
कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे एशिया कप के सुपर फॉर मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दी है। तेज बारिश के कारण खेल को रोक दिया गया है। खेल रोके जाने तक भारत का स्कोर 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन है। केएल राहुल 17 और विराट कोहली 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।
अगर बारिश जारी ही रहती है तो मैच के ओवरों में कटौती हो सकती है। नियमों के मुताबिक, यदि यहां से भारत बैटिंग नहीं कर पाता है और पाकिस्तान को 20 ओवर्स मिलते हैं, तो उसे जीत के लिए 181 रन बनाने होंगे। वैसे बता दें कि यदि अभी से आज के दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो यह मैच रिजर्व डे यानी 11 सितंबर को खेला जाएगा।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अर्धशतक जड़कर भारत को मजबूत शुरुआत दी। गिल और रोहित के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई।
शुभमन गिल (58 रन) और रोहित शर्मा (56 रन) बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी और शादाब खान को 1-1 विकेट मिला। बारिश के कारण मैच रुकने तक भारत ने 24.1 ओवर में 2 विकेट पर 147 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 8 और केएल राहुल 17 पर नाबाद खेल रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए