
सोना खरीदारों के लिए खुशखबरी है। बुधवार को सोने की कीमत में कमजोरी देखने को मिली है, हालांकि,यह सीमित रही है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 233 रुपए कम होकर 1,59,008 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,59,241 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
22 कैरेट सोने की कीमत 1,45,865 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,45,651 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने का दाम 1,19,431 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,19,256 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
दूसरी तरफ चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। यह 2,505 रुपए बढ़कर 2,65,417 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,62,912 रुपए प्रति किलो था।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.51 प्रतिशत बढ़कर 1,60,791 रुपए हो गया है। चांदी के 5 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 2.31 प्रतिशत बढ़कर 2,66,756 रुपए हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,199 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 90.48 डॉलर प्रति औंस पर है।
Published: undefined
भारतीय शेयर बाजार में रिकवरी के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं और बेस केस सिनारियो में निफ्टी अगले 12 महीनों में 27,958 के स्तर को छू सकता है। यह जानकारी बुधवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में दी गई।
पीएल कैपिटल की रिपोर्ट में कहा गया है कि 20 गुना फॉरवर्ड अर्निंग्स मल्टीपल का बुलिश सिनारियो निफ्टी के 30,497 के छूने का संकेत देता है, जबकि बेयरिश सिनारियो में निफ्टी 26,486 के स्तर पर रहता है।
बेस केस सिनारियो का मतलब बाजार में सामान्य स्थिति, बुलिश सिनारियो का मतलब तेजी और बेयरिश सिनारियो का अर्थ कमजोरी के रुझान से है।
कंपनी ने कहा कि प्रति शेयर आय (ईपीएस) में 3.8 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है और वित्त वर्ष 2026-28 के दौरान अनुमानित 16.3 प्रतिशत सीएजीआर के साथ मध्यम अवधि में आय का रुझान मजबूत बना हुआ है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है, जिसमें बिक्री, ईबीआईटीडीए और कर पश्चात लाभ में क्रमशः 9.9 प्रतिशत, 16.4 प्रतिशत और 16.7 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया, “नीतिगत स्पष्टता, ऐतिहासिक व्यापार समझौतों और बुनियादी ढांचे के निरंतर विकास के चलते भारत की विकास गाथा निर्णायक दौर में प्रवेश कर रही है, जिससे विस्तार के अगले चरण की नींव रखी जा रही है।”
इसमें आगे कहा गया है कि बाजार में लंबे समय से चल रहे समेकन का दौर अब नए सिरे से आशावाद का द्वार खोलता दिख रहा है और हालिया आय विश्लेषण में बदलाव के बावजूद संरचनात्मक कारक मजबूती से अपनी जगह पर बने हुए हैं।
Published: undefined
भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में मामूली तेजी के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 50.15 अंक या 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,276.07 और निफ्टी 57.85 अंक या 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,482.50 पर बंद हुआ।
दिन के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों ने बाजार को मजबूत बनाने का काम किया है। इससे सेंसेक्स 82,957.91 के स्तर तक पहुंच गया, लेकिन सत्र के अंत में बड़े लार्जकैप शेयरों में बिकवाली के कारण यह 82,276 पर आकर बंद हुआ।
बाजार को संभालने का काम मेटल और ऑटो स्टॉक्स ने किया। निफ्टी मेटल 2.70 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो और फार्मा 1.85-1.85 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। निफ्टी हेल्थकेयर 1.59 प्रतिशत, निफ्टी आईटी 1.57 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 1.35 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.93 प्रतिशत और निफ्टी कमोडिटीज 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।
दूसरी तरफ निफ्टी पीएसयू बैंक 0.39 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.30 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 0.25 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 339.75 अंक या 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,406.10 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 160.05 अंक या 0.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ 17,118.70 पर था।
सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टीसीएल, इंडिगो, सन फार्मा, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, बीईएल, एलएंडटी, टेक महिंद्रा, टाइटन, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, एचयूएल और अल्ट्राटेक सीमेंट गेनर थे। एसबीआई, इटरनल, भारती एयरटेल, आईटीसी, कोटक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट लूजर थे।
Published: undefined
भारत के इस्पात और धातु उद्योग के दिग्गज जतिंदर मेहरा का 24 फरवरी को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।
मेहरा एस्सार ग्रुप के धातु एवं खनन प्रभाग में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने समूह के धातु एवं खनन व्यवसायों को रणनीतिक दिशा प्रदान की। उन्हें तकनीकी विशेषज्ञता, परिचालन नेतृत्व और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं को आकार देने के उनके व्यापक अनुभव के लिए जाना जाता है।
एस्सार समूह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ एस्सार परिवार, जतिंदर मेहरा जी के निधन से बेहद दुखी है। वह भारत के इस्पात उद्योग के सम्मानित दिग्गज थे जिनकी दूरदृष्टि ने एस्सार समूह की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को दिशा दी।’’
समूह ने कहा कि मेहरा ने कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का नेतृत्व किया, विचारों को मूर्त रूप दिया और अपनी स्पष्ट सोच, प्रतिबद्धता एवं नेतृत्व से दलों को प्रेरित किया।
एस्सार में अपने कार्यकाल के दौरान मेहरा ने हजीरा में इस्पात उत्पादन क्षमता के विस्तार और ओडिशा में प्रस्तावित पारादीप इस्पात संयंत्र सहित एकीकृत इस्पात परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व ने वैश्विक इस्पात क्षेत्र में समूह की उपस्थिति मजबूत करने में योगदान दिया।
Published: undefined
दुनिया भर में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निधियों की धननिकासी के बीच अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया लगातार दूसरे दिन भी सीमित दायरे में रहा और डॉलर के मुकाबले एक पैसे टूटकर 90.96 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशीमुद्रा व्यापारियों के अनुसार, कमजोर डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक धारणा ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले 90.94 पर खुला और पूरे सत्र में एक सीमित दायरे में कारोबार करता रहा, फिर 90.96 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से एक पैसा कम है। मंगलवार को, डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे गिरकर 90.95 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘शुरुआती कारोबार में कमजोर डॉलर और घरेलू बाजारों की सकारात्मक शुरुआत से रुपया चढ़ा। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण इसने बढ़त खो दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव और चल रहे व्यापार शुल्क की अनिश्चितता के बीच रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। अमेरिका और ईरान के बीच बृहस्पतिवार को बातचीत होने की संभावना है, और अब बाजारों को उम्मीद है कि अमेरिका ईरान पर सीमित हमला कर सकता है।’’
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined