
टीवी और मनोरंजन जगत के चर्चित सितारों कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने, आपसी रिश्तों और खेल-खेल में होने वाली नोकझोंक के बारे में बात की। साथ ही उन्होंने शो के होस्ट रोहित शर्मा के अंदाज की भी तारीफ की।
कृष्णा अभिषेक ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ''जब पूरा परिवार एक साथ आता है और उनके बीच थोड़ा कॉम्पिटिशन होता है, तो माहौल और भी मजेदार हो जाता है। इस शो में छोटी-छोटी फैमिली इक्वेशन देखने को मिलती हैं। इससे पता चलता है कि कौन सबसे ज्यादा कॉम्पिटिटिव है, किसे सबसे पहले गुस्सा आता है और कौन चुपचाप जीतने की कोशिश कर रहा है।''
कृष्णा ने रोहित शर्मा की होस्टिंग की तारीफ करते हुए कहा, ''रोहित ने इस पूरे माहौल को बहुत अच्छी तरह संभाला। वह रिलैक्स्ड थे, उनकी कॉमिक टाइमिंग अच्छी थी और उन्हें पता था कि कब परिवारों को खुलकर मस्ती करने देनी है। दर्शकों को उनका यह अंदाज देखकर अच्छा लगेगा।''
कश्मीरा शाह ने कहा, ''परिवार के साथ इस शो का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद मजेदार और यादगार अनुभव रहा। हम सभी ने साथ में हंसी-मजाक किया, एक-दूसरे को छेड़ा और खेलों में हिस्सा लिया। इन खेलों से परिवार के सदस्यों का मुकाबला करने वाला अंदाज सामने आता है, लेकिन असली मजा उनके रिएक्शन, हंसी और साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में है।''
प्लेबैक सिंगर अरमान मलिक का मानना है कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए बड़े सपने देखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी सब्र रखना और अपने पास मौजूद चीजों के लिए शुक्रगुजार होना भी है। कई बार हम दूसरों की कामयाबी देखकर अपने सफर की तुलना उनसे करने लगते हैं, लेकिन हर किसी की जिंदगी का रास्ता अलग होता है। अरमान ने अपने नए गाने 'सब्र' के जरिए इसी बात को सामने रखने की कोशिश की है।
यह गाना 'भूमि 2026' प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसके जरिए यह संदेश दिया गया है कि खुशी सिर्फ मंजिल तक पहुंचने में नहीं, बल्कि वहां तक पहुंचने के सफर को समझने और उसकी छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करने में भी है।
गाने का संगीत सलीम-सुलेमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल श्रद्धा पंडित ने लिखे हैं। 'सब्र' में धैर्य रखने, जिंदगी में मिली चीजों की कद्र करने और अपने सफर को अपनाने जैसे विचारों को जगह दी गई है।
अरमान मलिक के लिए यह गाना सिर्फ एक म्यूजिक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी अपनी जिंदगी से भी जुड़ा हुआ है। गाने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी धुन और इसके पीछे छिपे विचार ने उन्हें खास तौर पर प्रभावित किया। उन्होंने सलीम-सुलेमान के 'भूमि' प्रोजेक्ट के लिए इसे गाना अपने लिए एक चुनौती भी बताया।
अभिनेता गुरमीत चौधरी की फिल्म 'तुम मेरे हो' का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। रोमांस, एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म में गुरमीत एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं, टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकीं ईशा मालवीय इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। ट्रेलर में दोनों कलाकारों के किरदारों के बीच प्यार, दिल टूटने और भावनाओं से जुड़े कई पहलू देखने को मिल रहे हैं।
बता दें कि गुरमीत चौधरी ने होम प्रोडक्शन 'देब गुरु फिल्म्स' के तहत रेवा क्रिएटिव हाउस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। उन्होंने फिल्म को लेकर कहा, '''तुम मेरे हो' मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह निर्माता के तौर पर मेरी पहली फिल्म है। इसके जरिए मुझे ऐसी कहानी कहने का मौका मिला, जिस पर मैं सच में विश्वास करता हूं।" एक अभिनेता के रूप में मैं रोमांस, इमोशन्स और एक्शन के अलग-अलग रंगों वाले किरदार को निभाना चाहता था। वहीं, निर्माता के तौर पर मेरी कोशिश ऐसी दुनिया बनाने की थी, जिससे दर्शकों से भी जुड़ाव महसूस हो। मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूं कि दर्शक अब ट्रेलर देख सकेंगे और हमारी बनाई दुनिया का अनुभव कर पाएंगे।''
ट्रेलर में शानदार लोकेशन, बड़े स्तर पर फिल्माए गए सीन्स और कहानी की दिलचस्प झलक देखने को मिलती है। गुरमीत अपने किरदार के रोमांटिक हिस्सों में सादगी के साथ फीलिंग्स जाहिर करते नजर आते हैं, वहीं एक्शन सीन्स में उनका दमदार अंदाज भी दिखाई दिया।
अभिनेत्री शीबा चड्ढा माइक्रो ड्रामा 'लिखे जो खत तुझे' में नजर आ रही हैं। शुक्रवार को अभिनेत्री ने इसका हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की और इस प्लेटफॉर्म पर काम करने के अनुभव को भी शेयर किया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर 'लिखे जो खत तुझे' की शूटिंग की कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने अपने को-स्टार कुशा कपिला और प्रियांशु चटर्जी की तारीफ की। उन्होंने बताया कि वे दोनों कलाकारों के काम की बहुत बड़ी प्रशंसक रही हैं।
अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे लिए यह कहानी पहली नजर में ही दिल को छू लेने वाली थी। कुशा कपिला के साथ काम कर बहुत खुशी हुई, जिन्हें मैं हमेशा से बहुत पसंद करती रही हूं और प्रियांशु चटर्जी के लिए भी यही बात कह सकती हूं। बाकी सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने मुझे इस प्रोजेक्ट में शामिल होने के लिए साथ दिया। आप सभी को पूरे प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। खासकर हरी साड़ी के लिए कृपया हमें लिखते रहें।"
अमेजन प्राइम वीडियो की अपकमिंग क्राइम ड्रामा सीरीज 'चार यार' के मेकर्स ने शुक्रवार को रिलीज डेट की जानकारी दी। यह सीरीज 2000 के शुरुआती दौर की मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर सीरीज का पोस्टर शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "चार दोस्त, एक चोरी, और पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं 'चार यार' 23 अक्टूबर।"
2000 के दशक के शुरुआती दौर की मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी चार दोस्तों जय, टोनी, साहिल और समीर की है, जो अनजाने में मुंबई के अंडरवर्ल्ड और अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं। ये चारों दोस्त मध्यम वर्ग के जीवन, परिवार की जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच अपनी जिंदगी जीते हैं। उनकी साझा परेशानियां ही उनकी पक्की दोस्ती की नींव हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए