मनोरंजन

सिनेजीवन: कृति सेनन ने कंगना रनौत को दिया करारा जवाब और सोनू निगम अब विदेशी भाषाओं में आजमाएंगे अपनी आवाज

कृति सेनन ने साफ किया कि किसी महिला के कपड़ों को देखकर उसकी संस्कृति और परंपरा के प्रति सम्मान तय नहीं किया जा सकता। सोनू निगम की इच्छा कुछ ऐसी भाषाओं में गाने की है, जिनमें उन्होंने अभी तक ज्यादा काम नहीं किया है।

'संस्कृति और परंपराएं दिलों में होती हैं, कपड़ों में नहीं', कृति सेनन का कंगना रनौत को करारा जवाब
'संस्कृति और परंपराएं दिलों में होती हैं, कपड़ों में नहीं', कृति सेनन का कंगना रनौत को करारा जवाब  फोटो: सोशल मीडिया

'संस्कृति और परंपराएं दिलों में होती हैं, कपड़ों में नहीं', कृति सेनन का कंगना रनौत को करारा जवाब 

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर लगातार चर्चा में हैं। दरअसल, ज्वेलरी ब्रांड के एक विज्ञापन में कृति का इंडो-वेस्टर्न लुक कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर उनके पहनावे को लेकर सवाल उठाए गए। इसके बाद अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी बिना नाम लिए विज्ञापन की स्टाइलिंग पर निशाना साधा। 

अब कृति ने पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है और इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी है। कृति ने साफ किया कि किसी महिला के कपड़ों को देखकर उसकी संस्कृति और परंपरा के प्रति सम्मान तय नहीं किया जा सकता।

कृति सेनन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ''त्योहारों का मतलब आपके पहने हुए कपड़ों में नहीं है, बल्कि उन परंपराओं के प्रति भावनाओं और उनके महत्व में है। रक्षाबंधन का त्योहार सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं।''

कृति ने पोस्ट में आगे लिखा, ''मेरे लिए यह प्यार, प्रार्थना और एक-दूसरे की देखभाल का रिश्ता हमारे डॉग्स तक भी पहुंचता है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं।''

इसके बाद कृति ने पोस्ट में पूछा, ''हम महिलाओं को यह बताना आखिर कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के एथनिक फैशन में भी काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के कल्चर के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है। संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं।''

डर, बदला और रहस्य से भरा 'हैवान' का ट्रेलर, सैफ से भिड़ते दिखेंगे अक्षय कुमार

अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसका निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर शुरू से आखिर तक सस्पेंस, डर और बदले से भरा हुआ है। इसमें अक्षय कुमार खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि सैफ अली खान एक ऐसे किरदार में हैं, जो देख नहीं सकता, लेकिन अपनी समझ और हिम्मत के दम पर खूंखार दुश्मन का सामना करता है। ट्रेलर ने फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

करीब 2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत ही एक डरावने माहौल से होती है। शहर में एक अजीब तरह का डर फैला हुआ दिखाई देता है। लोगों के बीच किसी ऐसे शख्स को लेकर दहशत है जो लगातार वारदात कर रहा है। ट्रेलर में कई ऐसे सीन्स आते हैं, जिनसे पता चलता है कि इसके पीछे कोई बड़ी और पुरानी कहानी भी छिपी हो सकती है। जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, कहानी का रहस्य और गहरा होता जाता है।

 इसके बाद सैफ अली खान के किरदार की एंट्री होती है। सैफ एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी आंखों की रोशनी नहीं है। इसके बावजूद, उनका किरदार कमजोर नजर नहीं आता। वह आसपास की आवाजों और अपने दिमाग का इस्तेमाल करके परिस्थितियों को समझने की कोशिश करता है। ट्रेलर में उनके चेहरे पर डर, परेशानी और सवाल साफ दिखाई देते हैं। एक समय पुलिस उन्हें गिरफ्तार भी करती नजर आती है। यहां से कहानी और उलझ जाती है कि आखिर सैफ का किरदार इस पूरे मामले में पीड़ित है, गवाह है या फिर उसके पीछे कोई और राज छिपा है।

'गनमास्टर जी9' का पहला टीजर रिलीज, एजेंट के रूप में नजर आएंगे इमरान हाशमी

अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म 'गनमास्टर जी9' का पहला टीजर मेकर्स ने मंगलवार को रिलीज कर दी है। हाई-ऑक्टेन एक्शन और रोमांस से भरपूर फिल्म में इमरान हाशमी ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो लोगों की नजरों से हटके देश की सेवा करता है।

 मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पहला टीजर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "जी9 की दुनिया शुरू होती है, प्यार, संगीत और एक्श। 'गनमास्टर जी9' इन सबको एक साथ लाता है एक ऐसी कहानी में, जो आपको एक शानदार सफर पर ले जाने के लिए तैयार है।"

एक्शन से भरपूर टीजर में जबरदस्त एक्शन, गोलियों की गड़गड़ाहट और इमरान व जेनेलिया देशमुख की रोमांटिक केमिस्ट्री की झलक देखने को मिलती है।

1 मिनट 22 सेकंड के टीजर में दिखाया गया है कि इमरान हाशमी फिल्म में 'एजेंट जी9' यानी 'ईश्वर' के रूप में नजर आ रहे हैं, जो दुनिया के सामने एक साधारण जिंदगी जीते हैं लेकिन गुप्त रूप से देश की सुरक्षा के लिए एक खतरनाक मिशन पर रहते हैं।

सोनू निगम अब विदेशी भाषाओं में आजमाएंगे अपनी आवाज, बोले-'चीनी-जापानी गाना सीखना मजेदार'

सोनू निगम को हिंदी सिनेमा के उन गायकों में गिना जाता है, जिन्होंने अपनी आवाज से कई पीढ़ियों के दिलों में जगह बनाई है। उन्होंने अपने लंबे करियर में रोमांटिक गानों से लेकर भक्ति गीतों और अलग-अलग भाषाओं के गीतों तक अपनी आवाज दी है। आज भी वह खुद को एक ही भाषा या एक ही तरह के संगीत तक सीमित नहीं रखना चाहते। अब सोनू की इच्छा कुछ ऐसी भाषाओं में गाने की है, जिनमें उन्होंने अभी तक ज्यादा काम नहीं किया है।

आईएएनएस से खास बातचीत में सोनू निगम ने कहा, ''मैं आने वाले समय में चीनी, जापानी और स्पेनिश जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में गाने की कोशिश करना चाहता हूं। मेरे लिए यह दूसरे देश की भाषा और संगीत को समझने का नया मौका होगा।''

सोनू निगम ने कहा, ''मैं पहले ही लैटिन और अंग्रेजी में गा चुका हूं। इसके अलावा, मैंने स्टेज पर डच भाषा में भी गाना गाया है। अब मैं चीनी और जापानी जैसी भाषाओं को आजमाना चाहता हूं। शायद स्पेनिश में भी गाने का मौका मिले। नई भाषा में गाना मेरे लिए मजेदार होगा क्योंकि इससे मुझे कुछ नया सीखने का अवसर मिलेगा। मैं आगे भी अलग-अलग भाषाओं में अपनी आवाज आजमाने के लिए तैयार हूं।''

 उन्होंने कहा, ''मेरा संगीत का सफर बहुत छोटी उम्र में शुरू हो गया था। उस समय मैं मुंबई नहीं आया था और दिल्ली में रहकर जिंगल्स के लिए गाने रिकॉर्ड किया करता था। मैं एक दिन में करीब 16 से 17 जिंगल्स तक रिकॉर्ड कर लेता था। इन जिंगल्स में मुझे अलग-अलग आवाज और अलग-अलग अंदाज में गाने का मौका मिलता था।''

करीना-पृथ्वीराज की 'दायरा' का पहला पोस्टर रिलीज, 31 अगस्त को आएगा ट्रेलर

करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की आगामी क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'दायरा' में एक साथ पहली बार नजर आएंगे। मंगलवार को मेकर्स ने पहला पोस्टर रिलीज कर ट्रेलर रिलीज डेट की घोषणा की है।

जंगली पिक्चर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर रिलीज किया, जिसे देखकर क्राइम फिल्म की एक झलक देखने को मिलती है। जारी किए गए पोस्टर में अभिनेत्री करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पीठ से पीठ टिकाए खड़े नजर आ रहे हैं, चारों तरफ पुलिस टेप और पीछे धुंधला सा एक चेहरा दिखाई दे रहा है। यह पोस्टर दो अलग-अलग नजरियों की ओर इशारा करता है और दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि इन दोनों के बीच क्या रिश्ता है और इस लाइन के पार क्या छिपा है।

पोस्टर देख प्रतीत होता है कि सारे जवाब अभी भी पर्दे के पीछे हैं और ट्रेलर के करीब आते-आते दर्शकों के मन में सवाल और भी बढ़ गए हैं।

मेकर्स ने पोस्टर रिलीज कर लिखा, "दो अफसर, दो नजरिए, एक सच। ट्रेलर 31 अगस्त को रिलीज होगा। सच्ची घटनाओं से प्रेरित 'दायरा' हिंदी और मलयालम में सिनेमाघरों में आएगी।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए