
अभिनेत्री सोनिया बालन नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' में लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला के किरदार में नजर आएंगी। सोनिया ने बताया कि इस फिल्म का हिस्सा बनना और रणबीर कपूर के साथ काम करना उनके लिए एक खास मौका है।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "रामायण जैसी कहानी से जुड़ना, जो हमारी संस्कृति में इतनी गहराई से जुड़ी है, वाकई बहुत खास है। उर्मिला रामायण की एक ऐसी नायिका हैं, जिसकी मजबूती, गरिमा और त्याग को इतिहास के पन्नों से परे समझा जाना चाहिए। एक एक्टर के तौर पर ऐसे इमोशनल लेयर वाले किरदार को निभाने का मौका मिलना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।"
उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते कहा, "नितेश तिवारी जैसे विजनरी फिल्ममेकर के साथ काम करना और इस बड़े प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर जैसे शानदार एक्टर के साथ स्क्रीन शेयर करना इस सफर को और भी ज्यादा एक्साइटिंग बनाता है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक उर्मिला की मजबूती से जुड़ पाएंगे और उन खूबसूरत इमोशन्स को समझ पाएंगे जो उनकी कहानी को इतना पावरफुल बनाते हैं।"
लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला का रामायण में एक अहम स्थान है। कहा जा रहा है कि इस किरदार के जरिए फिल्म में महाकाव्य के एक और भावनात्मक पहलू को दिखाया जाएगा और उनकी कहानी को बड़े पर्दे पर दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
टेलीविजन अभिनेत्री अविका गौर इस साल अपना पहला करवा चौथ मना रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि वह बैंकॉक में पति मिलिंद चंदवानी के साथ करवाचौथ मना रही हैं।
करवा चौथ को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए अभिनेता ने कहा, "मेरे लिए त्योहार मतलब इमोशन्स, परम्पराएं और सजना-संवरना। करवा चौथ का पर्व मिलिंद के साथ सेलिब्रेट करना और भी ज्यादा मजेदार है। इस पर्व पर सजना-संवरना, सुंदर एथनिक कपड़े पहनना, त्योहार को एंजॉय करना और अपने पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताना शानदार है लेकिन इस त्योहार के पीछे की भावना सबसे ज्यादा पसंद है। यह एक ऐसा पर्व है, जब हम अपने व्यस्त दिनचर्या से ब्रेक लेकर उस इंसान को सेलिब्रेट करते हैं, जो हमारी दुनिया को थोड़ा और खास बनाता है।"
अभिनेत्री ने कहा, "इस साल हम बैंकॉक में करवाचौथ का पर्व सेलिब्रेट कर रहे हैं और यह बहुत स्पेशल होगा। मेरा मानना है कि प्यार छोटी-छोटी चीजों में होता है। जैसे एक दूसरे को लिए वक्त निकालना, सपोर्ट करना, साथ में हंसना और हर मुश्किल घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़े रहना।"
हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन ने अपनी जिंदगी के एक मुश्किल दौर को याद किया है। उन्होंने बताया कि 16 साल की उम्र में वह एक बेहद सख्त स्कूल में पढ़ते थे, जहां सजा के तौर पर उन्हें ‘स्नेक पिट’ (सांपों का गड्ढा) नाम की जगह पर भेजा जाता था। अभिनेता ने कहा कि उनकी किताब ‘द स्टेप्स’ के इस हिस्से को लिखना उनके लिए सबसे कठिन अनुभवों में से एक था।
स्टेलोन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने उस दौर के अनुभवों के बारे में बताया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “यह ‘द स्टेप्स’ के सबसे मुश्किल हिस्सों में से एक था, जिसे लिखना मेरे लिए कठिन रहा। मैं 16 साल का था और एक ऐसे स्कूल में पढ़ता था, जहां सजा के तौर पर हमें उस जगह भेजा जा सकता था, जिसे हम ‘स्नेक पिट’ कहते थे।”
वीडियो में अभिनेता ने बताया कि वह एक बेहद सख्त स्कूल में पढ़ते थे, जो लगभग सुधार गृह जैसा था। वहां सजा मिलने पर विद्यार्थियों को एक विशेष इमारत में ले जाया जाता था, जिसे ‘स्नेक पिट’ कहा जाता था। उन्होंने कहा, “इस किताब के सबसे मुश्किल अध्यायों में से एक उस घटना के बारे में है, जो मेरे साथ तब हुई, जब मैं 16 साल का था। मैं एक बेहद सख्त स्कूल में जाता था, जो लगभग सुधार गृह जैसा था। जब आपको सजा मिलती थी, तो आपको एक खास इमारत में ले जाया जाता था, जिसे स्नेक पिट कहा जाता था।”
स्टेलोन ने बताया कि वहां उन्हें ऐसी डरावनी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, जिनसे सामान्य तौर पर उनका सामना नहीं होता। हालांकि, इन मुश्किल अनुभवों ने उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया।
अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने पिता प्रकाश कोइराला के 80वें जन्मदिन पर उनके लिए एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने पिता के स्वस्थ, खुशहाल और ऊर्जावान जीवन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें पहले कभी इतना स्वस्थ और जीवन से भरपूर नहीं देखा।
‘दिल से’ फेम अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की दिनचर्या की झलक साझा की। उन्होंने बताया कि पिता ने जन्मदिन के खास दिन की शुरुआत भी अपनी नियमित फिटनेस दिनचर्या के साथ की।
मनीषा ने लिखा, “पापा का 80वां जन्मदिन! सच कहूं तो मुझे नहीं लगता कि मैंने पापा को पहले कभी इतना स्वस्थ, खुश या जीवन से भरपूर देखा है।”
अभिनेत्री ने बताया कि उनके पिता सुबह तीन किलोमीटर पैदल चल चुके थे और दिनभर में 12 हजार कदम पूरे कर लिए थे। उन्होंने साढ़े आठ घंटे की अच्छी नींद ली और सुबह के व्यायाम भी पूरे कर लिए थे। इसके बाद वह जन्मदिन के विशेष ब्रंच की तैयारी कर रहे थे।
मनीषा ने पिता के अनुशासन और जीवन के प्रति उनके उत्साह की सराहना करते हुए लिखा, “वह पहले ही तीन किलोमीटर चल चुके हैं, दिनभर में 12 हजार कदम पूरे कर चुके हैं, साढ़े आठ घंटे की अच्छी नींद ले चुके हैं और सुबह का व्यायाम भी कर चुके हैं। अब वह अपने जन्मदिन के ब्रंच के लिए तैयार हो रहे हैं।”
हॉलीवुड स्टार क्रिस प्रैट ने अपने बड़े भाई कली प्रैट के जन्मदिन पर एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कली को अपना पहला हीरो बताते हुए कहा कि आज वह जो इंसान हैं, उसे गढ़ने में उनके बड़े भाई की अहम भूमिका रही है।
क्रिस ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह उनके भाई और उनके माता-पिता नजर आ रहे हैं। ये तस्वीरें उनके बचपन से लेकर अब तक के कुछ खास पलों की झलक दिखाती हैं।
क्रिस ने बताया कि बचपन में वह अपने भाई 'कली' को अपना आदर्श मानते थे। वह उनके कपड़े भी पहन लेते थे, क्योंकि उनमें से बहुत अच्छी खुशबू आती थी। उन्होंने अपने भाई की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहतरीन कलाकार और सबसे बढ़कर एक बहुत अच्छा इंसान बताया।
उन्होंने लिखा, "मेरे बड़े भाई को 50वें जन्मदिन की बधाई। मेरे हीरो, कली प्रैट। जब मैं बच्चा था, तो मैं बिल्कुल कली जैसा बनना चाहता था। वह जब अपने कपड़े उतारकर फर्श पर छोड़ देते थे, तो मैं अगले ही दिन उन्हें पहन लेता था, क्योंकि उनमें से बहुत अच्छी खुशबू आती थी और उन्हें पता होता था कि कौन से कपड़े एक-दूसरे के साथ अच्छे लगेंगे। हाहा।"
क्रिस ने कहा, "मैं उन्हें बहुत मानता था। उन्होंने क्रिसमस प्ले में 'बू बियर' का किरदार निभाया था, जिसे देखकर ही मेरे मन में एक्टर बनने की इच्छा जागी। सच कहूं तो आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें कहीं न कहीं मेरे भाई का ही योगदान है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए