
दूसरे वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने कहर के आगे न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह से पस्त हो गई है। मेहमान टीम 108 रन पर ही ऑल आउट हो गई है। पहले ही ओवर से भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर हावी दिखे और आखिरकार पूरी टीम 34.2 ओवर में 108 रन पर पवेलियन लौट गई। इस तरह से भारत को 109 रनों का लक्ष्य मिला है।
भारत की तरफ से मोहम्मद शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 6 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। न्यूजीलैंड को सबसे पहला झटका भी शमी ने ही दिया। इस झटके के बाद कीवी टीम संभल नहीं पाई। हार्दिक पांड्या और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर तीनों ही गेंदबाज एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
वहीं बात करें न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की तो न्यूजीलैंड का हाल काफी यहां बुरा रहा, टॉप-5 बल्लेबाजों में कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन ग्लेन फिलिप्स ने बनाए और उनका स्कोर 36 का रहा।
बता दें कि भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम आज का मैच जीतती है, तो सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लेगी।
इस सीरीज का पहला वनडे मैच हैदराबाद में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने रोमांचक तरीके से 12 रनों से जीत दर्ज की थी। इस मैच में ओपनर शुभमन गिल ने 208 रनों की दोहरी शतकीय पारी खेली थी। फिलहाल, सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Jan 2023, 4:21 PM IST