सिनेमा

सिनेजीवनः दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी और इम्तियाज अली ने बताया इंडस्ट्री का असल रिश्ता

प्रियंका चोपड़ा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हैं, जहां वे अपनी फिल्म ब्लूफ्लाई की शूटिंग के बीच अपनी बेटी के साथ जू घूमने पहुंचीं। अभिनेत्री शरवरी वाघ के माता-पिता ने खुलासा किया है कि वह भूख लगने पर घर सिर पर उठा लेती हैं।

सिनेजीवनः दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी और इम्तियाज अली ने बताया इंडस्ट्री का असल रिश्ता
सिनेजीवनः दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी और इम्तियाज अली ने बताया इंडस्ट्री का असल रिश्ता फोटो: सोशल मीडिया

दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। उनके बेंगलुरु में होने वाले शो से पहले पुलिस को बम धमाके की धमकी वाला ईमेल मिला है। ईमेल में कॉन्सर्ट पर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हमला करने की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, ईमेल भेजने वाले ने शो में बच्चों को साथ न लाने, आईफोन पर कॉल का जवाब न देने और मेट्रो से सफर करने से बचने जैसी बातें भी लिखी हैं। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। दिलजीत इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर चर्चा में हैं। उनका बेंगलुरु कॉन्सर्ट 29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में शाम 4 बजे शुरू होगा।

जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। इसमें 29 नवंबर को बेंगलुरु के मादावरा स्थित एनआईसीई रोड ग्राउंड में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात लिखी गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। ईमेल भेजने वाले ने शो के दौरान आईईडी धमाके की चेतावनी दी है। इसके अलावा, लोगों को बच्चों को शो में नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल का जवाब नहीं देने और मेट्रो से यात्रा करने से बचने को कहा गया है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अक्टूबर में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के घर और दिलजीत के 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद नवंबर में इंदौर में होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले भी कई धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। 2 नवंबर को इंदौर के तीन निजी स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को ईमेल भेजकर धमाके की चेतावनी दी गई थी। 10 नवंबर को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच को भी दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से जुड़ा धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू की।

इम्तियाज अली ने बताया फिल्म इंडस्ट्री का असली रिश्ता

फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने अभिनेता शरद कपूर को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के सपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी। निर्देशक का कहना है कि मनोरंजन जगत के लोग एक-दूसरे के काफी करीब होते हैं, क्योंकि वे साथ में काफी समय तक काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों को सिर्फ साथी कलाकार नहीं, बल्कि अपना पर्सनल दोस्त मानते हैं। मनोरंजन जगत की यही खासियत है कि हम एक-दूसरे के साथ काफी जुड़े रहते हैं। हम सिर्फ साथ काम करने वाले लोगों में से नहीं हैं, बल्कि दोस्त हैं। हम लोग साथ में बहुत ज्यादा समय बिताते हैं, यही कारण है कि हम लोग एक-दूसरे को अच्छे से समझते हैं और यही बात लोगों को एक-दूसरे के बहुत करीब लाती है।

हालांकि, इम्तेयाज ने यह भी माना कि कई बार ऐसा भी होता है कि काम के चलते बहुत से लोगों से मुलाकात नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा, "ऐसे बहुत से लोग हैं, जो एक-दूसरे से जुड़े हैं, भले ही वे नियमित रूप से मिलते न हों, लेकिन मैंने देखा है कि जरूरत के समय बहुत से लोग आगे आकर मदद करते हैं, सपोर्ट करते हैं और हौसला बढ़ाते हैं। अगर मुझे लोगों पर भरोसा करना हो तो फिल्म इंडस्ट्री से ही काफी लोग हैं, लेकिन मैं उन्हें फिल्म इंडस्ट्री का नहीं, बल्कि अपना दोस्त कहूंगा।"

ऑस्ट्रेलिया में बेटी के साथ जू घूमने पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हैं, जहां वे अपनी फिल्म ब्लूफ्लाई की शूटिंग के बीच परिवार के साथ छुट्टियों के पल बिता रही हैं। मंगलवार को प्रियंका ने बेटी के साथ यादगार पलों की झलकियां शेयर की। इंस्टाग्राम पर पोस्ट तस्वीरों में दोनों को जानवरों के साथ खेलते और करीब से मिलते देखा जा सकता है। एक तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा बेटी मालती को गोद में लिए एक गैंडे के पास खड़ी नजर आ रही हैं। एक अन्य तस्वीर में वह जिराफ को खाना खिलाती दिख रही हैं, वहीं दूसरी तस्वीर में मालती भी जानवर को खाना खिलाती नजर आ रही है। एक और तस्वीर में मालती को एक छोटे से सरीसृप के साथ बैठी भी देखा गया। एक और प्यारे पल में प्रियंका मालती के साथ जंगल वाले इलाके में पोज देती नजर आईं, वहीं एक और तस्वीर में वह मुस्कुराती नजर आ रही हैं, जब लीमर उनके आसपास थे। तस्वीरों की इस सीरीज में प्रियंका और मालती को एक कंगारू के साथ समय बिताते हुए भी देखा गया, जिसमें एक्ट्रेस अपनी बेटी के पास बैठकर जानवर के साथ खेल रही हैं। इस दौरान उनके साथ स्टाफ और दूसरे लोग भी थे।

अभिनेत्री ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "एक ऐसा दिन, जिसे बस संभालकर रख लेने का मन करे।" उन्होंने इस अनुभव को खास बनाने के लिए रसेल क्रो का शुक्रिया अदा किया और ऑस्ट्रेलिया जू में गर्मजोशी से स्वागत के लिए टेरी इरविन को भी धन्यवाद दिया। प्रियंका ने स्टीव इरविन और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए उनकी विरासत को भी याद किया और लिखा कि जंगली जानवरों के लिए उनका प्यार और देखभाल पूरी जगह में महसूस की जा सकती है। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इस समय आने वाली साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ब्लूफ्लाई' की शूटिंग के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं, जिसमें रसेल क्रो हैं और इसका निर्देशन निमरोद एंटल कर रहे हैं। फिल्म के अप्रैल 2027 में दुनियाभर में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।

भूख लगने पर आसमान सिर पर उठा लेती हैं शरवरी वाघ

अभिनेत्री शरवरी वाघ पर्दे पर भले ही अपने शानदार अंदाज और खूबसूरती से लोगों का दिल जीतती हों, लेकिन घर में भूख लगने पर उनका मिजाज पूरी तरह बदल जाता है। अगर उन्हें समय पर खाना न मिले, तो वह गुस्से में आ जाती हैं और घर में खूब शोर मचाती हैं। इसका खुलासा खुद शरवरी के माता-पिता ने माधुरी दीक्षित के शो 'कौन होणार करोड़पति' में किया। शो में शरवरी के पिता ने तो उनकी भूख लगने पर खाना मांगने के अंदाज की नकल भी उतारी, जिसे देखकर माधुरी अपनी हँसी नहीं रोक पाईं।

दरअसल, शरवरी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के प्रमोशन में जुटी हैं। इस फिल्म में वह अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ नजर आएंगी। इसी सिलसिले में वह अपने माता-पिता के साथ माधुरी दीक्षित के क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में पहुंचीं। यहां बातचीत के दौरान माधुरी ने शरवरी से पूछा कि क्या उन्हें गुस्सा आता है और ऐसी कौन-सी बात है, जिससे उनका पारा चढ़ जाता है। इस पर शरवरी ने बताया कि अगर उन्हें समय पर खाना न मिले, तो वह भूख और गुस्से, दोनों में आ जाती हैं। उन्होंने अपनी इस आदत के लिए 'हैंग्री' शब्द का इस्तेमाल किया। शरवरी ने बताया कि खाना समय पर न मिलने पर उनके साथ भी ऐसा ही होता है।

इसके बाद माधुरी ने शो में मौजूद शरवरी की मां से पूछा कि जब उनकी बेटी को भूख लगती है, तो घर में उसका क्या अंदाज होता है। इस पर उनकी मां ने हंसते हुए बताया, ''घर में खूब चिल्लाना होता है।'' इस पर माधुरी ने मजाक में पूछा कि क्या शरवरी गुस्से में पूरा घर सिर पर उठा लेती हैं? इस पर उनकी मां ने हां में जवाब दिया। इस बीच शरवरी के पिता ने उनकी नकल उतारते हुए कहा, 'बंसी, खाना लाओ!' पिता को अपनी मिमिक्री करते देख शरवरी उन्हें रोकने लगीं। उन्होंने हंसते हुए कहा, 'पापा, प्लीज ऐसा मत कीजिए।' शरवरी के पिता का यह अंदाज देखकर माधुरी भी हंस पड़ीं। उन्होंने मजाक में कहा, ''बंसी तो शरवरी से काफी डरता होगा।''

इस बातचीत के दौरान माधुरी ने शरवरी से उनकी डाइट के बारे में भी पूछा। इस पर अभिनेत्री ने कहा, ''मैं ज्यादातर समय अपनी डाइट का ध्यान रखती हूं, लेकिन खुद को पसंदीदा खाना खाने से पूरी तरह नहीं रोक पाती हूं। मैं 80 प्रतिशत समय डाइट फॉलो करती हूं, जबकि बाकी 20 प्रतिशत समय चीट मील के लिए रखती हूं।'' उन्होंने कहा, ''शूटिंग के दौरान मैं अपनी डाइट को लेकर काफी सख्त रहती हूं, लेकिन जब काम से ब्रेक मिलता है, तो खाने-पीने में ज्यादा पाबंदी नहीं रखती हूं और अपनी पसंद की हर चीज खाती हूं।'

इंडी पॉप म्यूजिक मजबूरी से पैदा हुआः कुमार सानू

गायक कुमार सानू इन दिनों नए गाने 'सुनियो जरा' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। गायक का कहना है कि भारत में इंडी पॉप म्यूजिक की शुरुआत मजबूरी से हुई थी। दरअसल, गाने के प्रमोशन के दौरान गायक से पूछा गया था कि क्या स्ट्रीमिंग के जरिए म्यूजिक के आसान होने से इंडी म्यूजिक फिर से लौट रहा है? इस पर उन्होंने कहा, "इसके दो-तीन कारण हैं। एक तो यह है कि यह बदलाव मजबूरी में होता है। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जब कोई सिंगर अच्छा गाता है, फिर भी मेहनत के बाद उसे काम नहीं मिलता, तो मजबूरी में क्या होता है? लोग एल्बम बनाने की कोशिश करते हैं।"

उन्होंने अपनी बात अच्छे से समझाते हुए कहा, "उस समय लोग सोचते थे, 'किसी तरह पैसे का जुगाड़ हो जाए। अगर इसमें सफलता मिल गई, तो शायद बॉलीवुड से ऑफर मिल जाए।' उस समय सभी सिंगर्स की यही सोच चल रही थी।" उन्होंने आगे कहा, "लोग एक-दूसरे से अलग थे। तो इसे आप सीधी भाषा में मजबूरी कहते हैं। इसी से बदलाव पैदा हुआ। सिंगल एल्बम का सिस्टम शुरू हुआ। फिर हिंदी फिल्म म्यूजिक ने कब्जा कर लिया।"

कुमार सानू 90 के दशक के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने 1991 से 1995 तक लगातार पांच बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार जीता और 2009 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में उन्होंने सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का पहला गाना 'सुनियो जरा' गाया है। इस गाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 90 के दशक के दिग्गज गायक कुमार सानू और उदित नारायण पूरे 21 साल बाद एक साथ अपनी आवाज देते नजर आए हैं। दोस्ती और पुरानी यादों पर आधारित इस गाने को प्रिया सरैया ने लिखा है और संगीत राही ने दिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए