अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत विफल होने से शेयर बाजार में गिरावट और सोने-चांदी हुई सस्ती

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बातचीत विफल होने के साथ संघर्ष लंबे समय तक जारी रहने की चिंता में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई। जिसके बाद शेयर मार्केट में गिरावट देखने को मिली।

शेयर बाजार में जोरदार गिरावट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
शेयर बाजार में जोरदार गिरावट (प्रतीकात्मक तस्वीर) फोटोः सोशल मीडिया

स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 703 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 208 अंक के नुकसान में रहा। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बातचीत विफल होने के साथ संघर्ष लंबे समय तक जारी रहने की चिंता में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,847.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,681.93 अंक लुढ़क कर 75,868.32 अंक पर आ गया था।

एनएसई निफ्टी भी 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाली शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक शामिल हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई ऐतिहासिक 21 घंटे की वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला। इससे दो सप्ताह के युद्धविराम का भविष्य अनिश्चित हो गया है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.73 प्रतिशत बढ़कर 102.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट मामूली बढ़त में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजारों को पिछले सप्ताह के युद्धविराम समझौते से सीमित समर्थन मिल रहा है। चुनिंदा लिवाली के साथ-साथ गिरावट पर लिवाली देखने को मिल रही है। अमेरिका-ईरान वार्ता के विफल होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा पर शुरुआती नकारात्मक प्रतिक्रिया के बावजूद यह देखने को मिल रहा है। हालांकि, वार्ता विफल होने से कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गयी है।’’

Published: undefined

सोने की कीमतों में मामूली गिरावट; चांदी 3,000 रुपए सस्ती हुई

सोने की कीमत में सोमवार को मामूली गिरावट देखने को मिली। वहीं, चांदी की कीमत में करीब 3,000 रुपए की गिरावट हुई।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 316 रुपए कम होकर 1,50,011 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले 1,50,327 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

22 कैरेट सोने का दाम 1,37,700 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,37,410 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,12,745 रुपए प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,12,508 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। चांदी का दाम 2,953 रुपए कम होकर 2,36,981 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,39,934 रुपए प्रति किलो था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5:40 पर सोने के 05 जून 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.72 प्रतिशत कम होकर 1,51,550 रुपए था। चांदी के 05 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 2.25 प्रतिशत घटकर 2,37,800 रुपए था।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। सोना 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,741 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74 डॉलर प्रति औंस पर थी।

Published: undefined

खुदरा महंगाई दर मार्च में 3.4 प्रतिशत रही; अरहर, आलू और प्याज के दाम घटे

खुदरा महंगाई दर मार्च में सालाना आधार पर 3.4 प्रतिशत रही है, इसमें क्रमिक आधार पर 0.19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। फरवरी में यह 3.21 प्रतिशत थी। यह जानकारी सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा सोमवार को दी गई।

मंत्रालय ने कहा कि मार्च में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 3.63 प्रतिशत और शहरी इलाकों में खुदरा महंगाई दर 3.11 प्रतिशत रही है। खाद्य महंगाई दर मार्च में 3.87 प्रतिशत रही है और फरवरी में यह 3.47 प्रतिशत थी।

मार्च में ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई दर 3.96 प्रतिशत रही है और शहरी इलाकों में यह 3.71 प्रतिशत थी।

बीते महीने प्याज -27.76 प्रतिशत, आलू -18.98 प्रतिशत, लहसुन -10.18 प्रतिशत, अरहर -9.56 प्रतिशत और मटर, चना -7.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ राष्ट्रीय स्तर पर सबसे कम महंगाई दर्ज करने वाले शीर्ष 5 प्रमुख आइटम थे। इन सभी में महंगाई दर सालाना आधार पर नकारात्मक रही है।

वहीं, दूसरी तरफ चांदी की ज्वैलरी 148.61 प्रतिशत, सोना/हीरा/प्लेटिनम ज्वैलरी 45.92 प्रतिशत, कोपरा 45.52 प्रतिशत, टमाटर (35.99 प्रतिशत और फूलगोभी 34.11 प्रतिशत, राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक महंगाई दर्ज करने वाले शीर्ष 5 प्रमुख आइटम थे। इन सभी आइटम में महंगाई दर सालाना आधार पर सकारात्मक रही है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined