मनोरंजन

सिनेजीवन: आशुतोष राणा बोले- छात्र देश का भविष्य, उनकी बात सुननी चाहिए और सलमान खान ने संजय दत्त के लिए किया खास पोस्ट

आशुतोष राणा ने कहा कि ये छात्र ही आने वाले समय में देश का भविष्य होंगे। अगर वे अपने भविष्य की मांगें कर रहे हैं, तो उसे सुना जाए। सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने करीबी मित्र और अभिनेता संजय दत्त के साथ बिताए खास पलों को याद करते हुए पोस्ट शेयर किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

छात्र देश का भविष्य, उनकी बात सुननी चाहिए: आशुतोष राणा

अभिनेता आशुतोष राणा ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया के साथ बातचीत के दौरान नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण', छात्र प्रोटेस्ट और कंगना रनौत द्वारा जेन जी को गटर जनरेशन कहने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये छात्र ही आने वाले समय में देश का भविष्य होंगे। अगर वे अपने भविष्य की मांगें कर रहे हैं, तो उसे सुना जाए।

 उन्होंने कहा, "विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्र बस अपनी इच्छाओं की मांग कर रहे हैं। युवा पीढ़ी हमारे देश का भविष्य है। वह अपने उज्ज्वल भविष्य की मांग रख रही हैं।"

 आशुतोष राणा ने क्रांति और आंदोलन के बीच का फर्क समझाते हुए कहा, "आंदोलन विषयगत होता है जो कुछ समय के लिए किया जाता है। इसमें पढ़े-लिखे लोगों को सजग किया जाता है, साथ ही, बदलाव के लिए विवश किया जाता है। मेरा मानना है कि युवा हमारे देश का भविष्य ही तो हैं। वे हमारे ही तो बच्चे हैं। आने वाले समय में उन्हीं के हाथों में राष्ट्र दिया जाएगा। जैसे एक बात कही जाती है, पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी के बीच वैचारिक मतभेद हैं। मुझे लगता है कि हर पीढ़ी की अपनी समझ होती है।"

 कंगना रनौत द्वारा जेन जी जनरेशन को गटर कहने वाले बयान पर आशुतोष राणा ने कहा, "मुझे लगता है कि भाषा का बहुत महत्व है। बातों से ही हमें सम्मान मिलता है और बातों से ही अपमान तो मेरा मानना है कि हम सभी को भाषा के ऊपर काम करना चाहिए।"

सलमान खान ने संजय दत्त के लिए किया खास पोस्ट, त्रिशाला और मान्यता ने भी किया रिएक्ट

अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने करीबी मित्र और अभिनेता संजय दत्त के साथ बिताए खास पलों को याद करते हुए पोस्ट शेयर किया, जिसे देख मान्यता और त्रिशाला ने भी रिएक्ट किया।

सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर संजय दत्त के साथ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें दोनों एक दूसरे को गले मिलते नजर आ रहे हैं। सलमान ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "हम सभी के बाबा, संजू बाबा अब अपने बच्चों का बाबा, मेरा बड़ा भाई संजय दत्त, सारे भगवान इस आदमी को खुश रखें, आई लव यू बाबा।"

सलमान की पोस्ट सभी को काफी पसंद आ रही हैं। संजय दत्त और उनकी बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त ने अभिनेता की पोस्ट पर इमोजी के जरिए रिएक्ट किया है।

मधुर भंडारकर ने संगीतकार प्रीतम से मिलने के बाद फिल्म दिल तो बच्चा जी के दिनों को किया याद

फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने हाल ही में मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्ती से मुलाकात की। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए फिल्ममेकर ने फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' के दिनों को याद किया।

दरअसल, दोनों की मुलाकात मुंबई एयरपोर्ट पर हुई थी, जिसकी तस्वीर मधुर भंडारकर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर करते हुए लिखा, "देखो, मुंबई एयरपोर्ट पर मेरी मुलाकात किससे हुई। प्रीतम चक्रबोर्ती से मिलकर फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' में उनके द्वारा बनाए गए गानों की यादें ताजा हो गईं।"

साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' का निर्देशन मधुर भंडार ने ही किया था। रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म में अजय देवगन, इमरान हाशमी और ओमी वैद्य मुख्य भूमिका में थे, जबकि शजान पद्मसी, श्रुति हासन, रितुपर्णा सेनगुप्ता, टिस्का चोपड़ा और श्रद्धा दास सपोर्टिंग रोल में थीं।

लॉकअप 2: पामेला सेरेना से झगड़े के बाद राम कपूर ने मांगी माफी, बोले-मैं चाहता हूं कि मेरा बेटा ये देखे

अभिनेता राम कपूर इन दिनों वेब रियलिटी शो लॉकअप के दूसरे सीजन में नजर आ रहे हैं। हालिया एपिसोड में देखा गया कि राम ने कंटेस्टेंट पामेला सेरेना से तीखी बहस के बाद उनसे माफी मांगी।

दरअसल, शो के दौरान राम कपूर और पामेला सेरेना का झगड़ा हुआ था। उस समय पामेला सेरेना राम कपूर से डर गई थीं और उन्हें असहज महसूस हुआ था, हालांकि झगड़े के बाद राम कपूर ने भी माना कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका यह व्यवहार इतना डरावना और गुस्सा कर देने वाला लगेगा।

अपने इस तरह के बरताव पर अफसोस जताते हुए राम कपूर ने पामेला सेरेना के पास जाकर कहा, "मेरे पास कहने के लिए और कुछ नहीं है, बस मुझे माफ कर देना। इसकी खास वजह मेरा बेटा है। वह भी यह शो देख रहा होगा। अगर उसने अपने पिता को किसी महिला से ऐसे गुस्से से बात करते देखा तो मैं चाहता हूं कि वो ये भी देखे कि उसके पिता ने माफी भी मांगी।"

आमिर खान की को-स्टार रेचल शेली ने दिखाईं 'लगान' के सेट की तस्वीर, 25 साल बाद ताजा हुईं यादें

आमिर खान की मशहूर फिल्म 'लगान' में एलिजाबेथ रसेल का किरदार निभाने वाली ब्रिटिश एक्ट्रेस रेचल शेली ने पुरानी यादें ताजा कीं। एक्ट्रेस ने ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई इस क्लासिक फिल्म की शूटिंग के दौरान की कुछ ऐसी तस्वीरें शेयर कीं जो पहले कभी नहीं देखी गई थीं।

रेचल ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म की शूटिंग की दो खास तस्वीरें पोस्ट कीं। एक तस्वीर में एक्ट्रेस पारंपरिक भारतीय कपड़ों और रंग-बिरंगी चूड़ियों में नजर आ रही हैं और दूसरी तस्वीर में वह फिल्म में पहने गए अपने खास विक्टोरियन-युग के कॉस्ट्यूम में एक सजे-धजे हाथी के पास खुशी-खुशी पोज देती दिख रही हैं।

तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, "हे लगान लवर्स - क्या मैंने कभी ये तस्वीरें आपके साथ शेयर की थीं..?"

 'लगान' में रेचल ने बेरहम ब्रिटिश अफसर कैप्टन एंड्रयू रसेल (पॉल ब्लैकथॉर्न द्वारा निभाया गया किरदार) की दयालु बहन का किरदार निभाया था।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए