
मोहाली में हुए आईपीएल मैच में 194 के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराईजर हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी। इस तरह किंग्स इलेविन पंजाब ने 15 रन से जीत दर्ज की। इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका क्रिस गेल के शानदार शतक की है।
इससे पहले करिश्माई विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के 63 गेंदों पर एक चौके और 11 छक्कों से सजी 104 रन की नाबाद शतकीय पारी के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने यहां आईएस बिंद्रा स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर बना लिया। लीग में अपना दूसरा मैच खेल रहे गेल 11वें संस्करण में शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। आईपीएल के इतिहास में गेल का यह छठा शतक है। गेल ने मैच के 14वें और राशिद खान के तीसरे ओवर में लगातार चार आसमानी छक्के उड़ाए।
गेल ने अपने पहले 50 रन 39 गेंदों पर और दूसरे 50 रन मात्र 19 गेंदों में ही पूरा किए। गेल आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 38 साल के गेल ने लोकेश राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 53, मयंक अग्रवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 30, करुण नायर के साथ तीसरे विकेट के लिए 85 और एरॉन फिंच के साथ चौथे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी निभाई।
गेल के अलावा राह़ुल ने 21 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे 18, मयंक ने नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18, करुण ने 21 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 31 और फिंच ने छह गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 14 रन बनाए। हैदराबाद के लिए राशिद खान ने 55 रन पर एक विकेट लिया। टी-20 में राशिद का अब तक यह सबसे महंगा स्पेल है। राशिद के अलावा सिद्वार्थ कौल ने 33 रन पर एक विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 25 रन पर एक विकेट प्राप्त किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 19 Apr 2018, 10:27 PM IST