
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। आलिया भट्ट के साथ उनकी शादी और दोनों की बेटी राहा अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अब रणबीर ने अपनी शादी और रिश्तों को लेकर कुछ ऐसी बातें साझा की हैं, जो उनके लिए काफी मायने रखती हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी रिश्ते की असली नींव दोस्ती होती है। प्यार जहां दो लोगों को करीब लाता है, वहीं विश्वास रिश्ते को मजबूत बनाता है और सम्मान उसे लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करता है। रणबीर ने ये बातें दिवाली के खास एपिसोड में लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में कही।
शो के दौरान रणबीर ने रिश्तों की अहमियत पर बात करते हुए कहा, ''हमारे रिश्ते की जो नींव है, जो जड़ है, वह दोस्ती है। मैं हमेशा से यह मानता हूं कि प्रेम एक रिश्ते को जोड़ता है, विश्वास एक रिश्ते को मजबूत बनाता है और सम्मान एक रिश्ते को कायम रखता है। मेरे हिसाब से ये किसी भी रिश्ते की अहम नींव हैं।''
कॉमेडी और वैरायटी टॉक शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के विशेष एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर अपने भाई ईशान खट्टर और पत्नी मीरा राजपूत के साथ नजर आएंगे। शो के दौरान अभिनेता ने भाई ईशान को लेकर एक मजेदार किस्सा शेयर किया।
नेटफ्लिक्स ने इंस्टाग्राम पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का प्रोमो शेयर किया, जिसकी शुरुआत में शाहिद, उनकी पत्नी मीरा राजपूत और ईशान शो में एंट्री करते दिखते हैं। इसके बाद दोनों भाई 'जिंगाट' गाने पर डांस भी करते हैं।
शाहिद ने पत्नी मीरा राजपूत के साथ 2016 की फिल्म 'उड़ता पंजाब' का किस्सा शेयर किया। शाहिद ने कहा, "जब उड़ता पंजाब की शूटिंग पूरी हो गई थी, तो एडिटिंग रूम में बुलाकर फिल्म दिखाई गई थी। फिल्म की शुरुआत में तो मीरा मेरे बगल में बैठी थी, लेकिन जब फिल्म खत्म हुई, तो वो सोफे के दूसरी तरफ बैठी थी।"
इस पर शो के होस्ट कपिल शर्मा ने मजाक में कहा, "शुक्र है, कबीर सिंह देखने नहीं गईं, अगर वो देखकर शादी की होती तो वो भाग जातीं।"
शाहिद ने ईशान के बचपन का किस्सा याद करते हुए कहा, "जब ईशान छोटा था, तो मैं इसके डायपर बदलता था और अब बुढ़ापे में ईशान कह रहा है कि वो मेरे बदलेगा।"
अभिनेत्री जीनत बॉलीवुड में 'ग्लैमर आइकन' के रूप में जानी जाती हैं। बुधवार को उन्होंने बताया कि पब्लिक इमेज से उनकी प्राइवेट पर्सनैलिटी से बिल्कुल अलग थी।
अभिनेत्री जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट कर एक लंबा-सा नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने करियर के दौरान ‘ग्लैमर आइकन’ का टैग मिलने पर खुलकर बात की। जीनत अमान ने लिखा, "मुझे फिल्म इंडस्ट्री में ग्लैमरस स्टार के तौर पर देखा जाता था। एक ऐसी इमेज थी, जो सिनेमा के साथ ही आती थी और मैं समझती थी कि ये इस इंडस्ट्री का हिस्सा है। हालांकि, अपने लंबे करियर में मैंने काम को पूरे दिल से अपनाया लेकिन कैमरे के पीछे मैं बिल्कुल अलग तरह की इंसान थी। स्वभाव से प्राइवेट, थोड़ी शर्मीली और अपने काम में ही सबसे ज्यादा खुश रहने वाली लड़की।"
अभिनेत्री ने आगे लिखा, "जिंदगी ने मुझे हमेशा से यही सिखाया है कि लोग हमारी असली पहचान देखना पसंद नहीं करते हैं बल्कि वे हमें अनुभवों, उम्मीदों और कभी-कभी अपनी कल्पनाओं के नजरिए से देखते हैं। किसी के लिए हम रहस्यमयी लगते हैं, तो दूसरे के लिए डरावने और लंबी फ्लाइट में आपके बगल में बैठे किसी अनजान शख्स के लिए आप अचानक एक बेबाक साथी बन सकते हैं। ये देखना कितना अजीब है ना?"
अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में ओटीटी प्लेटफॉर्म के कारण फिल्मों और वेब सीरीज में कहानियां कहने के बदलते अंदाज पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अब ऐसी कहानियों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जिनसे दर्शक खुद को जोड़ सकें। खासकर महिलाओं के किरदारों में यह बदलाव साफ दिखाई देता है। पहले जहां अभिनेत्रियों को अक्सर सीमित उम्र तक ही मुख्य भूमिकाएं मिलती थीं, वहीं अब 40 साल की उम्र के बाद भी उन्हें कई मजबूत और अलग-अलग परतों वाले किरदार निभाने का मौका मिल रहा है।
दिव्या ने कहा, ''ओटीटी के आने के बाद कहानी कहने पर काफी जोर दिया जाने लगा है। अब ऐसी वास्तविक कहानियां सुनाई जा रही हैं, जिनसे लोग खुद को जोड़ सकें। मुझे लगता है कि ओटीटी ने अलग-अलग उम्र की महिलाओं के लिए अच्छे किरदारों के रास्ते खोले हैं। अब 20, 30 या 40 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए भी ऐसे किरदार लिखे जा रहे हैं, जिनमें अभिनय करने की काफी गुंजाइश होती है। पहले यह सोचना भी मुश्किल था कि इस उम्र की महिलाओं को किसी कहानी में मुख्य भूमिका मिल सकती है लेकिन अब किरदारों में पहले के मुकाबले ज्यादा गहराई देखने को मिलती है।''
एक्ट्रेस ने कहा, ''ओटीटी ने इंसानी व्यवहार को ज्यादा वास्तविक तरीके से दिखाने का मौका दिया है। किसी मुश्किल परिस्थिति में हर इंसान की प्रतिक्रिया अलग हो सकती है। गुस्सा करना या गलती कर बैठना किसी व्यक्ति को पूरी तरह अच्छा या बुरा नहीं बना देता। हर इंसान के व्यक्तित्व में कई पहलू होते हैं और ओटीटी ने किरदारों में इन्हीं पहलुओं को जगह दी है और अच्छी लेखनी को बढ़ावा दिया है।''
टीवी एक्ट्रेस स्मिता बंसल ने पति-डायरेक्टर अंकुश मोहला के साथ शादी के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर कपल ने गोवा में व्हाइट वेडिंग स्टाइल में फिर से शादी की रस्में निभाकर इस खास दिन को सेलिब्रेट किया।
एक्ट्रेस के इंडस्ट्री के दोस्तों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर कर इस खूबसूरत जश्न की झलक शेयर की। एक तस्वीर में अंकुश, स्मिता के गाल पर किस करते दिख रहे हैं और स्मिता सफेद ब्राइडल गाउन में मुस्कुरा रही हैं।
अंकुश डार्क सूट में अपनी पत्नी को गले लगाए हुए नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में दोनों समुद्र के किनारे फूलों से सजे मंडप के नीचे डांस करते दिख रहे हैं।
समारोह का आयोजन खुले आकाश के नीचे किया गया था, जिसमें क्रीम रंग के कपड़े से सजी लकड़ी की कुर्सियों की कतारें, फूलों की सजावट और खूबसूरती से सजा समारोह स्थल बहुत ही शानदार लग रहा था। वेन्यू पर 'अंकुश एंड स्मिता' के नाम और 26 अक्टूबर की तारीख वाला एक डेकोरेटिव बोर्ड भी लगा था, जिस पर 25 साल पूरे होने का जश्न मनाने का मैसेज लिखा था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए