सिनेमा

सिनेजीवनः अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 साल की उम्र में निधन और रानी चटर्जी की 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज

फिल्म ‘नीचा नगर’ से 1946 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली हिंदी सिनेमा की दिग्गज अदाकारा कामिनी कौशल का मुंबई में 98 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है।

अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 साल की उम्र में निधन और रानी चटर्जी की 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज
अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 साल की उम्र में निधन और रानी चटर्जी की 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज फोटोः सोशल मीडिया

अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 साल की उम्र में निधन

भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री कामिनी कौशल का निधन हो गया। उन्होंने 98 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके परिवार के करीबी मित्र ने दी। अपने लंबे और समृद्ध करियर के दौरान उन्होंने सादगी, प्रतिभा और मजबूत अभिनय से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। कामिनी कौशल का जन्म 24 फरवरी 1927 को लाहौर में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में डिग्री हासिल की थी। उन्हें कला और रचनात्मकता में हमेशा गहरी रुचि रही। उन्हें घुड़सवारी, पेंटिंग और भरतनाट्यम में भी महारत हासिल थी।

कामिनी कौशल ने 1946 में ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म 'नीचा नगर' थी। सामाजिक असमानता और गरीब-अमीर के संघर्ष पर आधारित इस फिल्म ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीता था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी। कामिनी कौशल ने इस फिल्म में न केवल अपनी अभिनय क्षमता को साबित किया, बल्कि भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया। इनमें 'शहीद', 'नदिया के पार', 'शबनम', 'आरजू', 'बिराज बहू', 'दो भाई', 'जिद्दी', 'पारस', 'नमूना', 'आबरू', 'बड़े सरकार', 'जेलर', और 'नाइट क्लब' जैसी फिल्में शामिल हैं।

कामिनी कौशल ने अपने करियर में दिलीप कुमार और राज कपूर जैसे कई बड़े सितारों के साथ काम किया। कामिनी कौशल ने 2019 में शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की फिल्म 'कबीर सिंह' में शाहिद की दादी का किरदार निभाया था। इसके बाद 2022 में आमिर खान और करीना कपूर की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' में उनका किरदार दर्शकों के दिलों को छू गया। कामिनी कौशल का निजी जीवन भी हमेशा चर्चा में रहा। उन्हें दिलीप कुमार के साथ उनके शुरुआती दिनों का रोमांस भी याद किया जाता है, हालांकि परिस्थितियों और परिवार की जिम्मेदारियों के कारण यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। कामिनी कौशल के निधन से बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के प्रेमियों में गहरा शोक है। उनका जाना न केवल एक कलाकार की कमी है, बल्कि उस युग का भी अंत है जिसने भारतीय फिल्मों को अपनी अनूठी शैली, सादगी और कला के माध्यम से परिभाषित किया।

Published: undefined

शबाना ने पर्दे पर वास्तविक महिला किरदारों की जरूरत बताई

जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) ने दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी को सम्मानित करते हुए एक विशेष सत्र आयोजित किया, जिसमें उन्होंने इस बात पर चर्चा की कि पितृसत्ता किस प्रकार महिलाओं और पुरुष दोनों को प्रभावित करती है और इसे पर्दे पर दिखाने की जरूरत क्यों है। पांच बार की राष्ट्रीय पुरसकार विजेता शबाना आजमी ने अपने सफर, सिनेमा में स्त्रीत्व को समझने की उनकी बढ़ती समझ और भारतीय सिनेमा में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के बदलते स्वरूप पर बातचीत की। गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत एक ‘‘अजीब’’ देश है, जहां एक ओर कुछ महिलाएं असाधारण ऊंचाइयां छू रही हैं, वहीं दूसरी ओर आज भी कुछ लड़कियों को जन्म लेते ही दफन कर दिया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अब यह समझ बढ़ रही है कि हमें ऐसी महिलाओं को पर्दे पर दिखाना चाहिए जो हमारे समय को अधिक सटीक रूप से दर्शाती हों। लेकिन भारत एक अजीब देश है, यह कई सदियों को एकसाथ जीता है। एक तरफ आप देखेंगी कि महिलाएं कितनी ऊंचाई तक पहुंची हैं और दूसरी तरफ आज भी लड़कियों को जन्म के समय ही दफन कर दिया जाता है, सिर्फ इसलिए कि वे लड़की पैदा हुईं। यह विरोधाभास गहराई से पितृसत्ता में निहित है।’’ आज़मी ने यह भी कहा कि पितृसत्ता केवल महिलाओं को ही नहीं बल्कि पुरुषों को भी प्रभावित करती है और वह अब एक ऐसे संतुलन को पर्दे पर देखना चाहती हैं।

Published: undefined

कांतारा चैप्टर-1ः ऋषभ शेट्टी ने गायक रामदास को दिया दिल से धन्यवाद

अभिनेता ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा चैप्टर-1' सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद दर्शकों के दिलों में घर कर गई है। शुक्रवार को अभिनेता ने गायक रामदास को फिल्म को और भी शानदार बनाने के लिए धन्यवाद किया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर रामदास के साथ तस्वीर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने गायक की तारीफ करते हुए लिखा, "रामदास का दिल से धन्यवाद। उन्होंने हमारी जड़ों और परंपराओं को संभालकर फिल्म 'कांतारा चैप्टर-1' में खूबसूरती से पेश किया। आपकी मेहनत हमारी पूरी यात्रा में छुपी है। वहीं, आपके द्वारा दिखाए मार्गदर्शन ने न सिर्फ हमारी फिल्म की सांस्कृतिक पहचान को आकार दिया है, बल्कि इसके संगीत और बैकग्राउंड स्कोर की भावनाओं को भी एक गहराई दी है। आपके लगातार समर्थन और सोच के लिए आभारी हैं।"

अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' में अभिनय करने के साथ-साथ निर्देशन और लेखन भी किया, जबकि विजय किरगंडुर फिल्म के निर्माता हैं। होम्बले फिल्म्स ने इसका निर्माण किया है। यह फिल्म हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल, मलयालम, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी। वहीं, अब इसे 31 अक्टूबर को प्राइम वीडियो पर भी स्ट्रीम किया गया है। फिल्म में रुक्मिणी वसंत, गुलशन देवैया और जयराम जैसे शानदार कलाकारों ने कहानी को और भी रोमांचक बनाया है।

'कांतारा चैप्टर-1' 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कांतारा' का प्रीक्वल है। फिल्म में रुक्मिणी वसंत, जयराम और गुलशन देवैया जैसे शानदार कलाकारों ने कहानी को और भी रोमांचक बनाया है। 'कांतारा चैप्टर-1' की कहानी, शानदार अभिनय और दमदार निर्देशन ने इसे शानदार अनुभव बना दिया है। यह फिल्म न केवल मनोरंजन कर रही है, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए एक नया कीर्तिमान भी स्थापित कर रही है। 'कांतारा चैप्टर 1' ने न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी दर्शकों का दिल जीत लिया है। वहीं, अगर वर्ल्डवाइड कमाई की बात करें, तो 'कंतारा चैप्टर 1' ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने अब तक दुनियाभर में 656 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है।

Published: undefined

रानी चटर्जी की फिल्म 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज

भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर पारिवारिक होने के साथ-साथ घर में संपत्ति के लिए हो रही साजिश को भी दिखाता है। एक्ट्रेस का रोल फिल्म में बहुत मार्मिक है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद फैंस खुद को तारीफ करने से नहीं रोक पा रहे हैं और फिल्म की जल्दी रिलीज की डिमांड कर रहे हैं। एक्ट्रेस रानी चटर्जी की फिल्म 'हम हई जेठानी' का ट्रेलर 'बीफॉरयू भोजपुरी' पर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर की शुरुआत में रानी चटर्जी यानी कात्यायनी का हंसता-खेलता परिवार दिखाया गया है, जिसमें उनके दो देवर और दो देवरानी मिलकर कात्यायनी की सेवा कर रही हैं।

कात्यायनी को बच्चे होने में परेशानी हो रही है लेकिन वो अपनी देवरानी के बच्चों को अपने बच्चों की तरह पालती है लेकिन कात्यायनी को इस बात से अनजान है कि उसके दोनों देवर मिलकर सिर्फ संपत्ति के लिए उनकी सेवा कर रहे हैं। स्टोरी में ट्विस्ट तब आता है, जब कात्यायनी खुद मां बनने वाली है और अपने भतीजे को भी अपने साथ रहने के लिए बुला लेती है। अब घर के हर सदस्य का असली रूप सामने आने लगता है। ट्रेलर की शुरुआत में परिवार का प्यार देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी, लेकिन आखिर में आप रोने के लिए भी मजबूर हो जाएंगे।

ट्रेलर फैंस को भी पसंद आ रहा है। एक यूजर ने तारीफ कर लिखा, "हर परिवार में ऐसा ही होता है, रिश्ते संपत्ति के लालची और दिखावट के हो चुके हैं।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "आपकी फिल्म आज की सच्चाई को दिखाती है रानी जी, ऐसी ही फिल्में आती रहें।" फिल्म को अनिल नैनन ने निर्देशित किया है और निर्माण संदीप सिंह और नीलाभ तिवारी ने किया है। फिल्म में रानी चटर्जी के अलावा, ख़ुशीझा, सोनाली मिश्रा, अयाज़ खान, प्रेम दुबे, रितेश उपाध्याय, गोलू तिवारी, रागिनी यादव, लोटा तिवारी, और प्रकाश जैस हैं। बाल कलाकार हर्ष राज और आदर्श गोयल भी फिल्म का हिस्सा हैं। रानी चटर्जी फिलहाल अपनी नई फिल्म 'यूपी वाली और बिहार वाली' की शूटिंग में बिजी हैं। इसी फिल्म के सेट से रानी आए दिन बीटीएस वीडियो शेयर करती रहती हैं। इसके अलावा, उनकी 'जानम' और 'बैरी बहुरिया' भी रिलीज हो चुकी हैं।

Published: undefined

अभिनेत्री श्यामा को जैकी श्रॉफ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

फिल्म 'आर-पार' और ''बरसात की रात' जैसी फिल्मों से अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री श्यामा जी की पुण्य तिथि शुक्रवार को है। इस अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अभिनेता ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अभिनेत्री की तस्वीरों का एक मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने 'ऐ दिल मुझे बता दे तू किस पर आ गया है' भी ऐड किया, जो उनके फैंस को पुरानी यादों में ले गया। जैकी ने उन्हें याद करते हुए लिखा, "श्यामा जी की पुण्य तिथि पर उन्हें याद कर रहे हैं।" सॉन्ग 'ऐ दिल मुझे बता दे' की बात करें तो इसे 1956 में रिलीज हुई फिल्म 'भाई-भाई' में फिल्माया गया था। गाने को गीता दत्त ने अपनी मधुर आवाज में गाया था और संगीत ए.दर्शन ने तैयार किया था।

साल 1945 से लेकर 1989 तक हिंदी सिनेमा में अपनी अदाकारी का परचम लहराने वाली अभिनेत्री श्यामा जी ने फिल्म 'जीनत' (1945) से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था, लेकिन उन्हें असल में लोग 'आर पार' (1954), 'बरसात की रात' (1960), 'शारदा' (1957), 'तराना', 'मिलन', 'भाई-भाई' (1956), 'मिर्जा साहिबान' (1957), 'भाभी' (1957), और 'शारदा' (1957) जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने से मिली थी। अभिनेत्री ने 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। अभिनेत्री को फिल्म 'शारदा' में उनकी अदाकारी के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया था।

अभिनेत्री आखिरी बार साल 1989 में फिल्म 'पायल की झंकार' में नजर आई थीं। अभिनेत्री श्यामा ने मशहूर सिनेमैटोग्राफर फली मिस्त्री से साल 1953 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे और एक बेटी है। मिस्त्री का निधन 1979 में हो गया था। वहीं, 14 नवंबर 2017 को अभिनेत्री ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। अभिनेता जैकी श्रॉफ की बात करें तो वे जल्द ही अपकमिंग फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा' में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ नीना गुप्ता, कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे भी होंगी। फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होगी।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined