अर्थतंत्र

Gold-Silver Price Today: सोने ने पकड़ी रफ्तार, चांदी में करीब 1% का उछाल; डॉलर कमजोर होने से बढ़ी चमक

MCX पर सोमवार को सोना और चांदी तेजी के साथ खुले। डॉलर कमजोर होने और कच्चे तेल में गिरावट से कीमती धातुओं को सहारा मिला।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं में करीब एक प्रतिशत तक की मजबूती देखने को मिली। घरेलू बाजार में सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट बढ़त के साथ खुला, जबकि चांदी के वायदा भाव में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई।

MCX पर सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,41,511 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,42,002 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 10:20 बजे तक सोना 403 रुपये यानी 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,41,914 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,41,550 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,42,002 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।

चांदी में भी जोरदार तेजी, 2.19 लाख रुपये के पार पहुंचा भाव

सोने के साथ-साथ चांदी में भी तेजी का रुख देखने को मिला। MCX पर चांदी का 4 सितंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,17,198 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,17,995 रुपये प्रति किलो पर खुला।

कारोबार के दौरान चांदी 2,149 रुपये यानी 0.99 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,19,347 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इस दौरान चांदी ने 2,17,683 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,19,399 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर दर्ज किया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी को मिला सहारा

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। कॉमेक्स पर सोना 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,120 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी में 1.24 प्रतिशत की तेजी रही और यह 58.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

बाजार जानकारों के मुताबिक, सोने और चांदी में तेजी की एक बड़ी वजह डॉलर इंडेक्स में आई कमजोरी है। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रुकने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। इसके कारण अमेरिकी डॉलर की मांग कम हुई और डॉलर इंडेक्स कमजोर हुआ, जिसका फायदा सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं को मिला।

कच्चे तेल में गिरावट, डॉलर इंडेक्स पर असर

डॉलर इंडेक्स अमेरिकी मुद्रा डॉलर की दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं—यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक—के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है। डॉलर कमजोर होने पर आमतौर पर सोने और चांदी जैसी धातुओं को समर्थन मिलता है।

वहीं, दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी जारी रही। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 5.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.20 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड में 6.18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 79.06 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए