सिनेमा

सिनेजीवनः शाहरुख के बर्थडे पर फैंस को तोहफा, 'किंग' का पहला गाना रिलीज और कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही

बीएमसी के प्रदूषण कम करने वाले जागरूकता अभियान में शामिल दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। इसी बीच दीया का वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। अब इस विवाद पर दीया मिर्जा ने अपना बयान दिया है।

शाहरुख के बर्थडे पर फैंस को तोहफा, 'किंग' का पहला गाना रिलीज और कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही
शाहरुख के बर्थडे पर फैंस को तोहफा, 'किंग' का पहला गाना रिलीज और कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही फोटोः IANS

शाहरुख ने 61वें बर्थडे पर फैंस को दिया तोहफा, रिलीज हुआ 'किंग' का पहला गाना

बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के अवसर पर उनकी आगामी फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज कर दिया गया है। यह एक ऐसा ट्रैक है, जिसमें रोमांस के साथ-साथ एक्शन और फिल्म की कहानी की एक झलक भी देखने को मिलती है। गाना 'तू मिल जाए' में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इसे अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने गाया है, जबकि इंटरनेशनल पॉप स्टार एड शीरन ने अंग्रेजी रैप किया है।

'तू मिल जाए' एक जोशीला रोमांटिक डांस ट्रैक है, जो अरिजीत सिंह और एड शीरन को एक साथ लाता है। गाने को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है, लिरिक्स कुमार ने लिखे हैं, कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया की है और इंग्लिश रैप एड शीरन ने खुद लिखा है। गाने के वीडियो की शुरुआत शाहरुख के डायलॉग से होती है: 'मैं कातिल नहीं, आशिक हूं और निशाना मेरी माशूका। वो आशिक ही क्या जो दिल चीर न दे।' जहां गाने का म्यूजिक काफी नए और फ्रेश एलिमेंट्स के साथ बनाया गया है, वहीं गाने के विजुअल्स 'पठान' के 'बेशर्म रंग' से काफी मिलते-जुलते लग रहे हैं।

'किंग' में उम्दा कलाकारों की टोली देखने को मिलेगी, जिसमें सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और अरशद वारसी अहम किरदारों में हैं। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म 'पठान' के बाद डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सिद्धार्थ आनंद के साथ शाहरुख खान का दूसरा कोलैबोरेशन है और यह एक स्टाइलिश, हाई-ऑक्टेन एक्शन एंटरटेनर है, जो स्टाइल, करिश्मा और थ्रिल को नए अंदाज में पेश करती है।

कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही, वकील ने मांगी छूट तो जज ने जताई नाराजगी

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बार फिर सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में अदालत में पेश नहीं हुईं। सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी। नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं। नोरा फतेही की ओर से वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 नवंबर की तारीख तय की है। अब नोरा को उस दिन गवाही के लिए अदालत में पेश होना होगा।

सोमवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि नोरा फतेही आज कोर्ट में पेश होंगी या नहीं। पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री को 22 अक्टूबर को ही पेशी का नोटिस भेज दिया गया था। यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया था। इसके अलावा, उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन नोरा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, नोरा के वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पिछली सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। उन्हें इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराना था।

दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इस मामले में शिकायत फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह ने दर्ज कराई थी। आरोप था कि सुकेश ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने उनसे करोड़ों रुपये वसूले। मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने की थी। जांच के दौरान सुकेश का नाम बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों से भी जुड़ा। इनमें नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज का नाम सामने आया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने अभिनेत्रियों से संपर्क बनाने के लिए पिंकी ईरानी की मदद ली थी। आरोप था कि पिंकी ने सुकेश की पहचान और उसके रसूख को अलग तरीके से पेश करके अभिनेत्रियों को उससे मिलवाया था।

सितंबर 2022 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने नोरा से कई घंटों तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान नोरा ने बताया था कि वह सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल की ओर से आयोजित एक चैरिटी शो में शामिल हुई थीं। इस कार्यक्रम में लीना ने उन्हें गुच्ची का बैग और आईफोन दिया था। इसके बाद फोन पर उनकी सुकेश से बात कराई गई। सुकेश ने खुद को उनका फैन बताया और उन्हें बीएमडब्ल्यू कार देने की पेशकश की थी। नोरा के मुताबिक, कार से जुड़ी बातचीत के लिए शेखर नाम का व्यक्ति उनके संपर्क में आया था। उन्होंने कार लेने से इनकार कर दिया और शेखर को अपने रिश्तेदार बॉबी खान का नंबर दे दिया। बाद में बीएमडब्ल्यू कार बॉबी खान के नाम पर रजिस्टर्ड मिली।

पुलिस पूछताछ में बॉबी ने कथित तौर पर सुकेश से करीब 65 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू मिलने की बात स्वीकार की थी। नोरा ने जांच एजेंसियों के सामने खुद को इस पूरे मामले में साजिश का शिकार बताया था। उनका कहना था कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके आपराधिक कामों की जानकारी नहीं थी। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की भी जांच की। इस दौरान जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश से मिले महंगे गिफ्ट के मामले में आरोपी बनाया गया, जबकि नोरा का नाम गवाह के तौर पर शामिल किया गया। इसके अलावा, नोरा ने जैकलीन फर्नांडीज और 15 मीडिया संस्थानों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बारे में गलत और अपमानजनक बातें फैलाई गईं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

रिकी मार्टिन, अशर और टिएस्टो के साथ म्यूजिक वीकेंड का हिस्सा बने मीका सिंह

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह ने एक बार फिर इंटरनेशनल मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। हाल ही में उन्होंने अमेरिका के लास वेगास में दीपावली और हैलोवीन के खास मौके को संगीत के जरिए सेलिब्रेट किया। 31 अक्टूबर को उन्होंने बेलाजियो में शानदार परफॉर्मेंस दी। इस दौरान वहां मौजूद दर्शकों ने उनके गानों पर जमकर डांस किया और उनका साथ दिया। मीका ने इस अनुभव को खास बताते हुए कहा कि दीपावली के दौरान लास वेगास में परफॉर्म करना उनके लिए बेहद खुशी की बात थी।

मीका सिंह ने कहा, ''दीपावली हम भारतीयों के लिए बेहद खास समय होता है और मुझे लास वेगास में संगीत के जरिए त्योहारों के इस मौसम का जश्न मनाकर बहुत खुशी हुई। शहर की ऊर्जा, हैलोवीन का उत्साह और दर्शकों का जोश इस अनुभव को और भी शानदार बना रहा था। लोगों को मेरे साथ गाते, डांस करते और संगीत का आनंद लेते देखना बहुत अच्छा लगा। इस वीकेंड में रिकी मार्टिन, अशर, टिएस्टो, डॉन ओमार और मेगन स्टैलियन जैसे दुनिया के बड़े म्यूजिक सितारे भी शामिल थे। ऐसे कलाकारों के साथ एक ही वीकेंड का हिस्सा बनना इसे और रोमांचक बना गया।''

दरअसल, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लास वेगास में एक खास म्यूजिक वीकेंड आयोजित किया गया था। इसमें दुनियाभर के कई बड़े कलाकारों ने हिस्सा लिया। मीका सिंह ने 31 अक्टूबर को बेलाजियो में परफॉर्म किया जबकि इस म्यूजिकल वीकेंड में डॉन ओमार, मेगन थी स्टैलियन, रिकी मार्टिन, टिएस्टो और अशर जैसे इंटरनेशनल कलाकार भी शामिल थे। अलग-अलग तरह के संगीत और कलाकारों से सजे इस आयोजन में मीका ने बॉलीवुड गानों के जरिए भारतीय संगीत का रंग जमाया। मीका सिंह की पहचान उनके पार्टी सॉन्ग्स के लिए है। फिल्म 'जब वी मेट' का 'मौजा ही मौजा', 'देसी बॉयज' का 'सुबह होने न दे', 'किक' का 'जुम्मे की रात', 'रेडी' का 'ढिंका चिका' और 'बजरंगी भाईजान' का 'आज की पार्टी' उनके लोकप्रिय गानों में शामिल हैं। इसके अलावा फिल्म 'सिंबा' का 'आंख मारे' और उनका गाना 'सावन में लग गई आग' भी काफी पसंद किया गया है।

 दीपावली संदेश से जुड़े विवाद के बीच दीया मिर्जा ने दी सफाई

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के प्रदूषण कम करने वाले जागरूकता अभियान में शामिल अभिनेत्री दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। इसी बीच दीया मिर्जा का वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। इस पूरे विवाद के बीच अब दीया मिर्जा ने अपना बयान दिया है। दीया मिर्जा ने कहा, ''दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर आशा की जीत का उत्सव है। यह वीडियो लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था, ताकि उन्हें अधिक स्वस्थ और सोच-समझकर त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक मुद्दा है और इसे कम करने की दिशा में किया गया हर प्रयास सभी के लिए बेहतर पर्यावरण की ओर एक कदम है।''

दरअसल, मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बीएमसी ने दीपावली से पहले लोगों को प्रदूषण कम करने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत कुछ वीडियो जारी किए गए थे, जिनमें दीया मिर्जा के अलावा अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी नजर आए थे। इन वीडियो के जरिए लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दीपावली मनाने की अपील की गई थी। हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अभिनेत्री के वीडियो पर आपत्ति जताई और कहा कि लोगों को दीपावली मनाने के तरीके के बारे में दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है। भारतीय परंपराओं में दीपावली का खास महत्व है और लोगों को अपने त्योहारों के बारे में अच्छी तरह पता है। विवाद बढ़ने के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया। हालांकि, निगम की ओर से वीडियो हटाने की कोई सार्वजनिक वजह नहीं बताई गई।

अभिनेता अनुज ठाकुर के निधन के बाद सदमे में कलाकार

टेलीविजन की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 27 अक्टूबर को आखिरी सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज को नींद में दौरा पड़ा था। उनके अचानक चले जाने की खबर से परिवार, दोस्तों और टीवी इंडस्ट्री के लोग सदमे में हैं। अभिनेता को 'धूम मचाओ धूम' और 'महिसागर' जैसे टीवी शो में काम करने के लिए जाना जाता था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद कई कलाकारों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अनुज के निधन की खबर उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने सोशल मीडिया पर दी। रूपेश ने अनुज के साथ अपनी पुरानी यादें शेयर करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और अनुज उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई की तरह थे। रूपेश ने लिखा, ''मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमारे बीच नहीं रहे। तुम सिर्फ मेरे दोस्त नहीं थे, बल्कि छोटे भाई जैसे थे। हमने साथ में कई प्रोजेक्ट करने की योजना बनाई थी। मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष याद है। मैंने तुम्हारा सफर करीब से देखा था। जिंदगी सच में कब क्या मोड़ ले ले, कोई नहीं जानता। तुम्हारा इतनी जल्दी चले जाना दिल तोड़ने वाला है। यह खबर अब भी सच नहीं लग रही। भाई, तुम्हें हमेशा याद किया जाएगा। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।''

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज को सोते समय दौरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि उनकी मां को उनके निधन का पता तब चला, जब सुबह करीब 4:30 बजे उनका रोजाना का अलार्म बजा। इसके बाद वह उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं, जहां उन्होंने अनुज को मृत पाया। अनुज के निधन से टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों को गहरा झटका लगा है। अभिनेता वकार शेख ने भी उनके जाने पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ''हे भगवान... यह यकीन करना मुश्किल है। यह खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उन्हें उनके शुरुआती दिनों से जानता था। वह बहुत प्यारे और अच्छे इंसान थे। उनकी आत्मा को शांति मिले।''

इस बीच अनुज की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में है। उन्होंने जुलाई 2026 में दक्षिण अफ्रीका की अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं। उनके निधन की खबर के बाद फैंस इन तस्वीरों पर कमेंट कर उन्हें याद कर रहे हैं। अनुज ठाकुर का टेलीविजन करियर करीब दो दशक लंबा रहा। उन्होंने लोकप्रिय डिज्नी चैनल के टीन शो 'धूम मचाओ धूम' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह कई हिंदी टीवी शो में नजर आए। उन्होंने 'बंधन साथ जनमों का' और 'बीन बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' जैसे धारावाहिकों में काम किया। बाद में उन्होंने सिटकॉम 'महिसागर' में सागर मेहता का मुख्य किरदार निभाया। यह शो उनके करियर के अहम प्रोजेक्ट्स में से एक रहा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए