
अभिनेत्री आलिया भट्ट और रणबीर कपूरी की बेटी राहा कपूर 4 चार साल की हो गई हैं। शनिवार को अभिनेत्री आलिया भट्ट ने राहा के जन्मदिन सेलिब्रेशन की झलक शेयर की।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इंटीमेट, कार्टून-थीम वाली पार्टी की कई तस्वीरें शेयर करते हुए आलिया ने इस इवेंट में हुई सारी मस्ती की झलक दिखाई। पहली तस्वीर में आलिया और रणबीर कपूर राहा के साथ नजर आए, जब वो एक साथ उसका खास दिन मना रहे थे। तस्वीर पोस्ट कर अभिनेत्री ने लिखा, "हमारी राहा अब 4 साल की हो गई है।"
एक और तस्वीर में राहा ग्रे चेक वाले आउटफिट और फ्लोरल स्कर्ट में लॉन में नंगे पैर चलती नजर आई, उसके बाल छोटे-छोटे हिस्सों में स्टाइल किए गए थे जिनमें रंग-बिरंगे क्लिप्स लगे थे। आलिया ने इस प्यारी तस्वीर को कैप्शन दिया, "हमारी प्यारी यूनिकॉर्न।"
एक्ट्रेस ने एक और क्लोज-अप मोमेंट भी शेयर किया, जिसमें वो राहा के गाल पर किस कर रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "ऑब्सेस्ड।" एक और तस्वीर में राहा रेनबो-थीम वाली शीट पर कलर करती नजर आ रही हैं और कार्टून कैरेक्टर्स से सजे बर्थडे केक की तस्वीर भी इस कैरोसेल में दिखी। आलिया ने केक वाली तस्वीर को कैप्शन दिया, "ब्लेस्ड"।
संगीतकार और गायक हिमेश रेशमिया इन दिनों सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' में जज के तौर पर नजर आ रहे हैं। गायक ने अपने पिता को याद करते हुए उन्हें अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया और कहा कि वे उनके संगीत के सफर के पीछे की मार्गदर्शक शक्ति हैं।
हिमेश रेशमिया ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "मेरे पिता मेरे गुरु, सबसे बड़ी प्रेरणा और संगीत के सफर के पीछे की मार्गदर्शक शक्ति थे। उनके द्वारा दी गई शिक्षाएं और आशीर्वाद मेरे रास्ते को रोशन करते रहते हैं। उन्होंने मुझे सीखते हुए आगे बढ़ने और अपने जुनून को समर्पण के साथ अपनाने के लिए प्रेरित किया।"
उन्होंने दीपावली की भावना और संगीत की सार्वभौमिकता के बीच समानता बताते हुए कहा, "दीपावली का पर्व रोशनी, उम्मीद, कृतज्ञता और नई शुरुआत का एक खूबसूरत उत्सव है। संगीत भी दीपावली की तरह ही है। वह लोगों को जोड़ने, खूबसूरत यादें ताजा करने और ऐसे पल बनाने की ताकत रखता है, जो हमेशा हमारे साथ रहते हैं।"
उन्होंने बताया कि यह त्योहारों का मौसम उनके लिए खास रहा है, क्योंकि 'ये प्रेम मोल लिया' और 'गनमास्टर जी9' के संगीत ने कम समय में ही सभी प्लेटफॉर्म पर 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोरे हैं। इसके साथ ही 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' की सफलता ने जश्न को और बढ़ा दिया है।
अभिनेता संजय खान की बेटी और एंटरप्रेन्योर सुजैन खान ने शनिवार को अपनी मां जरीन खान की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। सुजैन ने मां जरीन खान को अपनी सबसे बड़ी चीयरलीडर, मोटिवेटर बताया।
सुजैन खान ने इंस्टाग्राम पर मां के लिए एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह और उनका पूरा परिवार मां जरीन के साथ मजेदार पल बिता रहे हैं। सुजैन ने लिखा, "मेरी सबसे अच्छी दोस्त, चीयरलीडर, मोटिवेटर और वो इंसान, जो मुझे मेरे होने का एहसास करवाती है। मेरी खूबसूरत मम्मी, आप मेरे अंदर ही कहीं हो, जब तक हम फिर से नहीं मिलते और साथ में नाचते-गाते नहीं हैं। मुझे यकीन है स्वर्ग आपकी वजह से और भी मजेदार हो गया होगा।"
सुजैन की बहन फराह अली खान ने भी अपनी मां की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "जैसे ही दुनिया रोशनी का त्योहार मनाने की तैयारी कर रही है, मुझे उस रोशनी की याद आ रही है जो मेरी मां हमारे जीवन में और कई अन्य लोगों के जीवन में लेकर आई थीं। आज, मेरी मां जरीन संजय खान को गुजरे एक साल हो गए हैं। हमारी जिंदगी की रोशनी को गए हुए एक साल हो गया है और इस साल, उनकी पहली पुण्यतिथि दीपावली की पूर्व संध्या पर पड़ रही है।"
अभिनेता बाबिल खान का कहना है कि दीपावली के अवसर पर वे गिफ्ट्स मिलने पर वह अपनी प्रतिक्रिया नहीं छिपा पाते हैं, खासकर सोन पापड़ी के डिब्बे जो हर दीपावली घर-घर पहुंच जाते हैं।
अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वो हर गिफ्ट के पीछे की सोच और शुभकामनाओं को गिफ्ट से ज्यादा उसके महत्व पर ध्यान देते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है हर किसी ने पासिंग-द-पार्सल वाले रॉक-हार्ड, नियॉन-ग्लेज्ड सोन पापड़ी के डिब्बे का सामना किया है। उस डिब्बे को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे कि वो लिविंग रूम तक पहुंचने से पहले तीन पोस्टल कोड से होकर गुजरा है।"
अभिनेता ने बताया कि उन्हें किसी भी चीज का दिखावा करना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा, "मेरा चेहरा ऐसा है, जिसे देखकर आधे सेकंड में ही लोग सब कुछ बता देते हैं। समय के साथ मुझे एहसास हुआ है कि भले ही कोई गिफ्ट ऐसा न हो जिसे मैं खुद इस्तेमाल करूं लेकिन किसी के द्वारा कुछ रैप करके भेजने और शुभकामनाएं देने के पीछे की भावना सच में दिल को छू जाती है, तो भले ही गिफ्ट मुझे अंदर ही अंदर हंसा दे लेकिन उसके पीछे की गर्मजोशी के लिए आभार पूरी तरह से सच्चा होता है।"
अभिनेत्री सैयामी खेर जल्द ही इंडो-रशियन अनटाइटल्ड ड्रामा में नजर आएंगी। दीपावली के पर्व को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि इस त्योहार के मौके पर परिवार के साथ घूमना, क्वालिटी समय बिताना अब उनके परिवार की परंपरा बन गई है।
इस साल के सेलिब्रेशन के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने आईएएनएस को बताया कि शूटिंग शेड्यूल की वजह से उनकी दीपावली इस बार काम करते हुए बीतेगी, उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने सेट को अपनी दूसरी फैमिली मानती हैं और उम्मीद करती हैं कि उनके साथ जश्न मनाने के लिए कुछ समय निकाल पाएंगी।
अभिनेत्री ने आगे परिवार के साथ दीपावली मनाने की परंपरा के बारे में बात करते हुए कहा, "दीपावली के पर्व पर मेरे लिए सबसे बड़ी परंपरा अपने परिवार के साथ समय बिताना बन गई है। हमने लगभग हर दीपावली एक साथ कहीं घूमने जाने का रिवाज बना लिया है। चाहे वह छुट्टी हो या सिर्फ एक साथ क्वालिटी टाइम बिताना, यही वो चीज है जिसका हम सच में इंतजार करते हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए