
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 879.09 अंक या 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,472.33 और निफ्टी 288.65 अंक या 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,520.45 था।
सत्र में खरीदारी को सहारा आईटी शेयरों ने दिया। सूचकांकों में निफ्टी आईटी 3 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। इसके अलावा, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कंजप्शन , निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी मेटल, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कमोडिटीज हरे निशान में बंद हुए। केवल निफ्टी ऑयल एंड गैस लाल निशान में बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 904.80 अंक या 1.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 58,787.30 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 103.60 अंक या 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,153.70 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में आईटीसी, टीसीएस, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, टाटा स्टील, एचयूएल, टाइटन, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, एमएंडएम, इंडिगो, एनटीपीसी, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस गेनर्स थे। केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज ही लूजर था।
जानकारों ने कहा कि हाल ही में आई भारी गिरावट के बाद, वैल्यू बाइंग और शॉर्ट कवरिंग के दम पर घरेलू इक्विटी मार्केट में राहत भरी रैली देखने को मिली। दूसरी तिमाही के आय सीजन की मजबूत शुरुआत और एआई-आधारित आय के मौकों पर बढ़ते भरोसे के कारण आईटी शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे मजबूत होकर 96.72 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। एशियाई मुद्राओं में व्यापक मजबूती के रुख के साथ अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली नरमी से रुपये को मजबूती मिली।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से बाजार में दबाव कम हुआ कि अमेरिका नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। इसके बाद अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ और कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी आई। इसके अलावा, केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से भी रुपये को समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.74 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.51 के उच्चस्तर और 96.77 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक गया। अंत में रुपया 96.72 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे अधिक है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 13 पैसे टूटकर 96.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ''भारतीय रुपये में तीन दिन की गिरावट के बाद तेजी आई और यह एशिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के अनुरूप मजबूत हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा से अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ।''
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए