
दिल्ली के भजनपुरा में बुरारी कांड जैसा मामला सामने आया है। भजनपुरा इलाके के सी ब्लॉक में एक घर में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने की खबर है। पुलिस के अनुसार, यह परिवार कुछ समय पहले ही इस मकान में किराए पर रहने के लिए आया था। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी व तीन बच्चे मकान में रह रहे थे। इस मकान में शंभूनाथ, उसकी पत्नी सुनीता, बेटी कविता, बेटा सचिन और एक छोटा बेटा साथ में रहते थे।
पुलिस ने बताया कि मकान का ताला बाहर से लगा हुआ था। मकान से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। खबरों के मुताबिक, शवों को क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया। इस घटना के सामने आने से आपसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है।
गौरतलब है कि साल 2019 में दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 लोगों की लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। सभी के शव घर में लटके मिले थे। मृतकों में सात महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Feb 2020, 3:41 PM IST