मनोरंजन

सिनेजीवन: 18 साल की उम्र में आमिर ने किया था सनी देओल के साथ काम और 'फ्रॉम पिंक टू पावर' पैनल में शामिल होंगी तापसी

आमिर खान का सनी देओल से जुड़ाव उस समय का है, जब उन्होंने खुद बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम भी नहीं रखा था। तापसी पन्नू एक फिल्म फेस्टिवल में 'फ्रॉम पिंक टू पावर: ब्रेकिंग स्टीरिओटाइप थ्रू सिनेमा' नाम के पैनल का हिस्सा बनने वाली हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

18 साल की उम्र में आमिर खान ने किया था सनी देओल के साथ काम, बोले- 'तब वह बड़े स्टार थे'

आमिर खान और सनी देओल आज हिंदी सिनेमा के उन बड़े नामों में शामिल हैं, जिनकी अपनी अलग पहचान है। दोनों ने अपने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं और अब सालों बाद एक बार फिर पर्दे से जुड़े एक प्रोजेक्ट को लेकर साथ आए हैं। लेकिन इन दोनों कलाकारों का रिश्ता सिर्फ हाल के वर्षों का नहीं है। 

आमिर खान का सनी देओल से जुड़ाव उस समय का है, जब उन्होंने खुद बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम भी नहीं रखा था। आमिर ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया और बताया कि वह महज 18 साल की उम्र में सनी देओल की फिल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुके थे।

 आमिर खान ने यह खुलासा क्विज-आधारित रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 18वें सीजन में किया। इस खास मौके पर आमिर के साथ सनी देओल और प्रीति जिंटा भी मौजूद थे। शो में जब दर्शकों के साथ सवाल-जवाब चल रहा था, तब आमिर से सनी देओल के साथ पहली बार काम करने के बारे में पूछा गया। इसी सवाल के जवाब में आमिर ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि सनी देओल के साथ उनका पहला काम उस समय हुआ था, जब वह सहायक निर्देशक थे।

'फ्रॉम पिंक टू पावर' पैनल में शामिल होंगी तापसी पन्नू, सिनेमा में महिलाओं की रूढ़ियों पर होगी बात

अभिनेत्री तापसी पन्नू एक फिल्म फेस्टिवल में 'फ्रॉम पिंक टू पावर: ब्रेकिंग स्टीरिओटाइप थ्रू सिनेमा' नाम के पैनल का हिस्सा बनने वाली हैं। अभिनेत्री का मानना है कि सिनेमा तब और दिलचस्प बन जाता है जब महिला किरदारों को पेचीदा और बेधड़क दिखाया जाता है।

स्पेशल सेशन में शामिल होने पर अभिनेत्री ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मेरे लिए, स्टीरियोटाइप्स को तोड़ना हमेशा एक रिस्क लेने और एक ऐसी महिला का किरदार अदा करने से हुआ है, जो शायद उस वर्जन में फिट न हो जिसकी लोग उम्मीद करते हैं। इस सेशन में बात होगी कि कैसे सिनेमा गहराई से जमी हुई रूढ़ियों पर सवाल उठा सकता है। कैसे ये पर्दे पर महिलाओं को दिखाने का तरीका बदल सकता है और दर्शकों को घिसी-पिटी कहानियों से आगे सोचने के लिए प्रेरित कर सकता है।"

अभिनेत्री ने बताया कि फेस्टिवल में वे खुद की जर्नी, करियर बनाने वाले फैसलों और पारंपरिक सोच से अलग हटकर काम करने के रिस्क के बारे में बातें करेंगी। साथ ही वो ये भी बताएंगी कि सिनेमा के जरिए सवाल उठाना, लोगों को सोचने पर मजबूर करना और प्रेरित करना कितनी बड़ी जिम्मेदारी है।

'द रेवोल्यूशनरीज' की रिलीज डेट का ऐलान, हिंदी समेत 6 भाषाओं में स्ट्रीम होगी सीरीज

निखिल आडवाणी की पीरियड ड्रामा सीरीज 'द रेवोल्यूशनरीज' दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। मंगलवार को मेकर्स ने सीरीज की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए सीरीज के किरदारों को परिचय करवाने के साथ-साथ बताया है कि सीरीज 'द रेवोल्यूशनरीज' 11 सितंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी। ये सीरीज हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली में होगी। साथ में इंग्लिश और कई इंटरनेशनल भाषाओं के सबटाइटल्स भी मिलेंगे।

निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित सीरीज को मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।

यह सीरीज संजीव सान्याल की पुस्तक 'द रेवोल्यूशनरीज:द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रिडम' पर आधारित है। यह सीरीज युवा क्रांतिकारियों के साहस, बलिदान और ब्रिटिश राज के खिलाफ उनके उग्र विद्रोह की गाथाओं पर केंद्रित है, जो 1857 के विद्रोह के बाद के कालखंड और भारत के स्वतंत्रता संग्राम के कम चर्चित किंतु प्रभावशाली स्वाधीनता सेनानियों के संघर्षों को दर्शाती है।

अरिजीत और अरमान से मेरा बॉन्ड ऐसा है कि सीधे कमी बता देता हूं : अमाल मलिक

मशहूर म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने इमरान हाशमी स्टारर फिल्म 'आवारापन-2' के टाइटल ट्रैक 'ये आवारापन' को संगीतबद्ध किया है, जिसे अरिजीत सिंह ने गाया है। कंपोजर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि उनका मनपसंद गायक अरिजीत सिंह और उनके भाई और गायक अरमान मलिक हैं। दोनों के साथ ही वे अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं।

 म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने बताया, "अरिजीत और अरमान के साथ मेरा बॉन्ड कुछ इस कदर है कि उनके द्वारा गाए गए किसी गाने में मुझे कुछ समझ नहीं आाता, तो मैं सीधा कमी बता देता हूं। कई बार तो ऐसा होता है कि मैं यह भी कह देता हूं कि इस गाने का फाइनल वर्जन दूसरा सिंगर गाएगा।"

उन्होंने कहा, "अरमान और अरिजीत के साथ मेरे रिश्ते ऐसे हैं कि मैं दोनों से सीधे कह देता हूं - 'ये गाना अरमान या अरिजीत गाएगा। तुम भी एक बार ट्राई करो, देखते हैं कौन सबसे अच्छा करता है। अरमान के लिए मैं कहना चाहूंगा कि जैसे अरिजीत ने बहुत सारे डेमो गाए थे तभी वो अरिजीत बने हैं, ठीक वैसे ही अरमान ने भी सोनू निगम और केके के रिकॉर्डिंग में काफी असिस्ट किया है।"

रणनीति बनाता हूं पर अपने फायदे के लिए किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता : मुनव्वर फारूकी

अमेजन प्राइम वीडियो के पॉपुलर रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' के पहले ही राउंड में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी बाहर हो गए हैं, जिससे कई फैंस और दर्शक हैरान रह गए। शो से बाहर आकर उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह खेल में रणनीति जरूर बनाते हैं लेकिन अपने फायदे के लिए दूसरे लोगों का इस्तेमाल करना उन्हें पसंद नहीं है। उन्होंने अपने खेलने के तरीके और शो को लेकर अपनी सोच खुलकर साझा की है। 

आईएएनएस से मुनव्वर ने कहा, "मैं जिंदगी में भी काफी सोच-समझकर फैसले लेता हूं और रियलिटी शो में भी रणनीति के साथ आगे बढ़ता हूं। दोनों रियलिटी शो में मैंने शुरुआत से कोई खास योजना बनाकर खेल नहीं खेला। मैं परिस्थितियों को समझकर उसके हिसाब से फैसला लेने में भरोसा रखता हूं। जब किसी चुनौती या काम के लिए रणनीति की जरूरत पड़ती है, तभी मैं उस दिशा में सोचता हूं।"

मुनव्वर ने कहा, ''मैं अपनी बात और अपने खेल पर भरोसा रखता हूं। मैं लोगों के साथ मिलकर खेल सकता हूं लेकिन सिर्फ अपने फायदे के लिए किसी को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश नहीं करता। मेरे लिए खेल का मतलब सिर्फ खुद को बचाना या जीत हासिल करना नहीं है बल्कि इस दौरान दूसरों को बेवजह नुकसान से बचाना भी है।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए