अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: 590 करोड़ रुपए का फ्रॉड के बाद IDFC फर्स्ट बैंक का शेयर लुढ़का और सोने के आयात पर कड़ी नजर

दिन की शुरुआत में शेयर पिछले सत्र की क्लोजिंग 83.51 रुपए के मुकाबले 10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.16 रुपए पर खुला। इसके बाद गिरावट बढ़ती चली गई और यह 20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 66.80 रुपए पर पहुंच गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के शेयर में सोमवार को 20 प्रतिशत की गिरावट के साथ लोअर सर्किट देखा गया। इसकी वजह बैंक में 590 करोड़ रुपए का फ्रॉड सामने आना है, जो कथित तौर पर बैंक के चंडीगढ़ ब्रांच के कर्मचारियों की ओर से किया गया है।

दिन की शुरुआत में शेयर पिछले सत्र की क्लोजिंग 83.51 रुपए के मुकाबले 10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.16 रुपए पर खुला। इसके बाद गिरावट बढ़ती चली गई और यह 20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 66.80 रुपए पर पहुंच गया।

हालांकि, बाद में रिकवरी आई और सुबह 11:38 पर यह 15.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 70.39 रुपए प्रति शेयर पर था।

बैंक ने कहा कि मामला चंडीगढ़ शाखा में हरियाणा सरकार से जुड़े कुछ खातों तक ही सीमित है। बैंक ने नियामकों को सूचित कर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। जांच लंबित रहने तक बैंक ने चार अधिकारियों को निलंबित भी कर दिया है।

बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा, "पहली झलक में लगता है कि चंडीगढ़ की एक विशेष शाखा में कुछ कर्मचारियों द्वारा हरियाणा राज्य सरकार के कुछ खातों में अनधिकृत और धोखाधड़ी वाली गतिविधियां की गई हैं, जिनमें संभवतः अन्य व्यक्ति/संस्थाएं/सहयोगी भी शामिल हैं।"

Published: undefined

भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद, सेंसेक्स में 480 अंकों की बढ़त

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत यानी 479.95 अंकों की बढ़त के साथ 83,294.66 पर बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 0.55 प्रतिशत यानी 141.75 अंक बढ़कर 25,713 पर बंद हुआ।

सोमवार को घरेलू बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि एनएसई स्मॉलकैप 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिनमें क्रमशः 1.36 प्रतिशत और 1.03 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी आईटी सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाला इंडेक्स रहा, इसके बाद निफ्टी केमिकल्स इंडेक्स का स्थान रहा।

सेंसेक्स पैक में, अदाणी पोर्ट्स, कोटक बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली और ये टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे। वहीं, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व और आईटीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

Published: undefined

आईडीएफसी बैंक फ्रॉड पर आरबीआई गवर्नर का बयान, 'कोई सिस्टमैटिक खतरा नहीं, स्थिति पर नजर है...'

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि बैंकिंग सिस्टम पर किसी तरह का व्यापक या सिस्टमैटिक जोखिम नहीं है। साथ ही केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि वह किसी व्यक्तिगत बैंक या विनियमित संस्था पर टिप्पणी नहीं करता। यह बयान उस समय आया है जब आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने चंडीगढ़ शाखा में 590 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा किया है।

राष्ट्रीय राजधानी में आरबीआई के केंद्रीय निदेशक मंडल की बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि केंद्रीय बैंक स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है, लेकिन वित्तीय स्थिरता को कोई बड़ा खतरा नहीं है।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में 590 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी से संबंधित खबरों पर आईएएनएस के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मल्होत्रा ने कहा कि केंद्रीय बैंक पूरी तरह सतर्क है।

उन्होंने कहा, "हम किसी व्यक्तिगत बैंक या विनियमित संस्था पर टिप्पणी नहीं करते। हम हालात पर नजर रखे हुए हैं और यहां किसी तरह की सिस्टमैटिक समस्या नहीं है।" यह प्रेस ब्रीफिंग वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की आरबीआई बोर्ड के साथ बैठक के बाद आयोजित की गई थी। गवर्नर ने कहा कि भारत का बैंकिंग सिस्टम मजबूत स्थिति में है, जिसे पर्याप्त पूंजी और तरलता (लिक्विडिटी) का समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने बताया कि बैंकों का पूंजी पर्याप्तता अनुपात (कैपिटल एडेक्वेसी रेशियो-सीएआर) फिलहाल करीब 17 प्रतिशत है, जो काफी मजबूत स्तर माना जाता है।

Published: undefined

त्योहारों पर हवाई किराये में बढ़ोतरी के मुद्दे पर गौर कर रहा नागर विमानन मंत्रालयः केंद्र

केंद्र सरकार ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय में कहा कि हवाई किरायों और संबद्ध शुल्कों में निजी एयरलाइन कंपनियों के स्तर पर मनमाने ढंग से किए जाने वाले बदलावों पर लगाम लगाने के मुद्दे को लेकर नागर विमानन मंत्रालय सक्रियता से विचार कर रहा है।

एक जनहित याचिका में उठाए गए इस मुद्दे को शीर्ष अदालत ने 'बहुत गंभीर चिंता' का विषय बताते हुए केंद्र को निर्णय प्रक्रिया पूरी करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने कहा, “यह अत्यंत गंभीर मुद्दा है। अगर ऐसा नहीं होता तो हम अनुच्छेद 32 के तहत याचिकाएं स्वीकार नहीं करते।”

केंद्र की तरफ से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल कौशिक ने कहा कि मंत्रालय को जवाब दाखिल करने के लिए कम-से-कम तीन सप्ताह की जरूरत है, क्योंकि याचिका में उठाए गए पहलुओं पर सक्रिय विचार-विमर्श चल रहा है।

पीठ ने यह दर्ज किया कि मंत्रालय ने इस मामले को संज्ञान में लिया है। मामले की अगली सुनवाई 23 मार्च को होगी।

इससे पहले 19 जनवरी को शीर्ष अदालत ने त्योहारों और आपात स्थितियों के दौरान हवाई किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी को 'शोषण' करार देते हुए केंद्र और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से जवाब मांगा था।

उच्चतम न्यायालय ने 17 नवंबर को इस मामले में केंद्र, डीजीसीए और भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण (एईआरए) को नोटिस जारी किए थे।

Published: undefined

रुपया सात पैसे बढ़कर 90.87 प्रति डॉलर पर

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे बढ़कर 90.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और वैश्विक रुख से जुड़ी नई अनिश्चितताओं के बीच कमजोर डॉलर की वजह से रुपये में तेजी आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, विदेशी कोषों की निकासी और भू-राजनीतिक चिंताओं ने रुपये की तेजी को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 90.76 पर खुला और सत्र के दौरान डॉलर के मुकाबले 90.67-90.89 के दायरे में कारोबार करता रहा। आखिर में यह पिछले बंद भाव से सात पैसे बढ़कर 90.87 (अस्थायी) पर बंद हुआ। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे टूटकर 90.94 पर बंद हुआ था।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined