भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को अपने नाम कर लिया है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम ने फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों के बड़े अंतर से हराया। टीम को जीत के बाद देश-विदेश से बधाई मिलनी शुरू हो गई।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पोस्ट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को जीत की बधाई दी गई। एमसीए ने पोस्ट किया, "इतिहास रच दिया! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला विश्व कप जीतने पर बधाई। आपके जुनून, दृढ़ता और शक्ति ने करोड़ों दिलों को गर्व से भर दिया है।"
Published: undefined
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने एक्स पर पोस्ट किया, "हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम को ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर ढेर सारी बधाई! आपके कौशल, दृढ़ संकल्प और जज्बे ने एक पीढ़ी को प्रेरित किया है और देश को बेहद गौरवान्वित किया है।"
Published: undefined
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने लिखा, "विश्व चैंपियन! हमारी महिला भारतीय क्रिकेट टीम का अविश्वसनीय प्रदर्शन- सच्चा टीम वर्क, दृढ़ता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन! हर खिलाड़ी ने जी-जान से खेला और विश्व कप अपने नाम किया। बहुत गर्व है!"
Published: undefined
साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिलीवियर्स ने लिखा, "टीम इंडिया को बधाई। साउथ अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम को भी फाइनल में पहुंचने पर गर्व होना चाहिए। महिला क्रिकेट दुनिया भर में तरक्की कर रहा है। यह टूर्नामेंट और फाइनल मैच दोनों बहुत शानदार थे।"
Published: undefined
भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने लिखा, "इतिहास रच दिया! हमारी 'विमेन इन ब्लू' ने अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। यह जीत आने वाली पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी! यह उनके जज़्बे, हिम्मत और भरोसे की शानदार जीत है! आपने एक अरब लोगों के दिलों को गर्व से भर दिया है!"
Published: undefined
भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, "इन खिलाड़ियों के सफर को मैंने करीब से देखा है, और मैं कह सकता हूं कि यह ऐतिहासिक जीत उनकी अच्छी तैयारी, लगातार कोशिश और अटूट इरादे का नतीजा है। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने हर मुश्किल का सामना शानदार अनुशासन, विश्वास और एकता के साथ किया। उनका सकारात्मक रवैया और समर्पण कभी कम नहीं हुआ। यह वर्ल्ड कप जीत दिखाती है कि जब सपना, मेहनत और भरोसा एक साथ मिलते हैं, तो क्या हासिल किया जा सकता है। एक बार फिर, पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को इतिहास रचने और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने के लिए बहुत-बहुत बधाई!"
Published: undefined
बता दें कि नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम 52 रन से जीत दर्ज कर महिला वनडे विश्व क्रिकेट की नई चैंपियन बनी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए थे। टीम इंडिया की तरफ से शेफाली वर्मा ने सर्वाधिक 87 और दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने 5 और शेफाली ने 2 विकेट लिए।
Published: undefined
इस जीत के साथ ही कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत महिला विश्व कप जीतने वाली दुनिया की सबसे अधिक उम्र की कप्तान बन गई हैं। हरमनप्रीत कौर ने 36 साल 239 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है। हरमनप्रीत ने इस टूर्नामेंट में बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया और 9 मैचों की 8 पारियों में 32.50 की औसत के साथ 260 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट भी 89.04 का रहा है।
इसके अलावा, हरमनप्रीत ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ी बेलिंडा क्लार्क को भी पीछे छोड़ दिया है।
Published: undefined
हरमनप्रीत ने फाइनल मैच के बाद बीसीसीआई और सहयोगी स्टाफ को टीम पर भरोसा बनाए रखने के लिए क्रेडिट दिया। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी जीत है और इसका श्रेय पूरे टीम प्रयास को जाता है। हम अब हर दिन बेहतर होना चाहते हैं। अगले साल भी विश्व कप है और चैंपियंस ट्रॉफी भी है, इसलिए यह अंत नहीं, बल्कि एक शुरुआत है। हम बस अपना बेस्ट देना चाहते हैं।
वहीं, आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने भी इस जीत की तुलना 1983 में पुरुष टीम द्वारा जीते गए विश्व कप से की। धूमल ने आईएएनएस से कहा, "यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक यादगार दिन है। पुरुष टीम ने 1983 में जो हासिल किया था, उसे भारतीय महिलाओं ने आज मुंबई में दोहराया है। यह ऐतिहासिक जीत देश में महिला क्रिकेट को जबरदस्त बढ़ावा देगी और मुझे विश्वास है कि हमारा खेल अब नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।"
(IANS के इनपुट के साथ)
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined