
उत्तर प्रदेश और बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। आमज खान के गढ़ कहे जाने वाले रामपुर में बीजेपी ने समाजवादी पार्टी को 33 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है। बीजेपी ने आकाश सक्सेना को अपना उम्मीदवार बनाया था तो वहीं सपा ने आसिम राजा को टिकट दिया था।
बता दें कि आजम खान की यह परंपरागत सीट रही है और इसके नतीजे पर हर किसी की नजर थी। आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द होने पर यहां उपचुनाव हुआ था। ऐसे में आजम की प्रतिष्ठा से इस सीट से जुड़ी थी। लेकिन यहां बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज कर समाजवादी पार्टी के साथ-साथ आजम खान को भी बड़ा झटका दिया है।
वहीं मुजफ्फरनगर में खतौली विधानसभा के उपचुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां सपा-आरएलडी और आसपा गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी 2017 और 2022 के चुनाव में जीत के बाद यहां उपचुनाव में हार गई। 27वें राउंड का परिणाम जारी होते ही मतगणना स्थल पर आरएलडी नेताओं का जमावड़ा लग गया है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में कांटे के मुकाबले में बीजेपी के उम्मीदवार केदार गुप्ता ने जेडीयू के प्रत्याशी मनोज सिंह कुशवाहा को 3500 से अधिक मतों से पराजित कर महागठबंधन से यह सीट छीन ली। बीजेपी ने यहां से केदार गुप्ता को प्रत्याशी बनाया था, जबकि महागठबंधन की ओर से जदयू के प्रत्याशी मनोज सिंह कुशवाहा चुनावी मैदान में थे।
कुढ़नी उपचुनाव के चुनावी मैदान में भाजपा और जदयू समेत 13 उम्मीदवार उतरे थे। मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी ने उम्मीदवार नीलाभ कुमार चुनावी मैदान में हैं जबकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने प्रत्याशी मुर्तजा अंसारी को बनाया है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए