मनोरंजन

सिनेजीवन: तुषार-आयुष्मान को धमकी देने वाला हिरासत में और संजय गुप्ता की प्रेयर मीट में भावुक हुए मिलाप जावेरी

बॉलीवुड सितारों और कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मिलाप जावेरी दिवंगत फिल्ममेकर संजय गुप्ता की प्रेयर मीट में उन्हें याद कर भावुक नजर आए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

तुषार कपूर-आयुष्मान खुराना को धमकी देने का मामला, बेंगलुरु से हिरासत में आईटी इंजीनियर

बॉलीवुड सितारों और कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है। 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है। वैभव आईटी सेक्टर में काम करता है और उस पर तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना समेत कई लोगों को ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर डराने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, वैभव मिश्रा नाम के आईटी इंजीनियर को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर अलग-अलग लोगों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेज रहा था। इस मामले में तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना का नाम भी सामने आया।

बता दें कि आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपए की मांग की। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया था कि जांच टीम ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से कर रही है। साथ ही, साइबर सेल मैसेज भेजने वाले नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी।

वहीं, अभिनेता तुषार कपूर को भी इससे पहले धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था और 5 करोड़ रुपए की मांग की थी। तुषार ने इस बारे में मुंबई पुलिस को जानकारी दी थी। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई थी।

संजय गुप्ता की प्रेयर मीट में भावुक हुए मिलाप जावेरी, बोले- वह मेरे पिता जैसे थे 

फिल्ममेकर मिलाप जावेरी अपने मेंटर और गॉडफादर, दिवंगत फिल्ममेकर संजय गुप्ता की प्रेयर मीट में उन्हें याद कर भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि कैसे संजय गुप्ता ने उन्हें सिर्फ 21 साल की उम्र में पहला बड़ा मौका दिया था।

मिलाप जावेरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संजय गुप्ता की प्रेयर मीट का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अभिनेता रोहित रॉय प्रेयर मीट को होस्ट करते नज़र आए। उस पल वे काफी भावुक दिखे। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के लोग फिल्ममेकर की ज़िंदगी, उनकी विरासत और उनके द्वारा दिखाई गई दयालुता के बारे में बात कर रहे थे। इस दौरान संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा और उनके बच्चे पहली पंक्ति में बैठे थे और अपनी आंखों में आंसू रोकने की कोशिश कर रहे थे।

प्रेयर मीट में मिलाप जावेरी ने संजय गुप्ता के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में बात की और उन्हें पिता जैसा बताया। भावुक मिलाप ने आंखों में आंसू लिए अपने मेंटर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने याद किया कि कैसे फिल्ममेकर ने सिर्फ 21 साल की उम्र में उन्हें 'कांटे' फिल्म लिखने का भरोसा जताया था।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रेयर मीट का वीडियो शेयर करते हुए मिलाप ने फिल्ममेकर के लिए एक भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने लिखा, "जो किसी के आगे नहीं झुकता था, जो मोहब्बत देने से नहीं रुकता था, वह संजय गुप्ता था।"

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' का दूसरा गाना 'ढोला जी' रिलीज, श्रेया घोषाल और जावेद अली की आवाज का दिखा जादू

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आने वाली फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के नए गाने 'ढोला जी' रिलीज हो गया है। इस गाने के लिए श्रेया घोषाल, जावेद अली और स्वरूप खान एक साथ आए। गाने में राजस्थानी लोक संगीत और हिंदी फिल्मों की आधुनिक धुनों का खूबसूरत मेल है।

जी म्यूजिक कंपनी ने फिल्म का दूसरा गाना 'ढोला जी' रिलीज किया है। इससे पहले फिल्म का पहला गाना 'सुनियो जरा' रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। नए गाने में राजस्थान की लोक संगीत परंपरा को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया गया।

जावेद अली ने कहा, ''नए गाने 'ढोला जी' में रोमांस, अपनापन और खुशी के मौके पर लोगों के एक साथ आने की भावना है। किसी भी गाने के बोलों में छिपा भाव ही उसकी धुन को लोगों से जोड़ता है। इस गाने में उस भावना को खुलकर सामने आने का मौका मिला है। चार आवाजों का एक साथ आना इसके जश्न वाले अहसास को और खास बनाता है।''

आंध्र प्रदेश में चेनसॉ हमले के बाद फिल्मों पर उठे सवालों पर बोले संदीप रेड्डी वांगा, कहा- 'सिनेमा को बलि का बकरा न बनाएं'  

आंध्र प्रदेश के एक स्कूल में छात्रा पर हुए चेनसॉ हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर फिल्मों में दिखाई जाने वाली हिंसा को लेकर भी बहस छिड़ गई है। इसी बीच फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी फिल्मों की आलोचना करने वालों पर निशाना साधा। 

उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटना के बाद सबसे पहले पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जतानी चाहिए, न कि सिनेमा को इसके लिए जिम्मेदार ठहराने की कोशिश करनी चाहिए।

निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी।

उन्होंने लिखा, ''जब कोई व्यक्ति जघन्य अपराध करता है, तो हमारी पहली प्रतिक्रिया पीड़ितों के प्रति संवेदना जताने और समस्या की गहराई को समझने की होनी चाहिए। सिनेमा को आसान निशाना बनाकर बलि का बकरा नहीं ढूंढना चाहिए। अब यह साफ होता जा रहा है कि आपकी चिंता पीड़ितों या उनके परिवारों के लिए नहीं है, बल्कि आप इस भयानक घटना का इस्तेमाल अपने निजी हिसाब-किताब चुकाने के लिए कर रहे हैं।''

'मैगजीन कमेंट करती थीं पर आज जितनी ट्रोलिंग नहीं थी', माधुरी दीक्षित ने 90 के दशक को किया याद 

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इन दिनों मराठी क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में गेस्ट के तौर पर नजर आ रही हैं। शो के दौरान अभिनेत्री ने बताया कि कैसे बीते सालों में आलोचना और ट्रोलिंग बदल गई है।

शो 'कौन होणार करोड़पति' के स्पेशल एपिसोड में शिव ठाकरे और गौतमी पाटिल ने गेस्ट के तौर पर शिरकत की थी। दोनों से बातें करते हुए अभिनेत्री ने 90 के दशक में अपने स्टारडम के दौरान ट्रोलिंग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि करियर के शुरुआती दिनों में मैगजीन एक्टर्स पर कमेंट किया करती थीं। हालांकि, अभिनेत्री ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया की ट्रोलिंग को देखते हुए, उस समय के हालात काफी अलग हुआ करते थे।

शो के दौरान शिव ठाकरे ने माधुरी दीक्षित से पूछा कि इतने सालों तक पॉपुलर स्टार रहने के बावजूद वह कैसे जमीन से जुड़ी रहीं और ट्रोल होने के असर से उन्होंने खुद को कैसे बचाया। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के लिए थोड़ी-सी फेम संभालना भी मुश्किल हो जाता है।

 इस पर जवाब देते हुए अभिनेत्री ने कहा कि काम के प्रति उनके प्यार ने उन्हें फोकस बनाए रखने में मदद की और नेगेटिव कमेंट्स पर उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अभिनेत्री कहती हैं, "मुझे अपने काम से बहुत लगाव था और मैं जो भी करती हूं, उसे सच्चे मन से करती हूं। इसी वजह से मैंने कभी ट्रोलिंग पर ध्यान ही नहीं दिया। हां, उस समय कुछ मैगजीन्स थीं जो सेलेब्स के बारे में कमेंट करती थीं लेकिन वो आज सोशल मीडिया के जैसा बिल्कुल भी नहीं था, जहां इतनी ज्यादा ट्रोलिंग होती है और लोग एक ही बात को बार-बार कहते रहते हैं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: मुंद्रा पोर्ट से पंजाब लाया जा रहा नशा, खड़गे बोले- अमित शाह जी पहले इस पोर्ट को चेक करके बंद करो

  • ,
  • राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, प्रधानमंत्री बहस कर लें, पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि वह ‘देशद्रोही’ हैं

  • ,
  • यादों में रीता भादुड़ी: कभी लीड हीरोइन के तौर पर नहीं मिली पहचान, लेकिन सहायक रोल से छोड़ी अपनी अमर छाप

  • ,
  • सीईसी ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें बढ़ीं, केरल सरकार ने उनके खिलाफ पुराने मामले में जांच को दी मंजूरी

  • ,
  • पंजाब: राहुल गांधी ने ड्रग्स को बनाया सबसे बड़ा मुद्दा, 'पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो CM नशा नहीं कर सकता'