
वैश्विक स्तर पर बढ़ती अस्थिरता के बीच मंगलवार को सोने और चांदी में खरीदारी लौटी। इसके चलते घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में करीब एक प्रतिशत तक तेजी आई। एमसीएक्स पर सोने का अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट बढ़त के साथ खुला, जबकि चांदी में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,52,818 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले बढ़कर 1,53,362 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 10 बजे तक इसमें 1,207 रुपये यानी 0.79 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और कीमत 1,54,025 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।
मंगलवार के कारोबार में अब तक सोने ने 1,53,361 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,54,125 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ। यानी शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी का रुझान मजबूत रहा।
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी रही। एमसीएक्स पर चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,39,016 रुपये प्रति किलो के मुकाबले बढ़कर 2,40,009 रुपये प्रति किलो पर खुला। सुबह कारोबार के दौरान चांदी 2,185 रुपये यानी 0.91 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,41,201 रुपये प्रति किलो पर थी।
अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,40,009 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,41,724 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं में तेजी का रुख देखने को मिला। सोना हल्की बढ़त के साथ करीब 4,478 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ करीब 67.50 डॉलर प्रति औंस पर थी।
एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान युद्ध बढ़ने से पैदा हुई वैश्विक अस्थिरता के कारण निवेशकों ने सोने और चांदी में खरीदारी बढ़ाई है। दूसरी ओर, तेल की बढ़ती कीमतों ने पहले से बनी हुई महंगाई की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
अब निवेशकों की नजर इस सप्ताह आने वाले अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों से फेडरल रिजर्व की अगली पॉलिसी को लेकर कुछ और संकेत मिलने की उम्मीद है। यही संकेत आने वाले समय में सोने की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए