अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार बड़ी तेजी के साथ बंद, सेंसेक्स 485 अंक उछला और बैंक ऑफ बड़ौदा ने ग्राहक को दी राहत

सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 84,065.75 और निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,867.30 पर था।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
फाइल फोटोः सोशल मीडिया 

भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 84,065.75 और निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,867.30 पर था।

सूचकांकों में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पीएसयू बैंक, रियल्टी, इंडिया डिफेंस, मेटल, फार्मा और हेल्थकेयर के साथ करीब सभी हरे निशान में बंद हुए।

सेंसेक्स पैक में एसबीआई, टाइटन, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, इंडिगो, एमएंडएम, एलएंडटी, अदाणी पोर्ट्स और एशियन पेंट्स गेनर्स थे।

दूसरी तरफ पावर ग्रिड, आईटीसी, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और मारुति लूजर्स थे।

बाजार में तेजी की वजह भारत-अमेरिका का ट्रेड डील पर साझा बयान सामने आने को माना जा रहा है जो कि रविवार सुबह जारी हुआ था, जिसमें भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ 50 प्रतिशत से कम होकर 18 प्रतिशत हो गया है। साथ ही, कई सामानों के निर्यात पर ड्यूटी को शून्य रखा गया है।

लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 938.45 अंक या 1.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,441.15 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 447.25 अंक या 2.64 प्रतिशत की मजबूती के साथ 17,385.90 पर बंद हुआ।

Published: undefined

आरबीआई का बड़ा कदम, अब सूक्ष्म और लघु उद्यमों को मिलेगा 20 लाख रुपए तक का कोलैटरल फ्री लोन

देश में अब सूक्ष्म और लघु उद्यम (एमएसई) को 20 लाख रुपए तक का कोलैटरल फ्री लोन (बिना कुछ गिरवी रखकर लोन लेना) मिलेगा। यह जानकारी आरबीआई की ओर से सोमवार को जारी सर्कुलर में दी गई।

आरबीआई द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को लोन देने संबंधी (संशोधन) निर्देश, 2026 जारी किए हैं। ये संशोधन निर्देश सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को लोन देने संबंधी मुख्य दिशा-निर्देश (दिनांक 23 जुलाई, 2025 तक अपडेटेड) के कुछ प्रावधानों में बदलाव करते हैं।

सर्कुलर में आगे कहा गया कि इस संशोधन के बाद सूक्ष्म और लघु उद्यम (एमएसई) बिना कुछ गिरवी रखकर 20 लाख रुपए तक का लोन ले सकते हैं। इसके अलावा कुछ नियामक बदलावों के अनुरूप कुछ संशोधनों को अलग से अधिसूचित किया जाएगा। केंद्रीय बैंक ने बताया कि यह संशोधित निर्देश एक अप्रैल 2026 से लागू होंगे।

आरबीआई ने आगे बताया कि इन निर्देशों का उद्देश्य सीमित परिसंपत्तियों वाले सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए अंतिम छोर तक लोन वितरण को मजबूत करना है, जिससे वह आसानी से लोन ले पाएं।

Published: undefined

रुपया नौ पैसे टूटकर 90.74 प्रति डॉलर पर

रुपया सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में नौ पैसे टूटकर 90.74 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि व्यापारी भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार ढांचे के विवरण का आकलन करते नजर आए। रुपये में भारी अस्थिरता देखी गई क्योंकि घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान और विदेशी पूंजी के प्रवाह से मिल रहे समर्थन पर निवेशकों के जोखिम से बचने के रवैये का असर पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर खुला। फिर थोड़ा मजबूत होकर 90.37 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की बढ़त है। हालांकि, इसने जल्द अपनी बढ़त खो दी और 90.77 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.74 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे कम है। रुपया शुक्रवार को 31 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.65 पर बंद हुआ था।

भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की शनिवार को घोषणा की थी जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।

दोनों पक्षों की ओर से जारी संयुक्त बयान के अनुसार, भारत ने अगले पांच वर्ष में 500 अरब अमेरिकी डॉलर के अमेरिकी ऊर्जा उत्पाद, विमान व विमान के कलपुर्जे, कीमती धातुएं, प्रौद्योगिकी उत्पाद और कोकिंग कोयला खरीदने का इरादा व्यक्त किया है।

Published: undefined

बैंक ऑफ बड़ौदा ने कार ऋण पर ब्याज दर 0.30 प्रतिशत घटाई

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) ने सोमवार को अपनी कार ऋण पर ब्याज दरों में 0.30 प्रतिशत की कटौती करने की घोषणा की। नयी दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

बैंक ने एक बयान में कहा कि उसकी परिवर्तनशील (फ्लोटिंग) ब्याज दर अब 7.6 प्रतिशत वार्षिक से शुरू होगी। इसके अलावा, बैंक ‘बड़ौदा कार लोन’ पर आकर्षक निश्चित ब्याज दर की भी पेशकश कर रहा है, जो 8.5 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होती है।

बयान के अनुसार, 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर नयी कार की खरीद पर उपलब्ध होगी और यह कर्ज लेने वाले व्यक्ति के क्रेडिट प्रोफाइल (सिबिल स्कोर आदि) से जुड़ी होगी।

ब्याज दरों में कटौती के साथ ही बैंक व्यक्तिगत कर्जदारों को फ्लोटिंग रेट वाले कार ऋण पर समय पूर्व भुगतान या आंशिक भुगतान पर लगने वाले शुल्क से राहत दे रहा है।

बैंक ने बताया कि बड़ौदा कार लोन (निश्चित और परिवर्तनशील दोनों) पर ब्याज की गणना 'डेली रिड्यूसिंग बैलेंस' (दैनिक घटते शेष) पद्धति के आधार पर की जाती है, जो इसे ग्राहकों के लिए और भी किफायती बनाता है।

ग्राहक 84 महीनों तक की विस्तारित पुनर्भुगतान अवधि (रिपेमेंट टेन्योर) का लाभ भी उठा सकते हैं, जिससे उन्हें भुगतान में अधिक लचीलापन मिलेगा।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined