों ने ‘लोकतंत्र बचाओ मंच’ के तहत एकजुट होकर लोगों से बीजेपी को वोट न देने की अपील की है। इन फिल्मकारों में आनंद पटवर्धन, दीपा धनराज, देवाशीष मखीजा, एसएस शशिधरन, सुदेवन, गुरविंदर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कबीर सिंह चौधरी, अंजलि मोंटेइरो, प्रवीण मोरछले और उत्सव के निर्देशक और संपादक बीना पॉप जैसे बड़े स्वतंत्र फिल्मकारों के नाम शामिल हैं।
एनडीए सरकार की धुव्रीकरण और घृणा की राजनीति के बारे में बताते हुए सभी फिल्मकारों ने कहा था कि 2014 में आई इस सरकार ने दलितों, मुसलमान और किसानों को हाशिए पर धकेल दिया है। सरकार देश के न्याय तंत्र को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक और वैज्ञानिक संस्थानों को लगातार कमजोर करने वाली इस सरकार में सेंसरशिप में बढ़ोत्तरी हुई है।
इसे भी पढ़ें: देश के 100 से अधिक फिल्मकारों की जनता से अपील, ‘लोकसभा चुनाव में बीजेपी को न दें वोट’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए