
MCX पर सोना और चांदी लगातार तीसरे कारोबारी दिन भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा उछाल चांदी में देखने को मिला है, जिसकी कीमत महज तीन दिनों में ₹10,489 प्रति किलो बढ़ गई है। वहीं सोना भी इसी अवधि में ₹3,977 प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। हालांकि इतनी तेजी के बावजूद दोनों कीमती धातुएं अभी भी अपने ऑल टाइम हाई स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रही हैं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 सितंबर एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव लगातार मजबूती दिखा रहा है। पिछले कारोबारी दिन यह ₹2,23,779 प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि बुधवार को कारोबार शुरू होते ही इसका भाव बढ़कर ₹2,26,892 प्रति किलो पहुंच गया। अगर पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन से तुलना करें तो चांदी ₹2,16,403 प्रति किलो से बढ़कर ₹2,26,892 प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। यानी तीन कारोबारी दिनों में इसकी कीमत में कुल ₹10,489 प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
सोने में भी लगातार तेजी बनी हुई है। MCX पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाला सोना तीन दिनों में ₹1,40,906 प्रति 10 ग्राम से बढ़कर ₹1,44,883 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इस तरह 24 कैरेट सोने के वायदा भाव में ₹3,977 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं पिछले कारोबारी दिन यह ₹1,41,388 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालिया तेजी के बावजूद सोना और चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी सस्ते मिल रहे हैं। MCX पर चांदी ने जनवरी के अंत में ₹4,20,048 प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। मौजूदा स्तर पर यह अभी भी अपने रिकॉर्ड भाव से ₹1,93,156 प्रति किलो नीचे कारोबार कर रही है। वहीं सोना भी ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम के अपने उच्चतम स्तर की तुलना में फिलहाल ₹50,000 प्रति 10 ग्राम से अधिक सस्ता बना हुआ है। ऐसे में बाजार में तेजी लौटने के बावजूद दोनों कीमती धातुएं अपने ऐतिहासिक उच्च स्तर से अभी काफी दूरी पर हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए