अपराध

लखनऊ में बैंक के बाहर शख्स ने पत्नी को मारी गोली, घर लौटकर बहन की हत्या की, फिर खुद को भी कर लिया खत्म

मानस बाजपेयी पत्नी दिव्या की हत्या के बाद गोमतीनगर के हुसड़िया चौराहा स्थित घर पर लौटा, जहां उसने अपनी बहन शीबा को भी गोली मार दी। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था।

लखनऊ में बैंक के बाहर शख्स ने पत्नी को मारी गोली, घर लौटकर बहन की हत्या की, फिर खुद को भी कर लिया खत्म
लखनऊ में बैंक के बाहर शख्स ने पत्नी को मारी गोली, घर लौटकर बहन की हत्या की, फिर खुद को भी कर लिया खत्म फोटोः IANS

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक वारदात में एक व्यक्ति ने पहले एक बैंक के बाहर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर खत्म कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात से जहां राजधानी के लोग सकते में हैं, वहीं पुलिस इस हत्याकांड में आगे की तफ्तीश में जुटी है।

बैंक के बाहर बैंक अधिकारी पत्नी की हत्या

शुरुआत में जानकारी आई कि लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकखंड में दिन-दहाड़े एक बैंक के बाहर महिला बैंक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा (37) के रूप में हुई है, जो बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। पुलिस ने बताया कि दिव्या अपनी कार में थीं, तभी उनके पति मानस बाजपेयी ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मार दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मानस कथित रूप से एक ऑटो रिक्शा में उनका इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था।

घर लौटकर बहन की हत्या

व्यक्ति ने वारदात को अंजाम देने से पहले महिला से थोड़ी देर बात की और फिर गोली मारकर मौके से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तुरंत महिला को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर कार्यरत थी। आरोपी मानस बाजपेयी खुद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जानकीपुरम ब्रांच में काम करता था।

इसके बाद एक और जानकारी सामने आई कि मानस बाजपेयी अपनी पत्नी की हत्या के बाद गोमतीनगर के हुसड़िया चौराहा स्थित घर पर लौटा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मानस बाजपेयी की बहन की पहचान 28 वर्षीय तूलिका उर्फ शीबा के रूप में हुई है।

पत्नी से थोड़ी देर बात की, फिर मार दी गोली

दिव्या मिश्रा पर हमले को लेकर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "वह रास्ते से गुजर रहा था। एक युवक ने हाथ में दो पिस्टल ले रखी थी। उसने बात करते-करते दोनों पिस्टल निकालकर गोली चला दी। आवाज सुनकर ब्रांच के कर्मचारी भी बाहर निकले, लेकिन उस व्यक्ति ने बैंक कर्मचारियों पर अपनी पिस्टल तान दी। इसके कारण वे सभी वापस अंदर भाग गए। उधर, गोली मारने के बाद वह व्यक्ति भी फरार हो गया।" प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह व्यक्ति एक ऑटो में आया था। वारदात के बाद वह व्यक्ति ऑटो से ही वहां से भागा। उसने बताया कि ऑटो रिक्शा पर पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी।

एडीसीपी ईस्ट अमोल मुरकुट ने बताया कि लखनऊ की रहने वाली दिव्या मिश्रा गोमती नगर की बैंक में कार्यरत थी। वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ एक बैंक के ग्राहक से मिलकर आई थी। एडीसीपी ने बताया कि पति पहले से ही घात लगाकर बैठा था। उसने दिव्या पर हमला किया और गोली मारकर हत्या कर दी।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली: प्रेम प्रसंग के शक में युवती की हत्या, बुराड़ी में सूटकेस से मिला शव, भाई निकला हत्यारा, ऐसे खुला राज

बहन की हत्या के बाद खुद को भी मारी गोली

पूर्वी लखनऊ की डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि दिन में गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल भेजा गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। डीसीपी दीक्षा शर्मा ने कहा कि मौके पर मौजूद लोगों ने यह बताया था कि पति ने ही महिला की हत्या की है।

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने कहा, "थोड़ी देर बाद हुसड़िया चौराहे के बाद एक व्यक्ति के अपनी बहन की हत्या करने और खुद को गोली मारने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उस व्यक्ति की पहचान दिव्या के पति के रूप में की गई।" डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि एक व्हाट्सएप स्टेटस का पता चला है, जिसमें मानस ने सुसाइड को लेकर अपना घटनाक्रम व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ेंः गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब से अब तक सात लोगों की मौत, करीब 28 लोग अस्पताल में भर्ती, चार पुलिसकर्मी निलंबित

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए