अपराध

ओडिशा के भद्रक में एक और नाबालिग लड़की का रेप, पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया, हालत गंभीर

यह नृशंस घटना जिले के चांदबाली इलाके में हाल ही में हुई 10 वर्षीय बच्ची के बलात्कार और हत्या को लेकर लोगों में व्यापक आक्रोश के बीच हुई है।

ओडिशा के भद्रक में एक और नाबालिग लड़की का रेप, पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया
ओडिशा के भद्रक में एक और नाबालिग लड़की का रेप, पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया फोटोः सोशल मीडिया

ओडिशा के भद्रक जिले में हाल ही में 10 वर्षीय बच्ची के बलात्कार और हत्या के बाद एक और नाबालिग लड़की के साथ उसके घर में 26 वर्षीय एक व्यक्ति द्वारा बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है। घटना से आहत पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना जिले के चांदबाली इलाके में हाल ही में हुई 10 वर्षीय बच्ची के बलात्कार और हत्या को लेकर व्यापक आक्रोश के बीच हुई है। इन दोनों मामलों के संबंध में एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

धामनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 17 दिसंबर की शाम को नाबालिग लड़की घर में अकेली खाना बना रही थी। आरोपी ने कथित तौर पर लड़की का मुंह उसके ही दुपट्टे से बांध दिया और उसके साथ बलात्कार किया। जाने से पहले उसने पीड़िता को चेतावनी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो उसकी बहनों का भी यही हाल होगा।

सामाजिक बदनामी और धमकी के डर से 17 वर्षीय पीड़िता शुरू में चुप रही। हालांकि, बाद में उसने घटना का विस्तृत विवरण लिखा और 20 दिसंबर को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे पहले धामारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और बाद में कटक के एक निजी नर्सिंग होम में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़िता की विधवा मां ने हाथ से लिखा हुआ नोट लेकर धामारा पुलिस से संपर्क किया और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने धामरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले एक गांव के 26 वर्षीय निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। धामारा थाने के प्रभारी निरीक्षक सोवन कुमार स्वैन ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

इससे पहले इसी जिले में तीसरी कक्षा की छात्रा का शव मंगलवार को झाड़ियों के पास मिला था, जिससे लोगों का आक्रोश भड़क गया। इस घटना के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के विरोध में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस ने गुरुवार को छह घंटे का चांदबाली बंद रखा था। डीजीपी वाई बी खुराना ने कहा कि पुलिस ने 10 वर्षीय बच्ची से जुड़े बलात्कार और हत्या के मामले को "रेड फ्लैग" मामले के रूप में वर्गीकृत किया है और त्वरित जांच व शीघ्र सुनवाई के उपाय किए जा रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • दुनिया की खबरें: 9/11 हमले के 25 साल बाद भी फैसलों का दंश झेल रहा पाक, यूक्रेन युद्ध में 5 लाख से अधिक रूसी सैनिक ढेर

  • ,
  • पंजाब कांग्रेस ने गुलजार सिंह मामले में भगवंत मान सरकार को घेरा, पीड़ित परिवार के साथ धोखा करने का आरोप लगाया

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: 'UP सरकार के लोग कर रहे बड़े पैमाने पर अन्याय', विनोद साहनी की मौत पर अखिलेश यादव का तीखा हमला

  • ,
  • Delhi Traffic Alert: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर शनिवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानें कौन सी सड़कें बंद

  • ,
  • ब्रिक्स बिजनेस फोरम से पुतिन का अमेरिका पर निशाना, बोले- प्रतिबंध लगाने वाले देश खुद औद्योगिक गिरावट से जूझ रहे