क्रिकेट

ICC Test Ranking: अश्विन शीर्ष पर कायम, कोहली-अक्षर ने लगाई छलांग, पर टॉप-10 में नहीं मिली जगह

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में खत्म हुई सीरीज में प्रदर्शन से अश्विन ने गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। वह इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से 10 रेटिंग अंक आगे हैं। अब अश्विन के 869 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि एंडरसन के 859 अंक हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

आईसीसी टेस्ट रैकिंग में टीम इंडिया के खिलाड़ियों को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैच की सीरीज में शानदार बॉलिंग करने और कई विकेट लेने वाले रविचंद्रन अश्विन एक बार नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। अभी एक पहले भी उन्होंने एंडरसन को पछाड़ते हुए शीर्ष का मुकाम हासिल किया था। वहीं, ताजा रैंकिंग में अक्षर पटेल और विराट कोहली को भी अच्छे प्रदर्शन का लाभ मिला है।

अश्विन शीर्ष पर कायम

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में खत्म हुई सीरीज के आखिरी मैच में रविचंद्रन अश्विन ने 91 रन देकर 6 विकेट लिए थे। अश्विन को सीरीज में 17.28 के औसत से 25 विकेट लेने के लिए संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया था। इस प्रदर्शन से अश्विन गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर चले गए और वह इंग्लैंड के वेटरन तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से 10 रेटिंग अंक आगे हैं। अब अश्विन के 869 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि एंडरसन के 859 रेटिंग अंक हैं।

Published: undefined

शानदार शतक से कोहली को 7 स्थान का फायदा

आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों की रैकिंग में विराट कोहली को फायदा मिला है। विराट कोहली ने अहमदाबाद में खेले गए आखिरी टेस्ट में 1205 दिन बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ते हुए 186 रन की शानदार पारी खेली थी। इससे उन्हें 7 स्थान का फायदा हुआ और वह टेस्ट बल्लेबाजी में 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। हालांकि वह अभी भी टॉप-10 से बाहर ही हैं। वहीं, ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा 10वें और ऋषभ पंत 9वें नंबर पर हैं। मार्नस लाबुशेन खराब प्रदर्शन के बाद भी शीर्ष पर बरकरार हैं।

Published: undefined

अक्षर पटेल को भी फायदा

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में बल्ले से काफी अच्छा प्रदर्शन करने का अक्षर पटेल को फायदा मिला है। उन्हें 8 स्थान का फायदा हुआ और वह टेस्ट रैंकिगं में 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं 4 मैच में 264 रन बनाने से उन्हें ऑलराउंडर रैंकिंग में भी फायदा हुआ है और वह एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में रविंद्र जडेजा शीर्ष पर हैं और रविचंद्रन अश्विन दूसरे नंबर पर हैं।

Published: undefined

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की भी रैकिंग सुधरी

हालिया सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को भी रैकिंग में फायदा हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा अहमदाबाद टेस्ट में 180 रन की बदौलत बल्लेबाजों में दो स्थान सुधार के साथ 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 815 सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक हासिल किए हैं। ट्रेविस हैड ने अपना पांचवां स्थान बरकरार रखा है लेकिन 853 की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया के आलराउंडर कैमरून ग्रीन 11 स्थान उठकर 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के आलराउंडर डेरिल मिचेल ने क्राइस्टचर्च में श्रीलंका के खिलाफ 102 और 81 रन की पारी के दम पर आठवां स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने पहली बार 800 रेटिंग अंकों को भी छुआ है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined