
बिहार में चुनाव के बाद बनी नीतीश कुमार की नई सरकार में शपथ लेने वाले कुल 14 मंत्रियों में से आठ मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं। बिहार इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने बताया कि सभी 14 मंत्रियों के शपथपत्र का विश्लेषण किया गया तो इनमें से 8 के खिलाफ आपराधिक केस पाए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 4 मंत्री बीजेपी के हैं।
इसके बारे में जानकारी इन मंत्रियों ने खुद अपने शपथपत्र में दी है, जिसके अनुसार इन आठ मंत्रियों में से 6 के खिलाफ (43 प्रतिशत) गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो बीजेपी, दो जेडीयू और एक हम और एक वीआईपी से हैं। चुनाव पर नजर रखने वाले इन संस्थानों ने कहा कि यह जानकारी इन 14 मंत्रियों के शपथपत्र में उनके द्वारा दी गई सूचना पर आधारित है।
मजेदार बात यह है कि ये आठ मंत्री एनडीए के सभी चार पार्टियों- जनता दल यूनाइटेड, बीजेपी, हम और वीआईपी के हैं। इनमें से सबसे ज्यादा बीजेपी के चार, जेडीयू के दो, हम के एक और वीआईपी के एक मंत्री के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए