अर्थतंत्र

अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार ने फिर पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल, 1.30 लाख रुपये के नीचे फिसला सोना

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, एशियाई बाजार के कमजोर संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को लेकर चिंताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में रिकवरी जारी रही।

शेयर बाजार ने फिर पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल, 1.30 लाख रुपये के नीचे फिसला सोना
शेयर बाजार ने फिर पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल, 1.30 लाख रुपये के नीचे फिसला सोना 

पिछले दिन की गिरावट के बाद गुरुवार के सत्र में भारतीय शेयर बाजार ने फिर से रफ्तार पकड़ते हुए शानदार उछाल के साथ कारोबार की समाप्ति की। इस दौरान दोनों प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

बाजार बंद होने पर, सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत बढ़कर 25,514.30 पर पहुंच गया।

दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 83,043.87 का उच्चतम स्तर टच किया, जबकि निफ्टी 50 ने 25,514.30 का इंट्रा-डे हाई बनाया।

निफ्टी 50 इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त मारुति सुजुकी के शेयरों में देखने को मिली, जिनके शेयर 7.58 प्रतिशत चढे। इसके बाद आयशर मोटर्स, एमएंडएम, टीएमपीवी, और एचयूएल का स्थान रहा, जिनमें 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। वहीं इसके विपरीत टीसीएस, टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.06 प्रतिशत तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.71 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 4.40 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल में 3.2 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी में 2.09 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.29 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं इसके विपरीत, निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.1 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, एशियाई बाजार के कमजोर संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को लेकर चिंताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में रिकवरी जारी रही। विदेशी निवेशकों के निरंतर निवेश और तांबे से लेकर कच्चे तेल तक कमोडिटी की कीमतों में नरमी से इसे समर्थन मिला।

नवंबर में रिकॉर्ड विदेशी निवेश से बाजार में तरलता बढ़ी, जबकि कच्चे तेल की कम कीमतों ने भविष्य की मुद्रास्फीति और बाह्य संतुलन को लेकर चिंताओं को कम किया।

विशेषज्ञों ने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में तेजी देखी गई क्योंकि तांबे और एल्युमीनियम की गिरती कीमतों से मार्जिन आउटलुक में सुधार हुआ। वहीं, उपभोग और बैंकिंग शेयरों में भी उछाल आया और बैंकिंग सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए।

डॉलर में मजबूती से सोना 1.30 लाख रुपए के नीचे फिसला, चांदी में सपाट कारोबार

सोना गुरुवार को शुरुआती कारोबार में कमजोर बना हुआ है। यह अब फिसलकर 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे पहुंच गया है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 10:35 पर सोने का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 690 रुपए या 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,29,124 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।

अब तक के कारोबार में सोने ने 1,28,310 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,29,550 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ है। सोने की अपेक्षा चांदी में सपाट कारोबार हो रहा है।

खबर लिखे जाने तक चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 12 रुपए की मामूली तेजी के साथ 1,60,746 रुपए प्रति किलो पर थी। अब तक के कारोबार में इसने 1,59,321 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 1,61,345 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने में कमजोरी और चांदी में तेजी देखने को मिल रही है। कॉमेक्स पर सोना 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,730 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 45.22 डॉलर प्रति औंस पर था।

जानकारों ने कहा कि सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही। फेडरल रिजर्व के सख्त रुख वाले बयानों से मौद्रिक नीति और सख्त होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिसके चलते सोने की कीमत 14 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गई है।

रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत, पांच पैसे चढ़कर 93.36 प्रति डॉलर पर

रुपया बृहस्पतिवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मजबूत बना रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार लिवाली के बीच डॉलर में नरमी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारतीय मुद्रा की बढ़त पर अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.17 के उच्चस्तर तक गया और 93.55 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 93.41 पर बंद हुआ था। इससे पहले के दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 68 पैसे की तेजी आई थी।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये ने सुबह की शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली। ऊंचे स्तर से अमेरिकी डॉलर में नरमी ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में सुधार ने रुपये की तेज बढ़त को सीमित किया।

चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा लिवाली से रुपये को आगे भी समर्थन मिल सकता है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त मौद्रिक रुख, जिसका संकेत एफओएमसी की ताजा बैठक के ब्योरे में मिला है, और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर सकती हैं।

  • गोलवलकर ने सावरकर की आलोचना की थी, क्या बीजेपी और शिवसेना नेता उनकी किताब फाड़ेंगे: कांग्रेस

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: जेल में अमानवीय बर्ताव का आरोप लगाते हुए बोले आजम खान- अब धर्म-जाति के नाम पर नहीं होंगे चुनाव

  • ,
  • खेल: सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने पर शास्त्री-गावस्कर और रहाणे ने जताई नाराजगी और निकोल्स के कायल हुए निकोल्स

  • ,
  • तमिलनाडु चुनाव में स्टालिन को हराने वाले टीवीके विधायक वीएस बाबू का निधन, दो महीने से अस्पताल में थे भर्ती

  • ,
  • इंदिरा गांधी की जयंती पर सोनिया गांधी ने शेयर की 'आयरन लेडी' के साथ जुड़ी अपनी यादें, प्रियंका ने दादी के साहस को सराहा