अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: सोने-चांदी में भारी गिरावट और सुस्त रफ्तार के साथ सपाट बंद हुआ शेयर बाजार

वैश्विक स्तर पर बिकवाली के बीच सोने की कीमतों में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट आई। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,700 रुपये टूटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में करीब सपाट बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 12.99 अंक या 0.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,944.28 और निफ्टी 24.60 अंक या 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,055.80 पर था।

सत्र के दौरान बाजार की तेजी को सहारा आईटी और एफएमसीजी स्टॉक्स ने दिया। सूचकांकों में निफ्टी आईटी 0.98 प्रतिशत और निफ्टी एफएमसीजी 0.94 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर्स थे। निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.35 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.33 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया 0.26 प्रतिशत और निफ्टी कमोडिटीज 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।

दूसरी तरफ निफ्टी हेल्थकेयर 1.60 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.45 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 1.42 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.40 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 1.22 प्रतिशत और निफ्टी पीएसयू बैंक 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में बड़ी बिकवाली देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 890.25 अंक या 1.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63,334.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 45.40 अंक या 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 19,886.25 पर था।

सेंसेक्स पैक में आईटीसी, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, टीसीएस और इटरनल गेनर्स थे। मारुति सुजुकी, एसबीआई, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, एमएंडएम, एक्सिस बैंक, टाइटन, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और बीईएल लूजर्स थे।

बाजार के जानकारों ने कहा कि बाजार अब बढ़ती ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूत ग्रोथ की रफ्तार को संतुलित कर रहे हैं। उम्मीद से बेहतर जीडीपी ग्रोथ घरेलू मांग और व्यापक अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाती है। हालांकि, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख ने महंगाई और लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरों की संभावना को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं।

आरबीआई ने सुमन रे को नया कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को सुमन रे को तत्काल प्रभाव से कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया। कार्यकारी निदेशक के पद पर पदोन्नत होने से पहले रे महाराष्ट्र के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्यरत थे।

कार्यकारी निदेशक के रूप में रे जमा बीमा और ऋण गारंटी निगम विभाग और परिसर विभाग का कामकाज संभालेंगे।

केंद्रीय बैंक के एक बयान के अनुसार, रे को रिजर्व बैंक में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने मुद्रा प्रबंधन, वित्तीय समावेशन, भुगतान एवं निपटान प्रणाली, उपभोक्ता शिक्षा एवं संरक्षण और मानव संसाधन सहित कई क्षेत्रों में काम किया है। रे पश्चिमी क्षेत्रीय स्थानीय बोर्ड के सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

पिछले महीने आरबीआई ने मोनिशा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया था। चक्रवर्ती विदेशी मुद्रा विभाग और वित्तीय बाजार विनियमन विभाग का कामकाज संभालेंगी।

कैरियर केंद्रीय बैंकर के रूप में चक्रवर्ती को आरबीआई में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने पर्यवेक्षण, विदेशी मुद्रा तथा सरकारी एवं बैंक खातों से जुड़े क्षेत्रों में काम किया है। वह आरबीआई की बैलेंस शीट और लाभ-हानि खाते के प्रारूप की समीक्षा के लिए गठित एक तकनीकी समिति से भी जुड़ी थीं। चक्रवर्ती बैंकिंग लोकपाल के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

कार्यकारी निदेशक के पद पर पदोन्नति से पहले वह पर्यवेक्षण विभाग में प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत थीं। चक्रवर्ती ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक और बिजनेस इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है।

बैंक कर्मचारी संगठनों का 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के शीर्ष संगठन ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस’ (यूएफबीयू) ने पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने में देरी, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना में मतभेद और पेंशन संबंधी मुद्दों समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

यह हड़ताल होने पर खासकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में बैंकिंग सेवाएं देश के कई हिस्सों में चार दिन तक प्रभावित हो सकती हैं। हड़ताल शुक्रवार के दिन प्रस्तावित है, जिसके बाद दो दिन बैंक अवकाश रहेगा। वहीं, कुछ राज्यों में 14 सितंबर को भी गणेश चतुर्थी का अवकाश है।

सात बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों के निकाय यूएफबीयू ने 28 सितंबर से तीन दिन की एक और राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। यह हड़ताल छमाही खाताबंदी के साथ होगी।शीर्ष संगठन ने कहा कि मांगें नहीं मानी जाने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का भी फैसला किया गया है।

अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) के महासचिव रूपम रॉय ने कहा कि पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव पर भारतीय बैंक संघ (आईबीए) ने आठ मार्च, 2024 को हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते/नौवें संयुक्त नोट के तहत सहमति जताई थी। इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक काम के घंटे 40 मिनट बढ़ाने का प्रस्ताव था।

रॉय ने कहा कि इसे सरकार के पास भेजा गया था, लेकिन दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह प्रस्ताव लंबित है।

सोने में 2,700 रुपये की और गिरावट, चांदी 5,000 रुपये टूटी

वैश्विक स्तर पर बिकवाली के बीच सोने की कीमतों में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट आई। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,700 रुपये टूटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,700 रुपये घटकर लगभग दो सप्ताह के निचले स्तर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि सोमवार को यह 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यह कीमती धातु 19 अगस्त को भी इसी स्तर पर कारोबार कर रही थी, जब इसकी कीमत 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

पिछले पांच सत्रों में, सोने में 8,900 रुपये या 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। 25 अगस्त को इसकी कीमत 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी।

चांदी की कीमत में भी 5,000 रुपये की गिरावट आई और यह 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। सोमवार को यह 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही थी।

सर्राफा पर दबाव इसलिए बना क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ गईं और ब्याज दरों के परिदृश्य पर ध्यान केंद्रित हो गया।

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड की जिंस और मुद्रा शोध विश्लेषक वेदिका नार्वेकर ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच हालिया तनाव और उसके कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच घरेलू सोने की कीमतें दबाव में हैं। इससे महंगाई की चिंताएं भी बढ़ रही हैं, जिससे सोने के लिए परिदृश्य और भी महत्वपूर्ण हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे बहुत जरूरी न होने पर सोना न खरीदें। किर्गिस्तान से एक इंस्टाग्राम वीडियो में, मोदी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर अधिक जोर देने का आह्वान किया और लोगों से विदेशी छुट्टियों, विदेश में शादियों और अनावश्यक सोना खरीदने से बचने को कहा।

रुपया 28 पैसे की बढ़त के साथ 94.94 प्रति डॉलर पर

रुपया मंगलवार को 28 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.94 (अस्थायी) पर रहा। घरेलू अर्थव्यवस्था में मजबूत वृद्धि, राजकोषीय घाटे पर नियंत्रण और पोर्टफोलियो निवेश से जुड़े प्रवाह के बीच यह दो महीने के उच्च स्तर पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, हाल में एमएससीआई से जुड़े निवेश प्रवाह से रुपये को अस्थायी सहारा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी संभवत: घरेलू मुद्रा को समर्थन देने के लिए बाजार में हस्तक्षेप किया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.06 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.79 से 95.10 के दायरे में रहा।

अंत में यह 94.94 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की बढ़त है।रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे मजबूत होकर 95.22 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘आरबीआई के संभावित हस्तक्षेप और बेहतर व्यापक आर्थिक आंकड़ों से भारतीय रुपया मजबूत हुआ। हालांकि, कमजोर घरेलू बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत बढ़कर 99.58 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 1.97 प्रतिशत चढ़कर 92.27 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपये पर कुछ हद तक दबाव बना रह सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, तनाव में कमी आने पर निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’

चौधरी के अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.65 से 95.25 के दायरे में रहने का अनुमान है। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 12.99 अंक की गिरावट के साथ 76,944.28 अंक पर और निफ्टी 24.60 अंक टूटकर 24,055.80 अंक पर बंद हुआ।