
अयोध्या स्थित राम मंदिर से चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर टीवी की दुनिया के दिग्गज अभिनेता और रामानंद सागर की मशहूर 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभा चुके सुनील लहरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर की। वीडियो में उन्होंने कहा, "प्रणाम दोस्तों, जय राम जी की, जय सिया राम, राम-राम या जय श्री राम… इन शब्दों से रोज किसी न किसी ने हमें संबोधित किया। 400-500 साल की कड़ी मेहनत और हजारों लोगों के बलिदान के बाद भी अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। बड़ी धूमधाम से रामलला प्राण प्रतिष्ठा की गई। सारे देश ने उन भावनाओं को अनुभव किया और भाव-विभोर हुए।
वीडियो में उन्होंने चढ़ावा चोरी की घटना पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा, "उस मंदिर में करोड़ों रुपए की चोरी हो गई, यह कितनी नीच हरकत है। सोच भी नहीं सकते कि रक्षक ही भक्षक बन जाएगा। श्रद्धालुओं के भावनाओं और उनके विश्वास के साथ में कितना बड़ा विश्वाघात हुआ है। मैं कानून और सरकार से ये विनती करता हूं कि जो भी इसके गुनाहगार हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्हें ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि उनकी आने वाली सात पुश्ते भी याद रखें, या फिर दूसरे देश में, जैसे साउदी अरब में, चोरी करने पर जो सजा मिलती है, वो सजा देनी चाहिए। जो दूसरों के लिए सबक हो और कोई भी इस तरह की चोरी करने की हिम्मत न करे।"
Published: undefined
मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल इन दिनों अपने इंटरनेशनल म्यूजिक टूर 'अनस्टॉपेबल टूर' को लेकर चर्चा में हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए इस टूर के बाद श्रेया ने आईएएनएस से अपने अनुभव साझा किए और इसे अपने करियर के बड़े सफर की शुरुआत बताया।
आईएएनएस से बातचीत में श्रेया घोषाल ने कहा, ''यह अनुभव सच में शानदार रहा। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का कॉन्सर्ट मेरे 'अनस्टॉपेबल टूर' का सबसे यादगार फेज रहा। ऑकलैंड, पर्थ, सिडनी और मेलबर्न, हर शहर में जबरदस्त एनर्जी, प्यार, अपनापन, हंसी और जश्न जैसा माहौल था। मुझे लगता है कि इस कॉन्सर्ट के साथ 'अनस्टॉपेबल' और भी बेहतर हो गया है। हमने काफी कुछ नया सीखा है।''
श्रेया ने अपने टूर के दौरान हुए खास पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''हर शहर में शो में कुछ न कुछ सरप्राइज जरूर थे, जिसने दर्शकों और मुझे दोनों को ही हैरान और खुश कर दिया। कभी स्थानीय कलाकार स्टेज पर शामिल हुए, तो कभी दर्शकों में से ही किसी को परफॉर्म करने का मौका मिला, जिससे हर शो अलग और खास बन गया।''
Published: undefined
बॉलीवुड में कई गाने ऐसे हैं जो सिर्फ अपनी धुन या फिल्म की वजह से ही नहीं बल्कि अपने डांस स्टेप्स की वजह से भी लंबे समय तक याद रखे जाते हैं। 90 के दशक का सुपरहिट गाना 'तम्मा तम्मा' भी उन्हीं में से एक है, जिसने अपने एनर्जी से भरे डांस और अनोखे हुक स्टेप्स के चलते दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई थी। फिल्म 'थानेदार' का यह गाना उस दौर में इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी इसे बॉलीवुड के आइकॉनिक डांस नंबरों में गिना जाता है। इसी गाने को लेकर अब अभिनेता और डांसर जावेद जाफरी ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि उस समय लोगों के बीच एक बड़ी गलतफहमी फैल गई थी।
जावेद जाफरी हाल ही में डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' में नजर आए हैं। इसी शो के दौरान उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय ऐसा भी था जब लोग यह समझने लगे थे कि फिल्म 'तम्मा तम्मा' में संजय दत्त के डांस स्टेप्स असल में उन्होंने किए हैं। यह बात धीरे-धीरे एक अफवाह के रूप में फैल चुकी थी।
शो के दौरान बातचीत में जावेद जाफरी ने मुस्कुराते हुए कहा, ''उस समय संजय दत्त ने इस गाने में काफी मेहनत की थी और उनका डांस अपने आप में काफी खास था लेकिन लोगों ने किसी वजह से यह मान लिया कि वह डांस संजय दत्त का नहीं बल्कि जावेद जाफरी का है।''
Published: undefined
हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज का जाना माना चेहरा अभिनेता अमित सियाल बुधवार को अपना 51वां जन्मदिन मनाएंगे। उनका जन्म 1 जुलाई 1975 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हुआ था। अमित सियाल ने ओटीटी से लेकर फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी की और निगेटिव किरदारों में उन्होंने अलग छाप छोड़ी है।
अमित सियाल के पिता की कानपुर में जूते की दुकान थी और मां लाइब्रेरियन थीं। इससे साफ है कि उनके घर में पहले से अभिनय की दुनिया में कोई नहीं था। माता-पिता चाहते थे कि वे अच्छे से पढ़ाई करके नौकरी करें लेकिन उनके दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शीलिंग हाउस स्कूल, कानपुर से पूरी की। आगे चलकर, उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से बी.कॉम. (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की।
शिक्षा को और मजबूत बनाने के लिए वे ऑस्ट्रेलिया चले गए, जहां स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से इंटरनेशनल बिजनेस में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया। ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने के साथ ही वे काम भी करने लगे। उनको बर्तन धोने का काम मिला, जहां उनको खाना और 35 डॉलर मिलते थे। इसके अलावा उन्होंने टैक्सी भी चलाई और सेल्समैन का काम भी किया।
Published: undefined
टीवी अभिनेत्री ईशा सिंह इन दिनों अपने आने वाले शो 'जूही मुई' को लेकर चर्चा में हैं। इस शो में वह अपने करियर का अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने जा रही हैं। ईशा इसमें ऑटिज्म स्पेक्ट्रम पर रहने वाली लड़की 'जूही' की भूमिका में नजर आएंगी। अपने इस किरदार की तैयारी और ऑटिज्म को लेकर समाज में फैली गलतफहमियों पर अभिनेत्री ने खुलकर बात की।
उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग ऑटिज्म को बीमारी समझते हैं, जबकि यह एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है।
आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में ईशा सिंह ने कहा, ''आज भी बहुत से लोग ऑटिज्म को सही तरीके से नहीं समझते। जागरूकता की कमी पढ़े-लिखे लोगों के बीच भी देखने को मिलती है। मेरे अपने दोस्तों में भी ऐसे लोग हैं जिन्हें ऑटिज्म के बारे में सही जानकारी नहीं है। ऐसे में सबसे जरूरी बात यह है कि लोग इस विषय को समझें और इसके बारे में सही जानकारी हासिल करें।''
ईशा सिंह ने कहा, ''ऑटिज्म को लेकर सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि लोग इसे बीमारी मान लेते हैं। जबकि सच यह है कि ऑटिज्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि मस्तिष्क के विकास से जुड़ी एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है। कुछ माता-पिता यह सोचते हैं कि ऑटिज्म एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है, जबकि यह पूरी तरह गलत धारणा है। ऑटिज्म न तो संक्रामक है और न ही यह किसी तरह की बीमारी है।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined