मनोरंजन

सिनेजीवन: पत्नी सुनीता के व्यवहार पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी और रेखा बनीं पंकज त्रिपाठी की इंग्लिश टीचर

गोविंदा ने सुनीता से कहा कि वे अभिनेता के बारे में मनगढ़ंत बातें लोगों या पॉडकास्ट वगैरह न कहें। अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री रेखा के साथ एक मजेदार पल शेयर किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

पत्नी सुनीता के व्यवहार पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, बोले-आप हद में रहें

अभिनेता गोविंदा ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहली बार पत्नी सुनीता अहूजा की बातों पर अपनी चुप्पी तोड़ी। अभिनेता ने सुनीता से कहा कि वे अभिनेता के बारे में मनगढ़ंत बातें लोगों या पॉडकास्ट वगैरह न कहें, क्योंकि इससे उनकी इमेज और काम में बाधा आ सकती है।

वीडियो में अभिनेता पत्नी सुनीता के लिए कहते हैं, "सुनीता जी, जो काम मिल रहा है उसमें आप हस्तक्षेप कर रही हैं। आपने अभी तक दो शोज 'मां है न' और 'लॉकअप-2' जैसे शो में काम किया है, जिसमें आपने टीना के सामने रोकर मुझे बुलवा लिया, चलो कोई नहीं, ये मेरा कर्तव्य था और अब जब मैं अपनी फिल्मों में काम कर रहा हूं, तो आप एक भी कसर नहीं छोड़ रही हैं कि मैं लोगों के दिलों से उतर जाऊं, मेरा नाम बदनाम हो जाए या कुछ ऐसा हो कि मेरा काम रुक जाए।"

उन्होंने कहा, "अगर किसी गरीब परिवार का कोई व्यक्ति इंडस्ट्री में आज जाए, तो उस इंसान को इस कदर बदनाम न कीजिए कि वे डर कर भाग जाएं। आपके पास क्षमता, ताकत, शोहरत, इज्जत और दौलत है। इसका मतलब ये नहीं कि जिसके पास नहीं है, आप उसे जलील करें। ये सब आपको शोभा नहीं देता है और उम्र का जो सिलसिला आपने चलाया है तो मैं आपकी याददाश्त के लिए फिर से याद दिला दूं कि देश के सभी कलाकारों ने उन सभी लड़कियों के लिए काम किया है, जो युवा रही है। उन्हें अच्छी फिल्म नाम और अच्छी शोहरत मिली और इन्हें युवाओं के साथ काम करने का मौका मिला, इसलिए ये युवा नजर आए। आप अपनी छोटी सी अपेक्षाओं में क बहुत बड़ा बिजनेस के साथ घात करने में लगी है। आपके पीछे जो ग्रुप है, जो गैंग है उससे हर कोई वाकिफ है और मुझे लगता है कि एक दिन वो खुलकर सामने आएगा और मुझे लगता है कि आगे भी आपको मेरी जरूरत कहीं न कहीं पड़ेगी। आप थोड़ा सा अपनी हद में रहिए बस यही आपसे प्रार्थना है, धन्यवाद।"

रेखा बनीं पंकज त्रिपाठी की इंग्लिश टीचर, एक्टर बोले- मैम मैं हिंदी मीडियम का स्टूडेंट हूं

अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री रेखा के साथ एक मजेदार पल शेयर किया। इसमें अभिनेत्री पंकज त्रिपाठी की अंग्रेजी टीचर बनी नजर आ रही हैं।

इंडियन फिल्म फेस्टिवल मेलबर्न ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसे अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भी शेयर किया। जारी किए गए वीडियो में अभिनेत्री रेखा, पंकज से कह रही हैं कि वो उनके पीछे-पीछे अंग्रेजी में जो वो बोलें उसे दोहराएं।

अभिनेत्री रेखा कहती हैं, "अभी मैं जो बोलूंगी, उसे पंकज जी आप अंग्रेजी में बोलिए।" फिर पंकज त्रिपाठी लाइन को दोहराते हुए कहते हैं, "मेलबर्न के सभी प्यारे लोगों को।" इसके बाद रेखा कहती हैं, "नहीं, इंग्लिश में। यहां आओ और कहो, मेलबर्न के सभी खूबसूरत लोगों को।"

पंकज त्रिपाठी मजाकिया अंदाज में कहते हैं, "मैम, मैं हिंदी मीडियम का स्टूडेंट हूं। मैं गलत बोल दूंगा।"

पिता के डर की वजह से सनी देओल को छोड़ना पड़ा फॉर्मूला 1 रेसर बनने का सपना

बच्चों के प्रति माता-पिता की चिंता जायज है, लेकिन कभी-कभी यही डर और ज्यादा केयर बच्चों को उनके सपनों से दूर कर देता है। इस समस्या का सामना अभिनेता सनी देओल को भी करना पड़ा था, जब पिता धर्मेंद्र के एक डर की वजह से उन्हें अपने सपने से दूरी बनानी पड़ी थी।

अभिनेता सनी देओल ने हाल ही में क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में एक बातचीत के दौरान अपने एक अधूरे सपने के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि वो एक प्रोफेशनल फॉर्मूला 1 रेसिंग ड्राइवर बनना चाहते थे।

दरअसल, शो के दौरान मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने सनी देओल से पूछा, "सनी जी, हमने सुना है कि आप एक रेसिंग ड्राइवर बनना चाहते थे? फॉर्मूला 1 वगैरह"

सनी देओल ने अपने पैशन का खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें ड्राइविंग का काफी शौक हुआ करता था, लेकिन पिता धर्मेंद्र के ज्यादा प्रोटेक्टिव होने की वजह से ये सपना अधूरा रह गया, क्योंकि धर्मेंद्र का मानना था कि स्पोर्ट्स काफी रिस्क वाले होते हैं।

राखी गुलजार के जन्मदिन पर जैकी श्रॉफ ने दी खास बधाई, शेयर की पुरानी तस्वीर

बंगाली फिल्मों से लेकर हिंदी सिनेमा तक अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाली दिग्गज मशहूर अभिनेत्री राखी गुलजार शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें खास अंदाज में बधाई दी।

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर राखी गुलजार की पुराने दिनों की तस्वीर पोस्ट की, जब वे इंडस्ट्री में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर काम किया करती थीं। जैकी श्रॉफ ने लिखा, "राखी जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका कार्य और आपसे जुड़ी यादें हमेशा हमारे दिलों में जीवंत रहेंगी।"

अभिनेत्री का जन्म 15 अगस्त 1947 को पश्चिम बंगाल के राणाघाट में हुआ था। उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से 1970 से 1990 के दशक तक हिंदी और बंगाली फिल्मों में अपनी एक खास पहचान बनाई और पद्म श्री सहित कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। राखी गुलजार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1967 की बंगाली फिल्म 'वधूवरण' से की थी। इसके बाद राखी ने राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'जीवन मृत्यु' में बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म की। इस फिल्म के दौरान उनकी मुलाकात मशहूर गीतकार गुलजार से हुई। दोनों में पहले दोस्ती हुई और फिर प्यार हुआ। साल 1973 में दोनों ने शादी कर ली और उनकी एक बेटी हुई, जिसका नाम उन्होंने मेघना गुलजार रखा। राखी की गुलजार के साथ ये दूसरी शादी थी, लेकिन उनकी दूसरी शादी भी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाई।

स्वतंत्रता दिवस पर भारती सिंह बोलीं, भारत की विविधता और एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में देशभक्ति की लहर देखने को मिल रही है। कॉमेडियन भारती सिंह का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस भारत की अलग-अलग संस्कृति, परंपराओं और एक साथ मिलकर रहने की भावना का जश्न है।

 भारती सिंह ने कहा, "मेरे लिए स्वतंत्रता दिवस का मतलब है उन सब चीजों का जश्न मनाना जो भारतीय होने को इतना खास बनाता है। हमारा खाना, त्योहार, भाषाएं, मस्ती और सबसे जरूरी बात- हम हमेशा साथ मिलकर जश्न मनाने की कोई न कोई वजह ढूंढ ही लेते हैं। मुझे खुशी है कि अपने काम के जरिए मैं लोगों को हंसा पाती हूं और शायद उनके दिन में थोड़ी खुशी जोड़ पाती हूं।"

 उन्होंने कहा, "हर्ष और मैं, अब सबके लिए भारती गेम शो लाने की तैयारी कर रहे हैं और मैं पहले से ही कह सकती हूं कि बहुत सारी मस्ती, गेम्स, नोक-झोंक और खूब सारा हंसी-मजाक होने वाला है, तो इस स्वतंत्रता दिवस पर चलो अपने परिवार के साथ सेलिब्रेट करते हैं, कुछ टेस्टी खाते हैं, थोड़ा और जोर से हंसते हैं और उस शानदार देश के लिए शुक्रगुजार होते हैं जिसे हम अपना घर कहते हैं। सभी को इंडिपेंडेंस डे की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ