मनोरंजन

सिनेजीवन: सोनू निगम ने सलमान से जुड़ी वीडियो पर दी सफाई और नम्रता शिरोडकर ने परिवार संग किया गणपति बप्पा का विसर्जन

सोनू निगम ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी। अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर गणपति हर साल पूरे उत्साह और भक्ति के साथ अपने घर बप्पा का स्वागत करती हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

सोनू निगम ने सलमान खान के सिंगिंग से जुड़ी रिएक्शन वीडियो पर दी सफाई, बोले-'इंटरनेट पर कुछ भी हो सकता है'

बॉलीवुड में सलमान खान और सोनू निगम का रिश्ता काफी पुराना है। दोनों ने लंबे समय तक इंडस्ट्री में साथ काम किया है और एक-दूसरे के काम से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। ऐसे में जब सोशल मीडिया पर सोनू निगम का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे सलमान खान की सिंगिंग पर उनका रिएक्शन बताया गया, तो इसने लोगों का ध्यान खींच लिया।  

वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे सोनू सलमान के गाने पर नकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब सोनू निगम ने खुद वीडियो की सच्चाई बताई और बताया कि उनके रिएक्शन को गलत तरीके से एडिट करके पेश किया गया है।

सोनू निगम ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा, ''इंटरनेट पर किसी भी वीडियो को एडिट करके उसका मतलब बदला जा सकता है। क्लिप में मेरे रिएक्शन को सलमान खान की फिल्म 'मैं हूं हीरो तेरा' से जोड़ दिया गया जबकि मेरा यह रिएक्शन असल में एक पाकिस्तानी बच्ची के गाने पर था।''

सोनू ने अपनी बात साफ करते हुए कहा, ''इंटरनेट पर कुछ भी हो सकता है और लोगों को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो को तुरंत सच नहीं मानना चाहिए।''

अनिल कपूर ने बताया खुद को क्यों मानते हैं सोनम-रिया के लिए डबल बोनस पिता

अभिनेता अनिल कपूर जल्द ही गेम रियलिटी शो 'इंडिया के टॉप 1%' में होस्ट के तौर पर नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि वह खुद को अपनी दोनों बेटियों सोनम कपूर और रिया कपूर के लिए डबल बोनस पिता क्यों मानते हैं।

 अभिनेता ने कहा, "बहुत से लोगों का कहना है कि मैं अपने परिवार के लिए काम करता हूं लेकिन मैं भी अब ये सीख रहा हूं कि परिवार को वक्त देना कितना जरूरी है।"

 उन्होंने कहा, "हमारे जो दामाद हैं, वो परिवार और काम के लिए सही समय निकालते हैं। जब मैं आपकी उम्र का था और रिया पैदा हुई थी, मैं हॉस्पिटल लेट पहुंचा था, जिसके लिए मैं आज तक खुद को माफ नहीं कर सका। रिया की डिलीवरी हो गई थी और मैं कुछ समय बाद वहां पहुंच गया था।"

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रिया का जब जन्म हुआ था, उस समय वे एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। रातभर जगने से उनकी आंख लग गई थी। उन्होंने कहा, "मैं पूरी रात शूट कर रहा था और मेरी आंख लग गई थी और जब मैं जागा, तो रिया का जन्म हो गया था। बेटी होना बोनस है और मेरी दो बेटियां हैं, सोनम और रिया, तो मेरे लिए डबल बोनस है।"

'करीना का अलग पहलू देखने को मिला,' फिल्म 'दायरा' में साथ काम पर बोलीं तृप्ति खामकर

एक्ट्रेस तृप्ति खामकर मेघना गुलजार की आने वाली फिल्म 'दायरा' के साथ सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करने की तैयारी कर रही हैं। इस फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं।

 तृप्ति और करीना 'क्रू' के बाद से इस प्रोजेक्ट में फिर से साथ काम कर रही हैं। आईएएनएस के साथ एक खास बातचीत में, तृप्ति ने करीना के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर करने के बारे में बात की और बताया कि अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जानी जाने वाली एक्ट्रेस के साथ काम करना कैसा रहा।

अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए तृप्ति ने कहा, "हां, मैं खुशकिस्मत थी कि मुझे खूबसूरती की रानी, ​​डीवा, करीना कपूर खान के साथ काम करने का मौका मिला और मैंने उनका एक अलग ही रूप देखा। वह सच में सबसे खूबसूरत इंसान हैं, बहुत खूबसूरत दिल वाली हैं और बहुत मेहनती एक्ट्रेस हैं। मैंने उन्हें इस फिल्म के लिए सच में बहुत मेहनत करते देखा है।"

अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर ने परिवार संग किया गणपति बप्पा का विसर्जन

अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर गणपति हर साल पूरे उत्साह और भक्ति के साथ अपने घर बप्पा का स्वागत करती हैं। इस साल भी उन्होंने परिवार संग परंपरा के अनुसार गणपति बप्पा का स्वागत किया और तीन दिन तक रखने के बाद गणपति बप्पा का विसर्जन किया।

गुरुवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इस विसर्जन की झलक शेयर की। नम्रता शिरोडकर ने इंस्टाग्राम पर इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके बच्चे बेटी सितारा और बेटा गौतम, परिवार के साथ गणपति बप्पा को विदा करते नजर आए।

एक झलक में नम्रता अपनी बेटी और बेटे के साथ गणपति की पूजा करती दिखीं। परिवार खूबसूरती से सजाई गई मूर्ति के चारों ओर इकट्ठा नजर आया, जहां फूल और पारंपरिक सजावट की गई थी।

नम्रता ने इससे पहले भगवान गणेश की आरती करते हुए अपना एक वीडियो भी शेयर किया था। एक और तस्वीर में वह अपने पालतू जानवरों के साथ गणपति की मूर्ति के सामने चमकीले गुलाबी पारंपरिक परिधान में पोज देती नजर आईं। त्योहार की तस्वीर शेयर करते हुए नम्रता ने लिखा, "गणपति बप्पा मोरया... आप सभी को गणेश चतुर्थी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

आदित्य रिखारी और संजू राठौड़ 'स्पॉटलाइट सीजन 4' में आएंगे नजर, नए म्यूजिक और कोलैबोरेशन को लेकर उत्साहित

भारत में म्यूजिक की दुनिया लगातार बदल रही है। अब सिर्फ बड़े नाम ही नहीं, बल्कि अलग-अलग शहरों और भाषाओं से आने वाले नए कलाकार भी अपनी आवाज और अलग म्यूजिक स्टाइल के साथ लोगों के बीच पहचान बना रहे हैं। इसी तरह के कलाकारों को एक मंच देने वाला म्यूजिक प्लेटफॉर्म 'स्पॉटलाइट' अब अपने चौथे सीजन के साथ लौट आया है। इस सीजन का आदित्य रिखारी और संजू राठौड़ भी हिस्सा होंगे। दोनों ही इस नए सफर को लेकर काफी उत्साहित हैं।

 हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप फॉर ब्रांड्स के साथ मिलकर 'हुंडई स्पॉटलाइट' के चौथे सीजन को पेश किया है। इस सीजन का मकसद अलग-अलग तरह के म्यूजिक और कलाकारों को एक मंच पर लाना है, जहां सिंगर्स नए साउंड को एक्सप्लोर करने के साथ दूसरे कलाकारों के साथ मिलकर कुछ नया तैयार करेंगे। कलाकारों को उम्मीद है कि इस सीजन के जरिए उनका संगीत देशभर के लोगों तक पहुंचेगा।

 सीजन 4 की शुरुआत संजू राठौड़ के मराठी गाने 'पाहिजे' से हुई। इस गाने में उनके साथ जूली जोगलेकर नजर आई। गाना रोमांस, मस्ती और सेलिब्रेशन का मिक्सअप है। मराठी म्यूजिक की अपनी खास पहचान के साथ यह गाना सीजन की शुरुआत को अलग अंदाज देता है।

वहीं, 'गोरी' की सफलता के बाद आदित्य रिखारी और रावटर एक बार फिर 'स्पॉटलाइट' का हिस्सा बने हैं। अपने नए सीजन में लौटने को लेकर दोनों ने कहा कि 'गोरी' को दर्शकों से मिले प्यार के बाद इस मंच पर दोबारा आना उनके लिए खास है। एक कलाकार के तौर पर वे हमेशा संगीत के जरिए कहानियां बताने के नए तरीके तलाशते रहते हैं और 'स्पॉटलाइट' उन्हें एक्सपेरिमेंट करने, दूसरे कलाकारों के साथ काम करने और ऐसा कुछ बनाने की आजादी देता है, जिसे शायद वे किसी और जगह नहीं कर पाते।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए