मनोरंजन

सिनेजीवन: शाहिद की पत्नी मीरा ने तीसरे बच्चे की खबरों पर तोड़ी चुप्पी और श्रद्धा के दमदार डायलॉग्स से सजा 'ईठा' का ट्रेलर

हाल ही में मीरा करीना कपूर खान के चैट शो 'व्हाट वीमेन वॉन्ट' में पहुंचीं, जहां दोनों ने शादी, रिश्तों, परिवार और अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी चर्चाओं पर खुलकर बात की। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'ईठा' को लेकर सुर्खियों में हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'अब हमारा परिवार पूरा है'. शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत ने तीसरे बच्चे की खबरों पर तोड़ी चुप्पी

बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत ने परिवार बढ़ाने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। मीरा ने कहा है कि वह और शाहिद अब तीसरा बच्चा नहीं चाहते और उनका परिवार पूरा है।

हाल ही में मीरा करीना कपूर खान के चैट शो 'व्हाट वीमेन वॉन्ट' में पहुंचीं, जहां दोनों ने शादी, रिश्तों, परिवार और अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी चर्चाओं पर खुलकर बात की। शो के आने वाले एपिसोड के प्रोमो में मीरा और करीना के बीच हुई मजेदार बातचीत की झलक देखने को मिली।

प्रोमो में करीना ने मीरा से पूछा कि उन्होंने अपने बारे में अब तक की सबसे अजीब अफवाह कौन-सी सुनी है? इस पर मीरा ने बताया कि उनके और शाहिद के तीसरे बच्चे को लेकर अक्सर अटकलें लगाई जाती हैं। मीरा का जवाब सुनकर करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'हो भी सकता है।' इस पर मीरा ने तुरंत जवाब दिया, 'बिल्कुल नहीं, हमारा परिवार पूरा हो चुका है।'

इससे पहले करीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शो के सेट से मीरा के साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी और उन्हें एक प्यारी इंसान बताया था। मीरा ने करीना की पोस्ट को रीशेयर करते हुए उन्हें शो में बुलाने के लिए धन्यवाद दिया।

'देखते हैं क्या टूटता है, मेरा भरोसा या घमंड', श्रद्धा कपूर के दमदार डायलॉग्स से सजा 'ईठा' का ट्रेलर

अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'ईठा' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया, जिसमें महाराष्ट्र की लोककला की रंगीन दुनिया के साथ एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी कला, पहचान और सम्मान के लिए हर मुश्किल का सामना करती है। श्रद्धा का अभिनय और उनके दमदार डायलॉग्स कहानी को और प्रभावशाली बनाते हैं।

ट्रेलर करीब तीन मिनट का है। इसमें महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी कला की दुनिया को करीब से दिखाया गया है। इस चमक-दमक के पीछे छिपा संघर्ष भी कहानी का अहम हिस्सा है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि विठाबाई किस तरह अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाती हैं और इस सफर में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

श्रद्धा कपूर पारंपरिक नौवारी साड़ी, भारी गहनों और हाथों में घुंघरू के साथ लावणी कलाकार के रूप में नजर आती हैं। उनके चेहरे का एक्सप्रेशन, आत्मविश्वास और स्टेज पर नृत्य करने का अंदाज किरदार को मजबूत बनाता है। एक जगह वह कहती हैं, 'देखते हैं क्या टूटता है, मेरा भरोसा या मेरा घमंड। मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे। जब वो टूट गया ना, सब टूट गया।'

यश के बेटे यथर्व का जन्मदिन, पत्नी राधिका पंडित ने शेयर किया प्यारा पोस्ट

अभिनेता यश और उनका परिवार शुक्रवार को बेटे यथर्व का जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनकी पत्नी राधिका पंडित ने बेटे को बधाई दी।

राधिका पंडित ने इंस्टाग्राम पर बेटे के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें यश और यथर्व के साथ बिताए गए उनके यादगार पल नजर आए। अभिनेत्री ने लिखा, "हमारे नन्हे से राजकुमार यथर्व को जन्मदिन की ढेर सारी बधाई, हम आपसे बहुत प्यार करते हैं।"

राधिका पंडित की यह पोस्ट देखकर इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों ने भी यथर्व को जन्मदिन की बधाई दी।

अभिनेत्री राधिका पंडित और यश की बात करें, तो दोनों की पहली मुलाकात 2007 में 'नंदा गोकुला' के सेट पर हुई थी। फिल्मों में साथ काम करते-करते दोनों अच्छे दोस्त बन गए और फिर डेट करने लगे, लेकिन कई सालों तक उन्होंने अपने रिश्ते को प्राइवेट रखा।

2016 में दोनों ने गोवा में सगाई की और उसी साल शादी कर ली। शादी के बाद दो रिसेप्शन रखे गए थे, एक दोस्तों और परिवार के लिए और दूसरा बेंगलुरु पैलेस में फैंस के लिए। उनके दो बच्चे हैं।

दीपावली पर पर घर जा रहे लोगों को एक्टर अपारशक्ति खुराना ने दी ये सलाह, ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो किया शेयर

दीपावली का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है तो एक तरफ ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है, वहीं दूसरी तरफ कई लोगों को ऑफिस के काम की वजह से छुट्टी मिलने में परेशानी हो रही है। इसी पर हास्य अंदाज में तंज कसते हुए अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने सभी को पेंडिंग काम पूरा करके घर जाने की सलाह दी है।

अपारशक्ति खुराना ने इंस्टाग्राम पर ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह ट्रेन में चलते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने लिखा, "मुझे ट्रेन में सफर करना बहुत पसंद है। साथ ही भारतीय ट्रेन में रेट्रो गाने बजाने की भी मांग कर रहा हूं, मजा आ जाएगा। वैसे हम में से बहुत से लोग दीपावली के लिए घर जा रहे हैं। ट्रेनें, फ्लाइट सब फुल होने वाली हैं। सेफ ट्रैवल करना, खुशी-खुशी घर पहुंचना। कोई भी काम पेंडिंग छोड़कर मत जाना, वरना बॉस के ताने सुनने पड़ेंगे।"

वीडियो में अपारशक्ति खुराना ने 1961 की फिल्म 'हम दोनों' का प्रसिद्ध गीत 'मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया' ऐड किया। मोहम्मद रफी द्वारा गाया गया यह गीत साहिर लुधियानवी ने लिखा है और संगीत जयदेव ने दिया है। यह गाना जीवन के प्रति एक सकारात्मक और बेफिक्र नजरिए को दर्शाता है, जिसमें हर फिक्र को भुलाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया है।

'मटरगश्ती' में चारू का किरदार मिलने पर बोलीं सौम्या उनियाल, 'डायरी में पहले ही लिख लिया था कैसा रोल और सीरीज चाहती हूं'

एक्टर सौम्या उनियाल इन दिनों सीरीज 'मटरगश्ती' में चारू के किरदार को लेकर चर्चा में हैं। सौम्या के लिए यह रोल उनकी उस ख्वाहिश के पूरा होने जैसा है, जिसे उन्होंने कभी अपनी डायरी में लिखा था। 

एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने डायरी में विस्तार से लिखा था कि वह किसी सीरीज में काम करना चाहती हैं और उसमें किस तरह का किरदार निभाना चाहेंगी। जब उन्हें 'मटरगश्ती' में चारू का रोल मिला, तो उन्हें लगा कि जैसे उनकी लिखी इच्छा सच हो गई है।

 आईएएनएस से बातचीत में सौम्या ने अपने किरदार के बारे में बताया कि चारू को सिर्फ उसके बाहरी व्यवहार से समझना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, ''अगर आप चारू को ऊपर-ऊपर से देखेंगे, तो उसे आसानी से गलत समझ सकते हैं। कुछ माता-पिता तो उसे उस बुरी संगत की तरह देख सकते हैं, जिससे वे अपने बच्चों को दूर रहने की सलाह देते हैं। लेकिन असल में वह ऐसी दोस्त है, जिसके अंदर बहुत प्यार, परवाह और अपनापन है। वह अपने दोस्तों को लेकर काफी प्रोटेक्टिव है और अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर करती है। उसकी एक खूबी जो मैं अपने अंदर भी चाहूंगी, वह है उसका आत्मविश्वास और निडर अंदाज।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए