
कच्चे तेल में तेजी और देसी मुद्रा में आई कमजोरी से नए साल में डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को पहली बार 71 के स्तर को पार कर गया। यानी एक डॉलर का मूल्य 71 रुपये से अधिक हो गया। डॉलर के मुकाबले 71.02 के स्तर से संभलने के बाद रुपया पिछले सत्र से 7 पैसे की कमजोरी के साथ 71 के स्तर पर बना हुआ था।
इससे पहले देसी मुद्रा डॉलर के मुकाबले पिछले सत्र से 16 पैसे की मजबूती के साथ 70.77 पर खुली। पिछले सत्र में रुपया डॉलर के मुकाबले लुढ़ककर 70.93 पर बंद हुआ था।
एंजेल ब्रोकिंग हाउस के करेंसी मामलों के विश्लेषक अनुज गुप्ता ने कहा कि कच्चे तेल के भाव में आई तेजी से रुपये पर दबाव दिख रहा है। केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि दैनिक कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 70.34 से लेकर 71.37 के दायरे में रह सकता है।
उधर, दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर होने से डॉलर इंडेक्स 0.07 फीसदी की कमजोरी के साथ 95.145 पर बना हुआ था।
भारतीय शेयर बाजार में पिछले सत्र की गिरावट के बाद मंगलवार को तेजी का रुख बना हुआ था। दोपहर 12.05 बजे बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 346.75 अंक यानी 0.97 फीसदी की तेजी के साथ 36,200.31 पर बना हुआ था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 107.45 यानी एक फीसदी की बढ़त के साथ 10,845.05 पर बना हुआ था।
Published: undefined
विश्लेषक यह भी बताते हैं कि दिसंबर महीने में महंगाई दर घटने के बाद मौद्रिक नीतियों को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक के रुख में बदलाव आ सकता है। मतलब, आरबीआई प्रमुख ब्याज दरों में कटौती करने पर विचार कर सकता है।
दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल की बात करे तो देश में लगातार छठे दिन तेल के दाम बढ़े हैं। तेल कंपनियों ने नए साल में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पहली बार लगातार 6 दिनों तक बढ़ोतरी की है, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined