मनोरंजन

सिनेजीवन: संध्या थिएटर भगदड़ केस में अल्लू अर्जुन को समन और सलमान खान की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में टली सुनवाई

संध्या थिएटर भगदड़ मामले में नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने अल्लू अर्जुन को समन जारी करते हुए 22 जून को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। फिल्म निर्माताओं की ओर से अदालत में कहा गया कि उन्हें सलमान की तरफ से दाखिल की गई याचिका की कॉपी नहीं मिली है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

संध्या थिएटर भगदड़ केस में अल्लू अर्जुन को समन, 22 जून को अदालत में पेश होने का आदेश

संध्या थिएटर भगदड़ मामले में नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने मशहूर टॉलीवुड अभिनेता अल्लू अर्जुन को समन जारी करते हुए 22 जून को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

दरअसल, यह पूरा मामला 4 दिसंबर 2024 का है जब फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी। उसी दौरान अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया था और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठे थे।

इस मामले में कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 के तौर पर शामिल किया गया। कोर्ट की ओर से अब तक 19 आरोपियों को अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा जा चुका है।

जांच में पुलिस ने थिएटर मैनेजमेंट से जुड़े पहले 10 लोगों को आरोपी बनाया। इसके साथ ही अभिनेता के सुरक्षा में तैनात रहे 8 बाउंसरों को भी इस केस में शामिल किया गया।

Published: undefined

सलमान खान की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में टली सुनवाई, 'काला हिरण' मामले में अगली तारीख 1 जुलाई तय

फोटोः सोशल मीडिया

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की ओर से फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई टाल दी है। अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख 1 जुलाई तय की है।

फिल्म निर्माताओं की ओर से अदालत में कहा गया कि उन्हें सलमान खान की तरफ से दाखिल की गई पूरी याचिका की कॉपी अभी तक नहीं मिली है। उन्हें सिर्फ एक आवेदन की कॉपी दी गई है। इस पर जस्टिस मधु जैन ने सलमान खान के वकील को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि दूसरे पक्ष को याचिका की पूरी कॉपी उपलब्ध कराई जाए।

 इससे पहले की सुनवाई में अदालत ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था और उनसे जवाब मांगा था।

 यह पूरा विवाद फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' से जुड़ा है, जो सलमान खान से संबंधित बहुचर्चित ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही है। सलमान खान का आरोप है कि इस फिल्म में उनके नाम, छवि और व्यक्तित्व का बिना अनुमति उपयोग किया गया है, जो उनके पर्सनैलिटी राइट्स का सीधा उल्लंघन है।

Published: undefined

बाबा और तन्वी आजमी की शादी के 41 साल पूरे, शबाना आजमी ने शेयर की खूबसूरत तस्वीर

अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने भाई सिनेमैटोग्राफर और फिल्ममेकर बाबा आजमी और भाभी तन्वी आजमी को उनकी शादी की 41वीं सालगिरह पर शुभकामनाएं दी हैं। दंपति ने 18 जून को अपनी वैवाहिक जीवन की 41वीं वर्षगांठ मनाई। 

शबाना आजमी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाबा आजमी और तन्वी आजमी की एक खूबसूरत तस्वीर साझा की। तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं।

तस्वीर साझा करते हुए शबाना ने लिखा, “हैप्पी 41वीं वेडिंग एनिवर्सरी तन्वी और बाबा। जीते रहो, खुश रहो, बहुत सारा प्यार और दुआएं।”

 बाबा आजमी हिंदी फिल्म उद्योग के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर और फिल्ममेकर हैं। उन्होंने बतौर सिनेमैटोग्राफर कई सफल फिल्मों में काम किया है, जिनमें मिस्टर इंडिया, तेजाब, बेटा, दिल, पुकार और इश्क विश्क जैसी फिल्में शामिल हैं।

Published: undefined

फीफा वर्ल्ड कप में परफॉर्मेंस के बाद नोरा फतेही ने कहा, मैं खुशकिस्मत रही कि मुझे करियर में यादगार पल मिले

बॉलीवुड की डांसिंग दिवा नोरा फतेही ने कहा है कि वह खुशकिस्मत हैं कि उन्हें अपने करियर में कई यादगार पल देखने को मिले। फिर भी, फीफा वर्ल्ड कप में परफॉर्म करने जैसी बड़ी कामयाबी का जश्न अपने करीबी लोगों के साथ मनाने के इमोशनल अनुभव से किसी चीज की तुलना नहीं की जा सकती।

नोरा ने टोरंटो में दूसरे फीफा वर्ल्ड कप ओपनिंग सेरेमनी की कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें उनकी बहन, मां, भाई, हाई-स्कूल टीचर और दोस्त शामिल थे। मोरक्कन मूल की इस एक्ट्रेस ने वहां परफॉर्म किया था।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मैं आप लोगों के साथ यह शेयर करना चाहती थी। मैं एक दशक से ज़्यादा समय से परफ़ॉर्म कर रही हूं, मैं खुशकिस्मत रही हूं कि मुझे अपने करियर में कई बड़े पल मिले और मैंने उन्हें अपने कुछ पसंदीदा लोगों के साथ शेयर किया है!"

Published: undefined

‘इंडियन आइडल’ में शत्रुघ्न सिन्हा देव आनंद के साथ जुड़ी मेंटरशिप की कहानी करेंगे शेयर

म्यूजिक रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के आने वाले एपिसोड में मशहूर एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा अपने करियर के शुरुआती दिनों की दिल को छू लेने वाली यादें और दिग्गज दिवंगत एक्टर देव आनंद के साथ अपनी मेंटरशिप की यात्रा के बारे में बातें करते नजर आएंगे।

शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि उनके फिल्मी सफर की असली शुरुआत देव आनंद की वजह से हुई थी। उन्होंने कहा, "मेरी जिंदगी की शुरुआत देव साहब के साथ ही हुई थी। उन्होंने मुझे सिर्फ मौका ही नहीं दिया, बल्कि अपना आशीर्वाद भी दिया। उन्होंने अपनी फिल्म 'प्रेम पुजारी' में मुझे काम दिया था। भले ही वह छोटा रोल था, लेकिन उसी भूमिका ने मुझे पहचान दिलाई और लोगों ने मेरी खूब तारीफ की।"

उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्हें एक पाकिस्तानी किरदार निभाना था। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "फिल्म में 'फूलों के रंग से, दिल की कलम से' जैसा मशहूर गाना था। जब मैं उस फिल्म की शूटिंग के लिए गया और अपना संवाद बोला, तो वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। मेरे लिए वह पल बेहद खास था।"

शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया, "देव साहब मेरे पास आए और निर्देशक के सामने कहा कि किसी से प्रभावित होना अच्छी बात है, किसी से उत्साह और ऊर्जा लेना भी अच्छी बात है और सीखना भी जरूरी है, लेकिन कभी किसी की नकल मत करना। अपनी मौलिकता और पहचान हमेशा बनाए रखना।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined