
उत्तर प्रदेश में असामाजिक तत्वों का आतंक जारी है। बुधवार को आगरा में यूपी बार काउंसलि की अध्यक्ष दरवेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो दिन पहले ही दरवेश यादव बार काउंसलि की अध्यक्ष बनाईं गईं थी। आज आगरा के दीवानी कचहरी में उनका स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान हत्या के इस वारदात को अंजम दिया गया। इस घटना में एक और अधिवक्ता को भी गोली लगी है।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की पहली महिला अध्यक्ष दरवेश यादव के सम्मान में आगरा की दीवानी कचहरी में स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या गर दी गई। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता मनीष ने समारोह के दौरान अचानक पिस्तौल निकाली और यूपी बार काउंसिल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष दरवेश यादव पर गोली चला दी। दरवेश को तीन गोलियां लगी, घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दरवेश को गोली मारने वाला मनीष शर्मा ने खुद को भी गोली मार ली। आरोपी दरवेश यादव का पूर्व सहयोगी बताया जा रहा है।
मनीष को भी पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मनीष की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के वक्त कचहरी में अफरा तफरी का माहौल था। वहीं इस घटना के बाद अस्पताल में वकीलों की भीड़ जमा हो गई है। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह का पता नहीं लग सका है। आगरा जोन के सभी बड़े पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
यूपी बार काउंसिल ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। काउंसिल ने यूपी सरकार से अपने सभी सदस्यों की सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। बार काउंसिल ने दरवेश यादव के परिवार को 50 लाख रुपए के मुआवजे की भी मांग की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए