मनोरंजन

सिनेजीवन: इलियाना डिक्रूज ने दिखाई मातृत्व की असली झलक और नोरा फतेही ने महिला आयोग के सामने मांगी माफी

मां बनने के बाद से इलियाना लगातार अपने जीवन के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। गाने 'सरके चुनर' में अपनी परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में घिरीं अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुईं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

इलियाना डिक्रूज ने दिखाई मातृत्व की असली झलक, कहा-'पता नहीं ये कौन-सा दौर चल रहा है'

बॉलीवुड अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी और मां बनने के अनुभवों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े छोटे-छोटे खास पल फैंस के साथ साझा करती दिखाई देती हैं। इस कड़ी में उन्होंने एक बार फिर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने बच्चे को ब्रेस्टफीडिंग कराती नजर आ रही हैं।

इलियाना डिक्रूज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह जमीन पर आराम से बैठी नजर आ रही है और अपने बच्चे को गोद में लेकर उसे दूध पिला रही है। उनके आसपास बच्चे के खिलौने, छोटे सामान और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी चीजें बिखरी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो के जरिए इलियाना ने अपनी जिंदगी का असली और सामान्य पल लोगों के सामने रखा।

इस पोस्ट पर इलियाना ने कैप्शन के जरिए कहा, ''मैं इस समय बच्चे को दूध पिलाने वाले 'पता नहीं किस तरह के दौर' से गुजर रही हूं।''

 गौरतलब है कि इलियाना डिक्रूज़ ने साल 2023 में माइकल डोलन से शादी की थी। उसी साल उन्होंने अपने पहले बेटे कोआ फीनिक्स डोलन का स्वागत किया। इसके बाद साल 2025 में अभिनेत्री दूसरी बार मां बनीं और उन्होंने अपने दूसरे बेटे कीनू रैफ डोलन को जन्म दिया। मां बनने के बाद से इलियाना लगातार अपने जीवन के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। कभी वह बच्चों के साथ बिताए खास पल दिखाती हैं, तो कभी मातृत्व से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं।

Published: undefined

नोरा फतेही ने महिला आयोग के सामने मांगी माफी, अनाथ बच्चियों की शिक्षा का उठाया जिम्मा

कन्नड़ फिल्म 'केडी द डेविल' के गाने 'सरके चुनर' में अपनी परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में घिरीं अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुईं।

आयोग के समक्ष अभिनेत्री ने अपनी बात रखते हुए न केवल गलती स्वीकार की बल्कि भविष्य के लिए एक बड़ा फैसला भी लिया। नोरा ने राष्ट्रीय महिला आयोग के बाहर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या महिलाओं की छवि को गलत तरीके से पेश करना नहीं था।

नोरा ने कहा, "मैं अपने किए पर माफी मांगती हूं, मेरा उद्देश्य किसी की भी भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। मैं बस एक ऐसी स्थिति में फंस गई थी, जहां चीजें विवादित हो गईं। एक कलाकार होने के नाते मुझे जिम्मेदार होना चाहिए, इसलिए मैं तहे दिल से माफी मांगती हूं।"

उन्होंने महिला आयोग के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि आयोग ने उनकी बात को बहुत ही दयालुता और संवेदनशीलता के साथ सुना। नोरा ने कहा, "हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई है, सारी बातें लिखित में पूरी कर ली है। अब हमने फैसला किया है कि हमें समाज के लिए भी कुछ अच्छा करना चाहिए। इसी सोच के साथ हमने कुछ अनाथ लड़कियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का निर्णय लिया है। धन्यवाद।"

Published: undefined

अनुराग कश्यप की 'बंदर' का टीजर आउट, 70 के दशक वाले डिस्को स्वैग में दिखे बॉबी देओल

मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंदर' का टीजर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में अभिनता बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। यह फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ बॉबी देओल का पहला कोलैबोरेशन है। वहीं एक्टर ने एक अलग तरह का रोल चुना है।

यह फिल्म समर नाम के एक डूबते हुए टीवी स्टार की कहानी है, जो सफलता के शिखर से गिरने के बाद यौन दुराचार के गंभीर आरोपों में घिर जाता है। इसके बाद शुरू होती है उसकी कानूनी और व्यक्तिगत उथल-पुथल की एक यात्रा। टीजर से स्पष्ट है कि फिल्म की कहानी जितनी सीधी दिख रही है, उससे कहीं अधिक उलझी हुई और गहरी है।

इस फिल्म में बॉबी का लुक और स्टाल दर्शकों का ध्यान खींचेगा। टीजर में अभिनेता 70 के दशक के डिस्को स्वैग में दिखाया गया है। मशहूर गाने ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ के नए वर्जन पर बॉबी का स्वैग फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कश्यप के निर्देशन में बॉबी को इस तरह के डार्क कॉमेडी और थ्रिलर अवतार दर्शकों को काफी पसंद आएगा। अनुराग कश्यप का क्लासिक डायरेक्शन टीजर की हर झलक में साफ नजर आता है, जो धीरे-धीरे कहानी की तीव्रता (इंटेनसिटी) को बढ़ाता है।

अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित फिल्म में शानदार कलाकारों की टोली है। इसमें बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोंसले जैसे कलाकार शामिल हैं।

Published: undefined

पुलकित और दिव्येंदु की 'गुड़िया' बनीं जन्नत जुबैर, इमोशनल पोस्ट शेयर कर कहा-यही थी असली तलाश

बाल कलाकार के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर जन्नत जुबैर रहमानी ने वेब सीरीज ग्लोरी से ओटीटी की दुनिया में कदम रखा है। इस सीरीज में उन्होंने अभिनेता पुलकित सम्राट और दिव्येंदु शर्मा की बहन गुड़िया का किरदार निभाया है।

जन्नत, इन्फ्लुएंसर होने के साथ-साथ टेलीविजन इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं, लेकिन कई समय से वे ऐसे प्रोजेक्ट की तलाश में थीं, जो उनके अभिनय कौशल को नई दिशा दे। अभिनेत्री का कहना है कि 'ग्लोरी' में उनके द्वारा निभाया गया 'गुड़िया' का किरदार की तलाश में कई समय से थीं।

गुरुवार को जन्नत ने इंस्टाग्राम पर सीरीज की बीटीएस तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने नोट लिखा, "मैंने सालों तक ऐसे रोल का इंतजार किया, जो मुझे सच में अपना लगे और 'गुड़िया' सही समय पर मेरे पास आ गई। यह मेरा पहला नेटफ्लिक्स और ओटीटी प्रोजेक्ट था, इसलिए मैं हर दिन कुछ नया सीख रही थी।"

जन्नत ने बताया कि शूटिंग के दौरान वे हर दिन कुछ नया सीख रही थीं। वे हर सीन को गहराई से महसूस करती थीं और अपना सौ प्रतिशत देती थीं। सीरीज और गुड़िया को मिल रहे प्यार को लेकर अभिनेत्री ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, "शो और गुड़िया को जो प्यार मिल रहा है, वह मेरे लिए बहुत खास है। मुझे देखने और जुड़ने के लिए आप सभी का शुक्रिया।"

Published: undefined

'मटका किंग' के दूसरे सीजन की तैयारी शुरू, मुंबई के अंडरवर्ल्ड की दुनिया में फिर लौटेंगे विजय वर्मा

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पिछले कुछ समय में कई ऐसी वेब सीरीज आई हैं जिन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। इसी कड़ी में हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'मटका किंग' ने भी दर्शकों का खूब ध्यान खींचा है। 1960 के दशक की मुंबई और वहां की अंडरवर्ल्ड दुनिया को दिखाने वाली इस सीरीज को लोगों ने काफी पसंद किया। अब पहले सीजन की सफलता के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।

मेकर्स ने गुरुवार को इंस्टाग्राम के जरिए बताया कि 'मटका किंग' का दूसरा सीजन अब तैयार किया जा रहा है। पहले सीजन को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली और इसी वजह से कहानी को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

 इस घोषणा के बाद कई लोग अब यह जानने को उत्सुक हैं कि अगले सीजन में कहानी किस दिशा में जाएगी और विजय वर्मा का किरदार किस तरह नई चुनौतियों का सामना करेगा।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined